मेड्रिड ओपन : ट्यूनिशिया की ओंस जेबूर ने रचा इतिहास, खिताब जीतने वाली पहली अरब खिलाड़ी बनीं

ओंस के करियर का ये पहला WTA 1000 खिताब है।
ओंस के करियर का ये पहला WTA 1000 खिताब है।

दुनिया की 10वें नंबर की टेनिस खिलाड़ी ओंस जेबूर ने मेड्रिड ओपन का महिला सिंगल्स खिताब जीतकर कई सारे रिकॉर्ड अपने नाम कर लिए हैं। फाइनल में अमेरिका की जेसिका पेगलुा को 7-5, 0-6, 6-2 से हराने वाली ट्यूनिशिया की जेबूर कोई भी WTA 1000 ईवेंट जीतने वाली पहली अफ्रीकी महाद्वीप की खिलाड़ी बन गई हैं। इतना ही नहीं ऐसा करने वाली वो पहली अरब खिलाड़ी भी हैं।

27 साल की जेबूर ने पहले सेट में एक समय 4-1 से पिछड़ने के बाद बेहतरीन वापसी कर सेट 7-5 से जीत लिया। दूसरे सेट में जेबूर को पेगुला ने कोई मौका नहीं दिया और सेट 6-0 से अपने नाम किया। लेकिन तीसरा और निर्णायक सेट जेबूर के नाम रहा और उन्होंने 6-2 से इसे जीतते ही इतिहास के पन्नों पर अपना नाम दर्ज करवा लिया है। पिछले साल जेबूर ने बर्मिंघम ओपन जीतकर WTA टूर का कोई भी खिताब जीतने वाली पहली अरब महिला होने का गौरव प्राप्त किया था। अब जेबूर अफ्रीकी और अरब टेनिस इतिहास की सबसे सफल महिला टेनिस खिलाड़ी बन गई हैं।

ओंस जेबूर और जेसिका पेगुला, दोनों के लिए ही ये पहला WTA 1000 फाइनल था।

तीसरी कोशिश में डबल्स खिताब जीतीं गेब्रिएला

मेड्रिड ओपन के महिला डबल्स फाइनल में कनाडा की गेब्रिएला डेब्राउस्की और इटली की जिउलियाना ओल्मोस ने खिताब जीत लिया है। गेब्रिएला और ओल्मोस ने फाइनल में अमेरिका की डिजाइरी क्रावजिक और नीदरलैंड की डेमी श्कर्स को 7-6, 5-7, 10-7 से हराते हुए टाइटल अपने नाम किया। खास बात ये है कि गेब्रिएला का ये लगातार तीसरा डबल्स फाइनल था। साल 2019 में वो चीन की जू यिफान के साथ खिताबी मुकाबले में हारीं थी, इसके बाद पिछले साल डेमी श्कर्ज के साथ उपविजेता रहीं थीं। खास बात ये है कि इस साल डेमी श्कर्ज प्रतिद्वंदी टीम में शामिल थीं।