प्रो कबड्डी 2019, 130वां मैच: फजल अत्राचली औऱ संदीप नरवाल के ऐतिहासिक प्रदर्शन से मुंबई की जीत, अंक तालिका में फेरबदल 

हरियाणा का यह आखिरी लीग मुकाबला
हरियाणा का यह आखिरी लीग मुकाबला

प्रो कबड्डी 2019 के 130वें मुकाबले में यू मुंबा ने हरियाणा स्टीलर्स को 38-33 से हराया औऱ वो अंक तालिका में 69 अंकों के साथ चौथे स्थान पर आ गए हैं। दूसरी तरफ हरियाणा की टीम 71 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर बने हुए हैं। मुंबई के लिए इस मैच में फजल ने 8, तो संदीप ने 5 टैकल पॉइंट्स लिए।

मुंबई के कप्तान फजल अत्राचली ने अपने 100वें मुकाबले में 300 टैकल पॉइंट्स को पूरा किया और उनके साथी संदीप नरवाल ने भी अपने 122वें मुकाबले में 300 टैकल पॉइंट्स औऱ करियर के 550 पॉइंट्स पूरे किए। यह दोनों 300 टैकल पॉइंट्स लेने वाले मंजीत छिल्लर और रविंदर पहल के बाद तीसरे और चौथे खिलाड़ी हैं।

पहले हाफ में दोनों टीमों का स्कोर 15-15 से बराबरी पर रहा। यू मुंबा और हरियाणा स्टीलर्स के डिफेंस ने बेहतरीन प्रदर्शन किया। एक तरफ जहां मुंबई के कप्तान फजल अत्राचली ने पहले ही हाफ में अपना हाई 5 पूरा किया, तो संदीप नरवाल ने भई 4 पॉइंट हासिल किए थे। दूसरी तरफ स्टीलर्स के लिए रवि कुमार ने 4 अंक हासिल किए। विनय ने भी रेड करते हुए 5 अंक हासिल किए। हालांकि विकास कंडोला फ्लॉप रहे और सिर्फ एक अंक हासिल कर पाए।

दूसरे हाफ की शुरुआत हरियाणा स्टीलर्स ने बेहतरीन तरीके से की और उन्होंने 24वें मिनट में मुंबई को पहली बार ऑलआउट किया। डॉन्ग जियोन ली ने एक बार टीम को बचाया, लेकिन दूसरी बार वो आउट हो गए। ऑलआउट होने के बाद मुंबई ने शानदार वापसी की और 28वें मिनट में हरियाणा को ऑलआउट किया। इसी के साथ संदीप नरवाल ने भी हाई 5 पूरा किया। हरियाणा के रेडर विनय ने भी अपना सुपर 10 पूरा किया। अंत में यह मुकाबला काफी करीबी आया, लेकिन मुंबई ने इस मैच को जीता। हरियाणा ने अपने लीग स्टेज का अंत हार के साथ किया।

Quick Links