क्रिस्टियानो रोनाल्डो के नाम एक और रिकॉर्ड, 10 हैट्रिक मारने वाले पहले फुटबॉल खिलाड़ी बने

रोनाल्डो ने करियर में 10 अंतर्राष्ट्रीय हैट्रिक पूरी करने का रिकॉर्ड बना दिया है।
रोनाल्डो ने करियर में 10 अंतर्राष्ट्रीय हैट्रिक पूरी करने का रिकॉर्ड बना दिया है।

अंतर्राष्ट्रीय फुटबॉल में रिकॉर्ड का बेताज बादशाह पुर्तगाल के क्रिस्टियानो रोनाल्डो को माना जाता है और रोनाल्डो ने अब एक और रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है। लग्जम्बर्ग के खिलाफ खेले गए विश्व कप क्वालिफायर मुकाबले में रोनाल्डो ने हैट्रिक लगाकर ये कारनामा किया है। रोनाल्डो इतिहास के पहले फुटबॉल खिलाड़ी हैं जिन्होंने 10 अंतर्राष्ट्रीय हैट्रिक मारी हो। रोनाल्डो के 3 गोल की बदौलत पुर्तगाल ने लग्जम्बर्ग को 5-0 से रौंद दिया।

2 पेनल्टी गोल में बदलीं

रोनाल्डो ने अपने शुरुआती 2 गोल पेनेल्टी की बदौलत किए। 8वें और 13वें मिनट में मिली पेनेल्टी को गोल में तब्दील करने में रोनाल्डो को कोई दिक्कत नहीं आई। इसके बाद 18वें मिनट में बर्नान्डो सिल्वा से मिले पास को ब्रूनो फर्नान्डिज ने गोल पोस्ट के अंदर डाला और पुर्तगाल की बढ़त 3-0 की हो गई। दूसरे हाफ में 69वें मिनट में जोआओ पल्हिन्हा ने गोल किया तो 87वें मिनट में मैच खत्म होने से थोड़ी देर पहले रोनाल्डो फिर फॉर्म में आए और इस बार रूबेन नेवेस के असिस्ट की बदौलत गोल किया और अपनी हैट्रिक पूरी की।

ब्रूनो फर्नान्डिज ने भी एक गोल और एक असिस्ट करते हुए शानदार प्रदर्शन किया।
ब्रूनो फर्नान्डिज ने भी एक गोल और एक असिस्ट करते हुए शानदार प्रदर्शन किया।

36 साल के रोनाल्डो का खेल लगातार बेहतर होता जा रहा है। कुछ ही दिन पहले रोनाल्डो ने सर्वाधिक अंतर्राष्ट्रीय गोल का रिकॉर्ड अपने नाम किया था और अब वो लगातार इस रिकॉर्ड की गोल संख्या में इजाफा कर रहे हैं। फिलहाल उनके अंतर्राष्ट्रीय गोल की संख्या 115 है। खास बात ये है कि लग्जम्बर्ग के खिलाफ ये रोनाल्डो के करियर का 9वां गोल है। रोनाल्डो के फुटबॉल करियर की ये 58वीं हैट्रिक है और पुर्तगाल के लिए खेलते हुए 10वीं बार इस खिलाड़ी ने हैट्रिक लगाई है। रोनाल्डो के फुटबॉल करियर में कुल मिलाकर 793 गोल हैं और वो 800 करियर गोल करने की ओर तेजी से बढ़ रहे हैं।

रोनाल्डो 800 करियर गोल करने से सिर्फ 7 गोल दूर हैं।
रोनाल्डो 800 करियर गोल करने से सिर्फ 7 गोल दूर हैं।

रोनाल्डो ने इससे पहले 9 हैट्रिक 8 अलग-अलग देशों के खिलाफ लगाई हैं। इनमें लिथुआनिया ऐसा देश है जिसके खिलाफ वह 2 बार हैट्रिक मार चुके हैं। लिथुआनिया और लग्जम्बर्ग के अलावा रोनाल्डो ने उत्तरी आयरलैंड, स्वीडन, अर्मीनिया, अंडोरा, फरोए आईलैंड, स्पेन और स्विट्जरलैंड के खिलाफ अंतर्राष्ट्रीय मुकाबलों में कम से कम 3 गोल किए हैं।

क्वालिफाय करने की होड़

अन्य फेडरेशन की तरह ही यूरोप के फुटबॉल फेडरेशन वाले देशों के बीच 2022 फुटबॉल विश्व कप के लिए क्वालिफाय करने के लिए मुकाबले चल रहे हैं। 55 टीमों को 6 ग्रुप में बांटा गया है। क्वालिफिकेशन के लिए इन मुकाबलों के साथ ही हाल ही में हुई नेशंस लीग का प्रदर्शन भी देखा जाएगा। पुर्तगाल ग्रुप ए में है और सर्बिया के साथ ही प्ले-ऑफ तक पहुंच गया है। फिलहाल यूरोपीय देशों में जर्मनी और डेनमार्क ने विश्व कप 2022 में अपनी जगह पक्की की है।

Edited by निशांत द्रविड़