राफेल नडाल ने जीता 20वां ग्रैंड स्‍लैम खिताब, रिकॉर्ड 13वीं बार बने फ्रेंच ओपन चैंपियन

2020 French Open - Day Fifteen
2020 French Open - Day Fifteen

स्‍पेन के दिग्‍गज टेनिस खिलाड़ी राफेल नडाल ने रविवार को फ्रेंच ओपन का खिताब जीतकर इतिहास रच दिया। लाल बजरी के बादशाह कहे जाने वाले राफेल नडाल ने अपनी बादशाहत बरकरार रखते हुए 13वीं बार फ्रेंच ओपन का पुरुष सिंगल्‍स खिताब जीता।

राफेल नडाल ने रविवार को फ्रेंच ओपन के फाइनल में दुनिया के नंबर-1 नोवाक जोकोविच को एकतरफा मुकाबले में 6-0, 6-2, 7-5 से मात दी। राफेल नडाल ने दो घंटे और 41 मिनट में जोकोविच को मात देकर फ्रेंच ओपन खिताब अपने नाम किया।

यह राफेल नडाल के करियर का 20वां ग्रैंड स्‍लैम खिताब रहा। इसी के साथ राफेल नडाल ने सबसे ज्‍यादा 20 ग्रैंड स्‍लैम खिताब जीतने के मामले में स्विट्जरलैंड के दिग्‍गज रोजर फेडरर की बराबरी कर ली है। बड़ी बात यह है कि राफेल नडाल 14वीं बार फ्रेंच ओपन के फाइनल में पहुंचे और 13वीं बार खिताब अपने नाम किया।

बता दें कि राफेल नडाल ने 20 ग्रैंड स्‍लैम खिताब में 13 बार फ्रेंच ओपन, 4 बार यूएस ओपन, 2 बार विंबलडन और एक बार ऑस्‍ट्रेलियन ओपन खिताब जीता है। राफेल नडाल दुनिया के चुनिंदा खिलाड़‍ियों के क्‍लब में शामिल हैं, जिसने चारो ग्रैंड स्‍लैम खिताब अपने नाम किए हो। फेडरर ने अपने करियर में 20 ग्रैंड स्लैम खिताब जीते जिसमें 8 विबंलडन, 6 ऑस्ट्रेलियन ओपन, 5 यूएस ओपन और 1 फ्रेंच ओपन खिताब शामिल है। फेडरर ने साल 2009 में फ्रेंच ओपन का खिताब जीता था।

राफेल नडाल के सामने फीके दिखे नोवाक जोकोविच

राफेल नडाल फाइनल मुकाबले में एकदम अलग रंग में दिखे। सबियाई नोवाक जोकोविच के पास नडाल के फॉरहैंड से लेकर बेस लाइन के किसी शॉट का जवाब नहीं मिला। राफेल नडाल ने पहले सेट में जोकोविच को कोई मौका नहीं दिया और 6-0 से सेट अपने नाम कर लिया। इस दौरान तीन बार जोकोविच की सर्व ब्रेक हुई। ऐसा ही हाल कुछ दूसरे सेट में भी देखने को मिला। नोवाक जोकोविच पूरे समय राफेल नडाल के सामने संघर्ष करते हुए नजर आए।

स्‍पेनिश राफेल नडाल ने आसानी से दूसरा सेट 6-2 से अपने नाम कर लिया। इसके बाद निर्णायक सेट में जोकोविच ने दम दिखाया और 5-5 की बराबरी कर ली थी। मगर तभी राफेल नडाल दोबारा अपने फॉर्म में लौटे और स्‍कोर 6-5 कर दिया। इसके बाद राफेल नडाल ने ऐस लगाकर अपना चैंपियनशिप प्‍वाइंट हासिल किया।

राफेल नडाल ने सबसे पहले 2005 में फ्रेंच ओपन का खिताब जीता था। देखिए उनके फ्रेंच ओपन खिताब जीतने की लिस्‍ट। 2005, 2006, 2007, 2008, 2010, 2011, 2012, 2013, 2014, 2017, 2018, 2019, 2020। राफेल नडाल इस साल अपने फ्रेंच ओपन खिताब की रक्षा करने में कामयाब हुए।