भारतीय हॉकी खिलाड़ी युवराज वाल्मिकी के घर में भरा पानी, वीडियो के जरिये मांगी मदद

युवराज वाल्मिकी
युवराज वाल्मिकी

भारतीय हॉकी टीम से बाहर चल रहे युवराज वाल्मिकी भी मुंबई की बारिश का शिकार बने। मुंबई में भारी बारिश के चलते युवराज वाल्मिकी के घर में पानी भर गया। हॉकी खिलाड़ी ने वीडियो के जरिये लोगों से मदद की गुहार लगाई। युवराज वाल्मिकी ने अपने आधिकारिक ट्विटर अकाउंट पर एक वीडियो पोस्‍ट करके मदद मांगी। बता दें कि इस वीडियो में साफ दिख रहा है कि युवराज वाल्मिकी के फ्लैट के ड्राइंग रूम में टखने तक पानी भर चुका है, जिसे वह बाहर निकालने की जद्दोजहद में लगे हुए हैं। युवराज वाल्मिकी ने 28 सेकंड के वीडियो में बृ्ह्न्‍न मुंबई नगर निगम के अलावा महाराष्‍ट्र के पर्यटन मंत्री आदित्‍य ठाकरे से भी मदद मांगी।

पता हो कि मुंबई और आसपास के इलाके में तेज बारिश के कारण रेड अलर्ट जारी कर दिया गया है। मौसम विभाग ने अनुमान लगाया है कि गुरुवार को भी तेज बारिश हो सकती है। 30 साल के युवराज वाल्मिकी ने हेग में 2014 विश्‍व कप में भारतीय हॉकी टीम का प्रतिनिधित्‍व किया था। उनके भाई दविंदर वाल्मिकी ने भी डिफेंडर के रूप में भारतीय हॉकी टीम का प्रतिनिधित्‍व किया है।

देखिए युवराज वाल्मिकी का पोस्‍ट

युवराज वाल्मिकी ने कम समय में हासिल की लोकप्रियता

युवराज वाल्मिकी ने अपने छोटे से करियर में काफी शोहरत हासिल कर ली थी। वह उस भारतीय टीम का हिस्‍सा थे, जिसने 2011 एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी खिताब जीता था। फिर 2014 विश्‍व कप में उन्‍होंने भारत का प्रतिनिधित्‍व किया। वैसे, युवराज वाल्मिकी इकलौते भारतीय हॉकी खिलाड़ी हैं, जिन्‍होंने लगातार 4 साल जर्मन हॉकी लीग में हिस्‍सा लिया है। इसके अलावा वह पहले भारतीय हॉकी खिलाड़ी हैं, जिन्‍होंने रिएलिटी शो (फियर फैक्‍टर) खतरों के खिलाड़ी सीजन 7 में हिस्‍सा लिया था। युवराज डीजीएस एनजीओ के ब्रांड एम्‍बेस्‍डर भी हैं।

जब युवराज वाल्मिकी के बारे में धनराज पिल्‍ले ने किया था खुलासा

युवराज वाल्मिकी के भारतीय हॉकी जगत में हिट होने की एक और वजह थी उनका असाधारण जगह से आना। महान हॉकी खिलाड़ी धनराज पिल्‍ले ने युवराज वाल्मिकी के बारे में एक बड़ा खुलासा किया था। पिल्‍ले ने बताया था कि युवराज के घर में 35-40 साल से बिजली नहीं थी। उन्‍होंने एक कार्यक्रम में कहा, 'मैं यह पहली बार किसी को बताने जा रहा हूं। युवराज वाल्मिकी के घर पर करीब 35-40 सालों से बिजली नहीं थी। उस समय अजित पवार महाराष्‍ट्र सरकार में थे। मैं युवराज के साथ उनसे मिलने गया और अजित दादा के कार्यालय से निकलने के बाद जब मैं घर पहुंचा तो तीन घंटे के भीतर ही उनके घर पर बिजली आई।' युवराज का जन्‍म एक बेहद साधारण परिवार में हुआ था।

युवराज वाल्मिकी की उपलब्धियां

  • ऑस्‍ट्रेलियाई ब्रांड रिचुअल के पहले भारतीय ब्रांड एम्‍बेस्‍डर
  • मुंबई में डू गुड स्‍पोर्ट्स (एनजीओ) के ब्रांड एम्‍बेस्‍डर
  • जर्मन हॉकी लीग में लगातार चार साल खेलने वाले इकलौते भारतीय खिलाड़ी
  • जर्मन लीग में लगातार दो साल (2010-2011) सबसे ज्‍यादा गोल करने वाले खिलाड़ी
  • 2004-2007 तक मुंबई हॉकी लीग के सर्वश्रेष्‍ठ खिलाड़ी रहे।

Quick Links