4 कारण क्यों Brock Lesnar को लंबे समय तक WWE चैंपियन बने रहने देना चाहिए 

WWE में ब्रॉक लैसनर को लंबे समय तक चैंपियन बने रहने देना चाहिए
WWE में ब्रॉक लैसनर को लंबे समय तक चैंपियन बने रहने देना चाहिए

WWE सुपरस्टार ब्रॉक लैसनर (Brock Lesnar) वर्तमान समय में बॉबी लैश्ले (Bobby Lashley) के साथ फिउड में आ चुके हैं। ब्रॉक Day 1 में हुए फेटल 5वे मैच जीतकर नए WWE चैंपियन बने थे और इसी मैच के दौरान रिंग में उनका पहली बार बॉबी लैश्ले के साथ आमना-सामना हुआ था। इसके बाद बॉबी लैश्ले ने Raw के एक एपिसोड के दौरान हुए फेटल 4वे मैच को जीतकर ब्रॉक लैसनर के खिलाफ WWE चैंपियनशिप मैच में जगह बनाई थी।

अब इन दोनों सुपरस्टार्स का Royal Rumble 2022 में मैच ऑफिशियल कर दिया गया है। देखा जाए तो Day 1 में लैश्ले ने ब्रॉक लैसनर पर काफी दबदबा बनाया था इसलिए यह देखना रोचक होगा कि वो Royal Rumble 2022 में लैसनर को हराकर उनसे टाइटल जीत पाते हैं या नहीं। हालांकि, शायद इतनी जल्दी से लैसनर से टाइटल वापस लेना सही नहीं रहेगा। इस आर्टिकल में हम ऐसे 4 कारणों का जिक्र करने वाले हैं कि क्यों ब्रॉक लैसनर को लंबे समय तक WWE चैंपियन बने रहना चाहिए।

4- अब ब्रॉक लैसनर WWE टेलीविजन पर नियमित रूप से नजर आने लगे हैं

WWE में वापसी के बाद से ही ब्रॉक लैसनर में काफी बदलाव आ चुका है। वापसी के बाद लैसनर ने ना केवल अपने कैरेक्टर में बदलाव किया है बल्कि अपने पिछले रन की तुलना में वो WWE टेलीविजन पर ज्यादा नजर आने लगे हैं। ब्रॉक के पिछले रन के साथ फैंस को यह शिकायत होती थी कि लैसनर चैंपियन होने के बावजूद भी टेलीविजन पर काफी कम नजर आते थे और वो केवल बड़े इवेंट्स में ही अपना टाइटल डिफेंड करते हुए दिखाई देते थे।

हालांकि, वर्तमान समय में ब्रॉक लैसनर WWE टेलीविजन पर नियमित रूप से नजर आने लगे हैं। यही कारण है कि वो लंबे समय तक चैंपियन बने रहना डिजर्व करते हैं। यह देखना रोचक होगा कि कंपनी का WWE चैंपियन के रूप में ब्रॉक लैसनर के लिए क्या प्लान है और वो कितने समय तक चैंपियन बने रहते हैं।

3- WWE चैंपियन ब्रॉक लैसनर के टाइटल रन को खास बनाने के लिए

Day 1 में ब्रॉक लैसनर WWE चैंपियन बनने में कामयाब रहे थे। बता दें, इससे पहले आखिरी बार वो अक्टूबर 2019 में WWE चैंपियन बने थे। इसके बाद WrestleMania 36 में वो ड्रू मैकइंटायर के हाथों अपना टाइटल हार गए थे। देखा जाए तो वर्तमान समय में लैसनर काफी लंबे समय बाद चैंपियन बने हैं।

यही कारण है कि उनके इस टाइटल रन को खास बनाने के लिए उन्हें लंबे समय तक चैंपियन बने रहने देना चाहिए। अगर ब्रॉक लैसनर लंबे समय तक चैंपियन बने रहते हैं तो इस दौरान WWE चैंपियनशिप के लिए कई बेहतरीन फिउड देखने को मिल सकते हैं और इससे कंपनी को काफी फायदा होगा।

2- WWE चैंपियन ब्रॉक लैसनर के जल्द ही टाइटल हारने से उनके कैरेक्टर को काफी नुकसान होगा

ब्रॉक लैसनर को WWE में वापसी के बाद अपने पहले ही मैच में रोमन रेंस के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा था। हालांकि, लैसनर वर्तमान समय में WWE चैंपियन बन चुके हैं लेकिन अगर जल्द ही वो टाइटल हार जाते हैं तो इससे उनके कैरेक्टर को काफी नुकसान हो सकता है।

यही कारण है कि ब्रॉक लैसनर को लंबे समय तक चैंपियन बने रहने देना चाहिए। यही नहीं, जल्दी-जल्दी WWE चैंपियन बदलने से इस टाइटल के वैल्यू में काफी कमी आएगी। साथ ही, WWE को वर्तमान समय में Raw की गिरती रेटिंग में सुधार लाने के लिए लैसनर जैसे चैंपियन की जरूरत भी है।

1- WWE चैंपियन ब्रॉक लैसनर का वर्तमान रन फैंस को काफी पसंद आ रहा है

WWE में ब्रॉक लैसनर की बेबीफेस के रूप में वापसी हुई थी और फैंस को लैसनर का बेबीफेस रन काफी पसंद आ रहा है। अपने वर्तमान रन के दौरान लैसनर खुद ही प्रोमो भी देने लगे हैं और उनके प्रोमो भी काफी शानदार होते हैं। यही वजह है कि उनके सैगमेंट्स फैंस को काफी पसंद आ रहे हैं।

यही कारण है कि अगर लैसनर अपना टाइटल हारते हैं तो शायद यह चीज़ फैंस को पसंद नहीं आ सकती है। वैसे भी, लैसनर के WWE चैंपियन के रूप में अभी पहले ही फिउड की शुरुआत हुई है और इतनी जल्दी उनसे टाइटल वापस लेना सही नहीं रहेगा।