Asian Games 2018: खेल मंत्रालय ने 804 सदस्यीय भारतीय दल को दी मंजूरी

18 अगस्त से जकार्ता में शुरु होने वाले एशियन गेम्स के लिए खेल मंत्रालय ने 804 सदस्यीय भारतीय दल को मंजूरी दे दी है। भारतीय ओलंपिक एसोसिएशन ने जिन नामों की सिफारिश की थी, मंत्रालय की तरफ से उन सबको मंजूरी मिल गई।जो 572 खिलाड़ी 36 खेलों में हिस्सा लेंगे उनमें से 312 पुरुष खिलाड़ी हैं, जबकि 260 महिला खिलाड़ी हैं। हालांकि मंत्रालय सिर्फ 755 सदस्यों का खर्चा ही उठाएगा। 232 में से 49 अधिकारियों का खर्च मंत्रालय नहीं वहन करेगा। मंत्रालय का कहना है कि 49 अधिकारी अपने खर्चे पर जकार्ता जा सकते हैं। मंत्रालय सिर्फ 572 खिलाड़ियों, 183 अधिकारियों, 119 कोचों, 21 डॉक्टरों और फिजियोथैरेपिस्ट और 43 अन्य अधिकारियों का खर्च वहन करेगा। सरकार 26 मैनेजरों का खर्च नहीं उठाएगी। इनके अलावा तीन कोचों और 20 अन्य अधिकारियों को भी इस शर्त पर मंजूरी दी गई है कि उनका खर्च सरकार नहीं उठायेगी। बैडमिंटन स्टार साइना नेहवाल और पी वी सिंधू के फिजियो दल में शामिल है और उनका खर्च सरकार उठायेगी। निशानेबाज हिना सिद्धू के पति अैर कोच रौनक पंडित और जिम्नास्टिक स्टार दीपा करमाकर के कोच बिशेश्वर नंदी भी सरकारी खर्च पर जायेंगे। सबसे ज्यादा 50 खिलाड़ी एथलेटिक्स से इस बार भाग ले रहे हैं और उनका दल कुल मिलाकर 75 लोगों का है। वहीं हॉकी इस मामले में तीसरे नंबर पर हैं। वहां से कुल मिलाकर 36 खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं और उनका 51 लोगों का पूरा दल है।