FIH Series Finals 2019: भारत ने खिताब पर कब्ज़ा किया, फाइनल में दक्षिण अफ्रीका को 5-1 से हराया 

भारतीय हॉकी टीम अब टोक्यो ओलंपिक्स से एक कदम दूर
भारतीय हॉकी टीम अब टोक्यो ओलंपिक्स से एक कदम दूर

भारतीय हॉकी टीम ने भुवनेश्वर में खेले गए FIH सीरीज फाइनल्स के फाइनल में दक्षिण अफ्रीका को 5-1 से हराकर खिताब पर कब्ज़ा किया। फाइनल में पहुंचने के कारण भारत और दक्षिण अफ्रीका की टीम ने साथ ही ओलम्पिक क्वालीफ़ायर के लिए भी क्वालीफाई कर लिया। भारतीय हॉकी टीम अब 2020 टोक्यो ओलंपिक्स में क्वालीफाई करने से सिर्फ एक कदम पीछे है।

भारतीय टीम पूरे टूर्नामेंट में अजेय रही और 5 में से 5 मुकाबले जीते। ग्रुप स्टेज में भारतीय टीम ने रूस को 10-0, पोलैंड को 3-1 और उज़्बेकिस्तान को 10-0 से हराया था। सेमीफाइनल में भारतीय टीम ने जापान को 7-2 से हराकर फाइनल में जगह बनाई थी।

दक्षिण अफ्रीका ने ग्रुप स्टेज में सिर्फ मेक्सिको को 6-0 से हराया था और उन्हें यूनाइटेड स्टेट्स और जापान ने 2-0 से हराया था। दूसरे राउंड में दक्षिण अफ्रीका ने रूस को 2-1 से हराकर सेमीफाइनल में जगह बनाई और सेमीफाइनल में यूनाइटेड स्टेट्स को 2-1 से हराते हुए फाइनल में जगह बनाई थी।

फाइनल मुकाबले में भारत की तरफ से वरुण कुमार ने दूसरे और 49वें, हरमनप्रीत सिंह ने 11वें और 25वें एवं विवेक सागर प्रसाद ने 35वें मिनट में गोल किया। दक्षिण अफ्रीका की तरफ से एकमात्र गोल रिचर्ड पॉटज़ ने 53वें मिनट में किया।

टूर्नामेंट में भारत के हरमनप्रीत सिंह और वरुण कुमार एवं रूस के सेमेन मैटकोवस्की ने सबसे ज्यादा 6-6 गोल किये। मनप्रीत सिंह को टूर्नामेंट का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी चुना गया। विवेक सागर को सर्वश्रेष्ठ युवा खिलाड़ी और यूनाइटेड स्टेट्स के जोनाथन क्लागस को सर्वश्रेष्ठ गोलकीपर चुना गया।

2020 टोक्यो ओलंपिक्स के क्वालीफ़ायर में 14 टीमें हिस्सा लेंगी। अक्टूबर-नवंबर 2019 में सात अलग शहरों में मुकाबले खेले जाएंगे और इसमें से सात टीमें ओलंपिक्स के लिए क्वालीफाई कर जाएंगी। गौरतलब है कि टोक्यो ओलंपिक्स में 12 टीमें हिस्सा लेंगी।

Quick Links

Edited by निशांत द्रविड़