राफेल नडाल ने दुनिया के नंबर-1 नोवाक जोकोविच को मात देकर 10वीं बार जीता रोम खिताब

राफेल नडाल
राफेल नडाल

स्‍पेन के दिग्‍गज टेनिस खिलाड़ी राफेल नडाल ने दुनिया के नंबर-1 नोवाक जोकोविच को रविवार को इटालियन ओपन फाइनल में मात देकर 10वीं बार रोम खिताब जीता। इसी के साथ राफेल नडाल ने दो सप्‍ताह शुरू होने जा रहे फ्रेंच ओपन में अपने खिताब की रक्षा करने का दावा पेश किया है। दूसरी वरीय नडाल ने 2 घंटे 49 मिनट तक चले मुकाबले में 7-5, 1-6, 6-3 से जीत दर्ज की। यह दोनों दिग्‍गजों के बीच 57वां मैच था।

नडाल ने 12वीं बार रोम फाइनल में प्रवेश किया था। इस जीत के साथ नडाल ने जोकोविच के रिकॉर्ड 36 एटीपी मास्‍टर्स 1000 खिताब की बराबरी की। नडाल ने 36वां एटीपी मास्‍टर्स 1000 खिताब में सर्बियाई खिलाड़ी की बराबरी करने के बाद कहा, 'यह शानदार है। मेरे हाथ में यह ट्रॉफी 10वीं बार आई। यह कल्‍पना करना नामुमकिन है।'

राफेल नडाल और नोवाक जोकोविच के बीच यह 57वीं भिड़ंत थी। आखिरी बार दोनों 2020 फ्रेंच ओपन के फाइनल में भिड़े थे। तब भी स्‍पेनिश खिलाड़ी ने सीधे सेटों में जीत दर्ज की थी। जोकोविच और नडाल ने पिछले 17 रोम खिताबों में 15 आपस में बाटे हैं। नडाल का रोम में जोकोविच के खिलाफ फाइनल में रिकॉर्ड अच्‍छा है और वह 4-2 की बढ़त पर है। क्‍ले कोर्ट पर दोनों के बीच 26 भिड़ंत हुई, जिसमें से नडाल की 19वीं जीत रही।

राफेल नडाल का कमाल

नडाल ने अब 4 विभिन्‍न टूर्नामेंट्स में कम से कमस 10 खिताब जीत लिए हैं। उन्‍होंने रौलां गैंरा के अलावा मोंटे कार्लो में 11, बार्सिलोना में 12 और पेरिस में 13 खिताब जीते हैं। जोकोविच 2016 से क्‍ले पर नडाल को मात नहीं दे पाए हैं। सर्बियाई खिलाड़ी को क्‍ले कोर्ट पर नडाल के खिलाफ पिछली पांच भिड़ंत में शिकस्‍त मिली है। नडाल और वैसे, पांच बार के रोम विजेता जोकोविच के बीच अब तक कुल 57 भिड़ंत हुई हैं। जोकोविच 29-28 के साथ बढ़त पर हैं।

मैच के बारे में आपको बता देते हैं कि दोनों दिग्‍गजों ने पहले सेट में अपना पूरा जोर दिखाया और दर्शकों को रोमांचित कर दिया। पहला सेट 1 घंटे और 15 मिनट तक चला। नडाल ने शुरूआत और आखिर में तीन-तीन अंक लिए और सेट अपने नाम किया।

दूसरे और तीसरे सेट में नडाल-जोकोविच के बीच कड़ी टक्‍कर देखने को नहीं मिली। दूसरे सेट में जोकोविच का राज रहा तो तीसरे सेट में में नडाल ने बाजी जीतते हुए खिताब अपने नाम किया।