डेविस कप: पेस-साकेत की जोड़ी को नडाल-लोपेज़ ने दी शिकस्त, भारत की आख़िरी उम्मीद भी ख़त्म

भारत के लियेंडर पेस और साकेत मायननी की जोड़ी ने डेविस कप के दूसरे दिन स्पेन के रफ़ाल नडाल और मार्क लोपेज़ की जोड़ी के ख़िलाफ़ कड़ा संघर्ष किया, लेकिन अंत में जीत स्पेन की स्टार जोड़ी की हुई। भारतीय जोड़ी को 6-4, 6-7, 4-6, 4-6 से हार नसीब हुई। 3 घंटे 20 मिनट चले इस मुक़ाबले में पहला सेट भारतीय जोड़ी ने अपने नाम कर लिया था। दूसरे सेट में भी पेस-साकेत ने कड़ी टक्कर देते हुए मुक़ाबला टाई ब्रेकर तक ले गए, लेकिन अनुभवी नडाल-लोपेज़ ने जीत टाई ब्रेक में जीत हासिल करते हुए स्कोर 1-1 से बराबर कर लिया था। हाल ही में हुए रियो ओलंपिक्स 2016 में स्पेन की इस जोड़ी ने स्वर्ण पदक हासिल किया था, और उनके ख़िलाफ़ भारत का इस तरह का प्रदर्शन सही मायनो में शानदार था। लियेंडर पेस ने कोशिश काफ़ी की, लेकिन उनके जोड़ीदार साकेत मायननी जो वर्ल्ड नंबर-119 हैं, वह लगातार निराश कर रहे थे। 43 वर्षीय लियेंडर पेस पर उम्र का कोई प्रभाव नहीं दिख रहा था, और क़रीब क़रीब अकेले दम पर राफ़ेल नडाल और उनके जोड़ीदार को टक्कर देते हुए दिल्ली की जनता को ख़ुश होने का मौक़ा दे रहे थे। पहला सेट भारतीय जोड़ी ने बड़े ही आसानी से 6-4 से अपने नाम कर लिया था। इसके बाद दूसरे सेट में लगातार अच्छा प्रदर्शन करते हुए स्कोर 6-6 तक ले आए थे, लेकिन टाई ब्रेकर में नडाल-लोपेज़ भारतीय जोड़ी पर हावी रहे और एक समय 5-0 की बढ़त बना ली थी। बाद में दूसरा सेट टाई ब्रेक के ज़रिए 7-6 (7-2) से अपने नाम किया। तीसरा सेट अहम हो चुका था, जहां स्पैनिश जोड़ी ने अपना अनुभव दिखाते हुए भारतीय जोड़ी पर हर विभाग में हावी रहे और मुक़ाबला आसानी से 6-4 से जीत लिया। चौथा सेट भारतीय जोड़ी के लिए बेहद अहम हो गया था, उम्मीद थी कि इस सेट को जीतक मैच पांचवें सेट तक पेस-मायननी ले जाएंगे। लेकिन चौथे सेट में एक बार फिर स्पैनिश जोड़ी ने भारतीय जोड़ी के हर दांव का जवाब शानदार अंदाज़ में देते गए और 6-4 से सेट जीतने के साथ मुक़ाबला भी अपने नाम कर लिया। इसी के साथ भारत की उम्मीद डेविस कप में ख़त्म हो गई। इससे पहले शुक्रवार को भी भारत को अपने दोनों सिंगल्स मुक़ाबले में हार का सामना करना पड़ा था। इस तरह स्पेन ने भारत पर 3-0 की अजेय बढ़त बना ली है।