भारत को रेसलिंग में दो और पदक, कॉमनवेल्थ गेम्स में दिव्या और मोहित को कांस्य  

Divya Kakran & Mohit Grewal Bronze Medal - CWG 2022
Divya Kakran & Mohit Grewal Bronze Medal - CWG 2022

Commonwealth Games 2022 में भारत की तरफ से रेसलिंग में दो और पदक आ गए हैं। महिला 68kg वर्ग में दिव्या काकरण और पुरुष 125kg वर्ग में मोहित ग्रेवाल ने कांस्य पदक जीता। दिव्या ने कांस्य पदक के मुकाबले में टोंगा की टाइगर लिली लेमालि को 2-0 (पिनफॉल से जीत) और मोहित ने कांस्य पदक के मुकाबले में जमैका के आरोन जॉनसन को 6-0 से हराया। दोनों ही खिलाड़ियों ने रेपेचेज के तहत कांस्य पदक तक का सफर तय किया।

दिव्या ने 2018 कॉमनवेल्थ गेम्स में भी कांस्य पदक जीता था, वहीं विश्व स्तर पर मोहित का यह पहला पदक है।

दिव्या को क्वार्टरफाइनल में नाइजीरिया की ब्लेसिंग ओबोरुडुडु ने 11-0 से हराया था। इसके बाद ब्लेसिंग ओबोरुडुडु के फाइनल में पहुंचने की वजह से दिव्या को रेपेचेज राउंड खेलने का मौका मिला और उन्होंने कैमरून की ब्लैंडिन एनगिरी को हराकर कांस्य पदक के मुकाबले के लिए क्वालीफाई किया। महिला 68kg वर्ग में ब्लेसिंग ओबोरुडुडु ने स्वर्ण, कनाडा की लिंडा मॉरिस ने रजत और दिव्या के अलावा न्यूजीलैंड की टायला फोर्ड ने कांस्य पदक जीता।

मोहित ने क्वार्टरफाइनल में सायप्रस के एलेक्सियस को 10-1 से हराया था, लेकिन सेमीफाइनल में उन्हें कनाडा के अमर ढेसी ने 12-2 से हरा दिया। इसके बाद मोहित ने कांस्य पदक मुकाबले में जीत हासिल की। पुरुष 125kg वर्ग में अमर ढेसी ने स्वर्ण, पाकिस्तान के ज़मान अनवर ने रजत और मोहित के अलावा इंग्लैंड के मंधीर कुनर ने कांस्य पदक जीता।

कॉमनवेल्थ गेम्स 2022 में यह भारत का आठवां एवं नौवां कांस्य पदक है और कुल पदकों की संख्या 26 हो गई है। रेसलिंग में यह भारत का कॉमनवेल्थ गेम्स में 22वां और 23वां कांस्य और कुल मिलाकर 107वां और 108वां पदक है।

Quick Links

Edited by Prashant