क्रिस्टियानो रोनाल्डो के नाम सबसे ज्यादा अंतरराष्ट्रीय गोल, ईरानी दिग्गज का रिकॉर्ड तोड़ा 

ऐतिहासिक गोल कर विश्व रिकॉर्ड बनाने के बाद रोनाल्डो
ऐतिहासिक गोल कर विश्व रिकॉर्ड बनाने के बाद रोनाल्डो

स्टार फुटबॉल खिलाड़ी क्रिस्टियानो रोनाल्डो पिछले हफ्ते फुटबॉल क्लब बदले जाने से चर्चा में थे और अब उन्होंने अंतर्राष्ट्रीय मुकाबलों में सबसे ज्यादा गोल करने वाले खिलाड़ी होने का दर्जा हासिल कर लिया है। 37 साल के इस पुर्तगाली खिलाड़ी ने विश्व कप 2022 के क्वालिफायिंग मुकाबले में आयरलैंड के विरुद्ध पुर्तगाल के लिए 2 गोल दागे और टीम को जीत दिलाने के साथ ही कुल 111 अंतर्राष्ट्रीय गोल का कीर्तिमान अपने नाम कर लिया। इससे पहले रोनाल्डो और ईरान के फुटबॉलर अली दैई 109 अंतर्राष्ट्रीय गोल के साथ संयुक्त रूप से पहले नंबर पर थे।

आखिरी मिनटों में किया कारनामा

आयरलैंड के साथ विश्व कप के यूरोपीय क्वालिफाइंग मुकाबले में 15वें मिनट में ही रोनाल्डो के पास गोल का मौका था लेकिन वो पेनेल्टी को गोल में बदल नहीं पाए। इसके बाद आयरलैंड के जॉन ईगन ने गोल दागकर पुर्तगाल के खिलाफ 1-0 की बढ़त दिला दी। रोनाल्डो ने काफी मशक्कत के बाद 89वें मिनट में गोल दागकर टीम को 1-1 की बराबरी पर ला दिया और 110 अंतर्राष्ट्रीय गोल कर सर्वाधिक गोल का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। इसके बाद एक्स्ट्रा टाईम में शानदार गोल कर न सिर्फ टीम को 2-1 की निर्णायक बढ़त दिलाई बल्कि अपने कुल अंतर्राष्ट्रीय गोल का आंकड़ा 111 पर पहुंचा दिया। नवंबर 2022 में कतर फुटबॉल विश्व कप की मेजबानी करेगा। जून 2022 तक क्वालिफाइंग टूर्नामेंट होंगे और कुल 32 टीमें हिस्सा लेंगी। कतर मेजबान होने के नाते पहले ही क्वालिफाय कर चुका है।

आयरलैंड के खिलाफ रोनाल्डो ने पुर्तगाल की ओर से निर्णायक गोल किया।
आयरलैंड के खिलाफ रोनाल्डो ने पुर्तगाल की ओर से निर्णायक गोल किया।

रोनाल्डो का ये 180वां मैच था। इस लिहाज से उन्होंने पुर्तगाल के लिए प्रति मैच 0.62 गोल किए हैं। ईरान के अली देई ने अभी तक 149 मैच खेले हैं और 109 गोल उनके नाम हैं। 2006 में देई रिटायर हो गए थे, ऐसे में इसी साल यूरो 2020 के दौरान रोनाल्डो ने 109 गोल के देई के रिकॉर्ड की बराबरी की थी और फैंस विश्व कप क्वालिफाइंग टूर्नामेंट का इंतजार कर रहे थे ताकि रोनाल्डो ये रिकॉर्ड तोड़ सकें। अर्जेंटीना के स्टार खिलाड़ी लायोनल मेस्सी के नाम 151 मैचों में 76 अंतर्राष्ट्रीय गोल हैं जबकि भारत के सुनील छेत्री 74 गोल के साथ लिस्ट में 12वें नंबर पर हैं।

रिकॉर्ड के बादशाह हैं रोनाल्डो

वैसे रिकॉर्ड बनाना रोनाल्डो की फितरत है। रोनाल्डो के नाम चैंपियंस लीग में सबसे ज्यादा 134 गोल बनाने का रिकॉर्ड है, जबकि UEFA यूरो कप में भी रोनाल्डो के नाम सबसे ज्यादा 14 गोल हैं। रोनाल्डो बैलन डिओर जीतने के मामले में यूरोपीय खिलाड़ियों में सबसे आगे हैं और 5 बार ये जीत चुके हैं। कुछ ही दिन पहले रोनाल्डो युवांटेस फुटबॉल क्लब छोड़कर अपने पुराने और पहले फुटबॉल क्लब मैनचेस्टर यूनाईटेड में शामिल हुए हैं, ऐसे में सर्वाधिक गोल का रिकॉर्ड बनाने पर रोनाल्डो के फैंस खासे उत्साहित हैं। रोनाल्डो के रिकॉर्ड के बाद उन्हें सोशल मीडिया पर लगातार बधाई मिल रही हैं।

Edited by निशांत द्रविड़