प्रो कबड्डी 2019. मैच 22: यू-मुंबा ने गुजरात फॉर्च्यूनजायंट्स को 32-20 से बुरी तरह हराया

यू मुंबा ने जबरदस्त जीत हासिल की
यू मुंबा ने जबरदस्त जीत हासिल की

प्रो कबड्डी लीग के 22वें मुकाबले में यू-मुंबा ने गुजरात फॉर्च्यूनजायंट्स को 20-32 से बुरी तरह हरा दिया। अपने होम लेग के आखिरी दिन यू-मुंबा ने बेहतरीन खेल दिखाया और इस जीत के साथ ही अंक तालिका में पहला स्थान हासिल कर लिया है। वहीं गुजरात फॉर्च्यूनजायंट्स की इस सीजन में ये पहली हार है।

पहले हाफ के शुरूआती 6 मिनट तक यू मुंबा 6-5 से आगे थी। गुजरात फॉर्च्यूनजायंट्स के लिए सबसे बड़ी दिक्कत ये थी कि उनके मुख्य रेडर सचिन बिल्कुल भी नहीं चल रहे थे। दोनों टीमों का डिफेंस ज्यादा बेहतरीन खेल दिखा रहा था। यू मुंबा के लिए सुरेंदर सिंह बेहतरीन टैकल कर रहे थे। हाफ टाइम तक स्कोर 9-7 से यू-मुंबा के पक्ष में रहा। पहले हाफ में यू मुंबा के लिए सुरेंदर सिंह और अभिषेक सिंह ने 4-4 प्वाइंट लिए, जबकि गुजरात फॉर्च्यूनजायंट्स की तरफ से अंकित ने डिफेंस में सबसे ज्यादा 3 प्वाइंट लिए।

दूसरे हाफ की शुरूआत में ही गुजरात फार्च्यूजायंट्स ने सुपर टैकल स्कोर 9-9 से बराबर कर लिया। हालांकि इसके तुरंत बाद यू-मुंबा ने भी टैकल कर दोबारा एक प्वाइंट की बढ़त बना ली। इसके बाद यू मुंबा ने मैच पर अपनी पकड़ मजबूत कर ली और 5वें मिनट में ही गुजरात को ऑल आउट कर 6 प्वाइंट की बढ़त बना ली। इसी बीच फजल अत्राचली ने प्रो कबड्डी लीग के इतिहास में अपने 250 टैकल प्वाइंट भी पूरे कर लिए।

रोहित बालियान ने 7वें मिनट में सुपर रेड कर यू-मुंबा को 18-10 से 8 प्वाइंट की एक बड़ी बढ़त दिला दी। इसके बाद आमतौर पर डिफेंस में नजर आने वाले सुरेंदर सिंह ने और सुपर रेड कर यू-मुंबा को करीब 10 प्वाइंट की बढ़त दिला दी और 16वें मिनट में एक बार मुंबई ने गुजरात को ऑल आउट कर 13 प्वाइंट की बड़ी बढ़त ले ली और अपनी जीत लगभग सुनिश्चित भी कर ली। फुल टाइम तक स्कोर 32-20 से य़ु-मुंबा के पक्ष में रहा।

यू मुंबा के लिए सुरेंदर सिंह ने जहां डिफेंस में हाई फाइव लगाया तो वहीं रेडिंग में भी 4 प्वाइंट लिए। वहीं अभिषेक सिंह ने भी 6 प्वाइंट लिए। गुजरात की तरफ से जीबी मोरे और अंकित ही 3-3 प्वाइंट ले पाए।

Quick Links

Edited by सावन गुप्ता