भारत लगातार दूसरी बार करेगा हॉकी वर्ल्ड कप की मेजबानी

हॉकी वर्ल्ड कप ट्रॉफी (Photo-Go)
हॉकी वर्ल्ड कप ट्रॉफी (Photo-Google)

2023 में होने वाले पुरुष हॉकी वर्ल्ड कप की मेजबानी भारत करेगा। अंतर्राष्ट्रीय हॉकी फेडरेशन ने इसका ऐलान किया। ये लगातार दूसरी बार होगा जब भारत हॉकी वर्ल्ड कप की मेजबानी करेगा। 2018 में हुआ पिछला वर्ल्ड कप भी ओडिशा में खेला गया था। वहीं 4 बार मेंस हॉकी वर्ल्ड कप की मेजबानी करने वाला भारत दुनिया का पहला देश बन जाएगा। इससे पहले 1982 (मुंबई), 2010 (दिल्ली) और 2018 (ओडिशा) में भारत हॉकी वर्ल्ड कप की मेजबानी कर चुका है।

एफआईएच के मुताबिक 2023 का वर्ल्ड कप भारत में 13 से 29 जनवरी के बीच खेला जाएगा। वहीं 2022 के महिला हॉकी वर्ल्ड कप की मेजबानी संयुक्त रुप से नीदरलैंड और स्पेन करेंगे। इंटरनेशनल हॉकी फेडरेशन ने ट्वीट कर इसकी जानकारी दी।

आजादी के 75 वर्षगांठ पूरे होने के मौके पर भारत एक बार फिर से हॉकी वर्ल्ड कप का आयोजन करना चाहता था, ताकि वो दुनिया को दिखा सके की भारत में हॉकी कितना लोकप्रिय है।

हॉकी इंडिया के प्रेसिडेंट मोहम्मद मुश्ताक अहमद ने इस मौके पर कहा कि 2023 मेंस हॉकी वर्ल्ड कप के लिए बिड जीतकर हम सभी काफी खुश हैं। जब हमने बिड में हिस्सा लिया था तो आजादी के 75 वर्षगांठ पूरे होने पर हम देश को सेलिब्रेट करने का एक और मौका देना चाहते थे। इससे बड़ा सेलिब्रेशन और क्या हो सकता है कि भारत के राष्ट्रीय खेल के वर्ल्ड कप का आयोजन भारतीय सरजमीं पर होगा। 2018 में ओडिशा में हुए हॉकी वर्ल्ड कप को काफी सफलता मिली थी और एक बार फिर से हम सफलतापूर्वक इसकी मेजबानी करना चाहते हैं। हम इस बार और ज्यादा बेहतर तरीके से इसका आयोजन करेंगे।

आपको बता दें कि बिडिंग में भारत के अलावा बेल्जियम और मलेशिया ने भी दावेदारी पेश की थी लेकिन अंत में भारत ने मेजबानी करने का गौरव हासिल किया। हालांकि सभी मैच किस शहर में खेले जाएंगे इसका ऐलान बाद में किया जाएगा।

Edited by सावन गुप्ता