राफेल नडाल अगले महीने पेरिस मास्‍टर्स में खेलेंगे

राफेल नडाल
राफेल नडाल

राफेल नडाल ने घोषणा की है कि वो अगले महीने पेरिस मास्‍टर्स में हिस्‍सा लेंगे। राफेल नडाल पहले कह चुके थे कि वह शायद अब इस पूरे सीजन में नहीं खेलेंगे। 34 साल के राफेल नडाल ने हाल ही में अपने करियर का 20वां ग्रैंडस्‍लैम खिताब जीता। इस महीने की शुरूआत में राफेल नडाल ने रौलां गैरां पर दुनिया के नंबर-1 नोवाक जोकोविच को सीधे सेटों में मात देकर 13वां फ्रेंच ओपन खिताब जीता था।

राफेल नडाल ने अपने आधिकारिक ट्विटर अकाउंट पर ट्रेनिंग करते हुए फोटो पोस्‍ट की और कैप्‍शन लिखा, 'यह इंडोर सीजन समय है। यह फोटो आज पहले के समय की है जब एकेडमी में अभ्‍यास किया। और हां, पेरिस बर्सी के लिए तैयार हो रहा हूं।'

बता दें कि पेरिस मास्‍टर्स 2-8 नवंबर तक आयोजित होगा। कोरोना वायरस के कारण किस प्रकार के स्‍वास्‍थ्‍य नियमों का पालन किया जाएगा, इसकी घोषणा होना बाकी है। 20वां ग्रैंड स्‍लैम खिताब जीतकर रोजर फेडरर की बराबरी करने वाले राफेल नडाल ने कहा, 'मुझे नहीं पता कि रौलां गैरां के बाद क्‍या करूंगा। मैं आपको नहीं कह सकता कि अगले दो महीने में खेलूंगा या नहीं।'

पता हो कि राफेल नडाल ने अपने करियर में कभी पेरिस मास्‍टर्स का खिताब नहीं जीता है। 2019 में डेनिस शापोवालोव के खिलाफ सेमीफाइनल मुकाबले से पहले उन्‍होंने अपना नाम वापस ले लिया था।

राफेल नडाल के पास कीर्तिमान रचने का मौका

वर्ल्‍ड नंबर-2 राफेल नडाल टेनिस खिलाड़‍ियों की एलीट लिस्‍ट में शामिल होने को तैयार हैं। ऐसा लगता है कि वो रिकॉर्ड को नहीं बल्कि रिकॉर्ड उनका पीछा कर रहे हैं। नडाल ने एटीपी टूर में 999 सिंगल्‍स मैच जीते हैं और 1000 क्‍लब में शामिल होने से केवल एक जीत दूर हैं।

वह रोजर फेडरर के बाद एटीपी टूर में 1000 या ज्‍यादा जीत दर्ज करने वाले दुनिया के दूसरे टेनिस खिलाड़ी बन जाएंगे। राफेल नडाल ने अब तक 1200 मैच खेले हैं। वह रोजर फेडरर से पीछे हैं, जिन्‍होंने 1513 मैच खेले हैं। स्विस मास्‍टर ने इनमें से 1242 मैच जीते हैं। दुनिया के नंबर-1 टेनिस खिलाड़ी नोवाक जोकोविच 1119 मैचों में 930 जीत के साथ इस स्‍पेशल क्‍लब में तीसरे स्‍थान पर काबिज हैं।

रोफल नडाल का सबसे मजबूत हथियार

जापान के टेनिस खिलाड़ी ने हाल ही में राफेल नडाल के सबसे मजबूत हथियार के बारे में बातचीत की थी। निशिकोरी ने कहा था कि राफेल नडाल बहुत तगड़ा फॉरहैंड खेलते हैं। राफेल नडाल का सिग्‍नेचर शॉट लासो फॉरहैंड है।