ओलंपिक प्रमुख थॉमस बाख ने टोक्‍यो गेम्‍स के लिए 'धैर्य' रखने को कहा

आईओसी अध्यक्ष थॉमस बाख
आईओसी अध्यक्ष थॉमस बाख

अंतरराष्‍ट्रीय ओलंपिक समिति (आईओसी) अध्यक्ष थॉमस बाख ने इस साल टोक्यो ओलंपिक और पैरालिंपिक खेलों के आयोजन को लेकर आईओसी की प्रतिबद्धता को दोहराया है और साथ ही कहा कि बीजिंग 2022 शीतकालीन खेलों की तैयारी का काम भी तेजी से आगे बढ़ रहा है। बाख ने टोक्यो ओलंपिक को टालने संबंधी अटकलों को सिरे से खारिज कर दिया है। बाख ने एक संवाददाता सम्मेलन में कहा, 'हम टोक्यो 2020 ओलंपिक और पैरालम्पिक खेलों के सफल और सुरक्षित आयोजन के लिए प्रतिबद्ध हैं।'

याद हो कि टोक्यो ओलंपिक का आयोजन बीते साल होना था, लेकिन कोरोना महामारी के कारण इसे एक साल के लिए टाल दिया गया था। अब इसका आयोजन 23 जुलाई से 8 अगस्त तक होना है। वहीं बीजिंग 2022 शीतकालीन खेलों के बारे में बातचीत करते हुए हुए आईओसी प्रमुख थॉमस बाख ने कहा, 'हम कह सकते हैं, एक साल पहले भी सभी आयोजन स्थल तैयार हैं और आयोजकों की तकनीकी तैयारी उत्कृष्ट है। महामारी से उत्पन्न चुनौतियों के बावजूद, बीजिंग 2022 के सभी 12 आयोजन स्थलों का काम पूरा कर लिया गया है। बीजिंग और सह-मेजबान झांगजीकाओ को जोड़ने वाली एक उच्च गति वाली रेलवे अब चालू है, और लगभग 10 लाख स्वयंसेवक आवेदन प्राप्त हुए हैं।'

बाख ने कहा कि प्लान-बी के बारे में अटकलें हैं। कुछ लोग ओलंपिक खेलों को वर्ष 2032 तक स्थगित करने का प्रस्ताव भी रख रहे हैं, लेकिन ये सभी अटकलें उन एथलीटों को आहत कर रही हैं जो पहले से ही अपने दैनिक प्रशिक्षण और प्रतियोगिता में चुनौतियों का सामना कर चुके हैं। बाख ने कहा, 'हम कयासों पर अपना समय और ऊर्जा नहीं बर्बाद करेंगे। हम इस पर काम कर रहे हैं कि खेल कैसे होंगे, हम इस साल 23 जुलाई को उद्घाटन समारोह पर पूरा ध्यान केंद्रित कर रहे हैं।'

टोक्यो ओलंपिक टेस्ट इवेंट एक महीने के लिए स्‍थगित

टोक्यो ओलंपिक टेस्ट इवेंट को एक महीने आगे के लिए स्‍थगित कर दिया गया है। टोक्‍यो ओलंपिक टेस्‍ट इवेंट का आयोजन अब मार्च की बजाय अप्रैल में होगा। आयोजनकर्ताओं ने गुरुवार को इसकी जानकारी दी। समाचार एजेंसी सिन्हुआ की रिपोर्ट के मुताबिक, टोक्यो ओलंपिक के लिए फाइनल आर्किस्टिक स्वीमिंग क्वालीफायर का आयोजन चार से सात मार्च तक होना था।

मगर टोक्यो और अन्य 10 राज्यों में मौजूदा आपातकाल के कारण यात्रा प्रतिबंधों को देखते हुए इसका आयोजन अब एक से चार मई तक होगा। टोक्यो 2020 आयोजन समिति ने घोषणा की है कि ओलंपिक और पैरालंपिक खेलों के लिए पहले 18 टेस्ट इवेंट का आयोजन अब तीन से चार अप्रैल तक किया जाएगा। इसके बाद 18 से 23 अप्रैल तक फिना डाइविंग विश्व कप का आयोजन टोक्यो एथलेटिक्स सेंटर में किया जाएगा, जोकि एक ओलंपिक क्वालीफाइंग टूर्नामेंट भी है।