3 WWE सुपरस्टार्स जो सैथ रॉलिंस के अच्छे दोस्त हैं और 3 जिनके साथ उनके संबंध अच्छे नहीं हैं

सैथ रॉलिंस
सैथ रॉलिंस

मौजूदा समय में सैथ रॉलिंस WWE के सबसे बड़े और मुख्य हील सुपरस्टार्स में से एक बने हुए हैं। WWE के अपने लंबे सफर के दौरान उन्होंने काफी सफलता प्राप्त की और इस बीच कुछ सुपरस्टार्स असल जिंदगी में उनके अच्छे दोस्त भी बने।

लेकिन दुनिया के अधिकतर फैंस इस बात से भी वाकिफ रहे हैं कि विल ओस्प्रे और ऑस्टिन एरीज़ जैसे बड़े सुपरस्टार्स के साथ उनके संबंध अच्छे नहीं रहे हैं। इन्हीं बातों को ध्यान में रखते हुए इस आर्टिकल में हम ऐसे 3 WWE सुपरस्टार्स के नाम आपके सामने रख रहे हैं जिनके साथ सैथ रॉलिंस के संबंध अच्छे नहीं हैं और 3 ऐसे जो उनके अच्छे दोस्त हैं।

ये भी पढ़ें: 5 पूर्व WWE सुपरस्टार्स जिनकी मदद WWE ने रियल लाइफ में की है

सैमी जेन- सैथ रॉलिंस के अच्छे दोस्त हैं

सैथ रॉलिंस और बैकी काफी समय से एक-दूसरे के साथ रिलेशन में रह रहे हैं और इस कपल के साथी WWE सुपरस्टार सैमी जेन के साथ संबंध काफी अच्छे रहे हैं। सैमी, रॉलिंस और बैकी को कई बार साथ में सफर पर जाते भी देखा जा चुका है। खुद सैमी जेन भी रॉलिंस और बैकी के साथ दोस्ती का कई बार जिक्र कर चुके हैं।

सैथ रॉलिंस फिलहाल रॉ रोस्टर का हिस्सा हैं, वहीं सैमी इन दिनों स्मैकडाउन में WWE इंटरकॉन्टिनेंटल चैंपियनशिप स्टोरीलाइन में शामिल हैं।

ये भी पढ़ें: 3 सुपरस्टार्स जिन्हें WWE छोड़ने के बाद ज्यादा फायदा हुआ

बैरन कॉर्बिन- सैथ रॉलिंस के साथ संबंध अच्छे नहीं हैं

बैरन कॉर्बिन का कैरेक्टर ऐसा है कि मौजूदा समय में वो WWE में सबसे अधिक नापसंद किए जाने वाले सुपरस्टार बन चुके हैं। After The Bell पॉडकास्ट पर कोरी ग्रेव्स ने खुलासा किया था कि ऐसे कई सुपरस्टार्स हैं जिनके साथ कॉर्बिन के संबंध अच्छे नहीं हैं।

ग्रेव्स खुद कह चुके हैं कि, "मैं कई साल पहले रॉलिंस और मोक्सली के साथ सफर पर निकला था, तब मैंने कहा कि कॉर्बिन अच्छे व्यक्तित्व वाले इंसान हैं। रॉलिंस ने तुरंत मेरी बात को टोकते हुए कहा कि मैं ऐसा नहीं मानता।"

हालांकि इन दिनों उनके बीच संबंध ज्यादा खराब स्थिति में नहीं हैं लेकिन NXT के दिनों में स्थिति काफी अलग हुआ करती थी।

ये भी पढ़ें: 3 WWE सुपरस्टार्स जो अगले 15 साल तक रेसलिंग कर सकते हैं

सिजेरो- सैथ रॉलिंस के अच्छे दोस्त हैं

सैथ रॉलिंस WWE में आने से पहले भी कई अन्य रेसलिंग कंपनियों के लिए काम कर चुके थे। इस दौरान सिजेरो उनके काफी अच्छे दोस्त बन गए थे और WWE Ride Along के एक एपिसोड के दौरान दोनों ने अपनी दोस्ती से जुड़ी कई बातें उजागर की थीं।

दोनों को एकसाथ सफर पर जाना काफी पसंद है और काफी लोग इस बात से भी वाकिफ हैं कि वो अक्सर एक-दूसरे के साथ जिम में ट्रेनिंग करते हुए भी नजर आते हैं।

सीएम पंक- सैथ रॉलिंस के साथ संबंध अच्छे नहीं हैं

सीएम पंक उन चुनिंदा WWE सुपरस्टार्स में से एक रहे हैं जो बेबाकी से अपनी बात सभी के सामने रखते आए हैं। WWE बैकस्टेज शो से जुड़ने के बाद भी वो कई बार कंपनी के खिलाफ आवाज उठा चुके हैं।

सैथ रॉलिंस के साथ उनके संबंधों के अच्छे ना होने का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि सोशल मीडिया पर कई बार दोनों को एक-दूसरे पर तंज़ कसते हुए देखा जा चुका है।

रॉलिंस, पंक को मैच के लिए भी चैलेंज कर चुके हैं लेकिन पूर्व WWE सुपरस्टार ने इसके जवाब में कहा था कि, "बेवकूफ़ों की तरह लगातार ट्वीट करते रहना अच्छी बात नहीं है।"

रोमन रेंस- सैथ रॉलिंस के अच्छे दोस्त हैं

सैथ रॉलिंस, रोमन रेंस और डीन एम्ब्रोज़(जॉन मोक्सली) द शील्ड के मेंबर्स हुआ करते थे। उसी समय से तीनों एक-दूसरे के काफी अच्छे दोस्त रहे हैं। एक तरफ एम्ब्रोज़ WWE छोड़ चुके हैं, लेकिन रॉलिंस और रोमन अभी भी WWE में काम कर रहे हैं और अभी भी अच्छे दोस्त हैं।

पिछले साल सैथ रॉलिंस के दूसरी बार यूनिवर्सल चैंपियन बनने पर रोमन ने कहा था कि, "मुझे उनपर गर्व है और खुशी है कि वो ब्रॉक लैसनर को हराकर नए चैंपियन बने।"

दूसरी ओर रॉलिंस भी कई इंटरव्यूज के दौरान रोमन के साथ अपनी दोस्ती का जिक्र कर चुके हैं।

ब्रॉक लैसनर- सैथ रॉलिंस के साथ संबंध अच्छे नहीं हैं

पिछले साल ब्रॉक लैसनर के खिलाफ स्टोरीलाइन में शामिल होने से कुछ समय पहले रॉलिंस ने स्पष्ट शब्दों में नाराजगी जाहिर करते हुए कहा था कि उन्हें WWE में लैसनर के काम करने का तरीका बिल्कुल भी पसंद नहीं है।

TMZ Sports को दिए एक इंटरव्यू में रॉलिंस ने कहा था कि, "लैसनर चीजों को दूसरों के लिए नहीं बल्कि अपने लिए करते हैं। वो भी जानते हैं कि उनके आने से व्यूअरशिप में हमेशा बढ़ोतरी होती आई है और इस बात का वो फायदा उठाने की कोशिश करते हैं और ना ही उनके होने से लॉकर रूम को कोई फायदा पहुंचता है।"

Quick Links