WWE के 5 पूर्व वर्ल्ड चैंपियंस जो 2021 में AEW को जॉइन कर चुके हैं

WWE के 5 पूर्व वर्ल्ड चैंपियंस ने 2021 में AEW जॉइन की
WWE के 5 पूर्व वर्ल्ड चैंपियंस ने 2021 में AEW जॉइन की

AEW (ऑल एलीट रेसलिंग) की शुरुआत साल 2019 की शुरुआत में हुई थी और केवल ढाई साल में टोनी खान (Tony Khan) ने इसे WWE का सबसे बड़ा विरोधी प्रोमोशन बना दिया है। AEW रेटिंग्स के मामले में WWE की डेवलपमेंटल ब्रांड NXT से पहले ही काफी आगे निकल चुकी है।

इसलिए अब विंस मैकमैहन (Vince Mcmahon) को चीजों को ज्यादा गंभीरता से लेना चाहिए। कुछ हफ्ते पहले सीएम पंक (CM Punk) ने AEW को जॉइन कर WWE को बहुत बड़ा झटका दिया है, लेकिन अब इस लिस्ट में डेनियल ब्रायन (Daniel Bryan) और एडम कोल (Adam Cole) जैसे बड़े नाम भी शामिल हो गए हैं।

केवल साल 2021 में ही AEW कई सबसे लोकप्रिय प्रो रेसलर्स को साइन कर चुका है, जिनमें से कुछ WWE वर्ल्ड चैंपियन भी रह चुके हैं। इसलिए इस आर्टिकल में आइए जानते हैं उन 5 पूर्व WWE चैंपियंस के बारे में जो 2021 में AEW को जॉइन कर चुके हैं।

पूर्व WWE चैंपियन डेनियल ब्रायन ने AEW को जॉइन किया

डेनियल ब्रायन कई बार WWE में आ चुके हैं और कई बार जा भी चुके हैं, लेकिन उनके WWE करियर को उड़ान साल 2010 के बाद मिली। ब्रायन बिना कोई संदेह पिछले 10 सालों में सबसे ज्यादा सफलता प्राप्त करने वाले WWE सुपरस्टार्स में से एक रहे।

30 अप्रैल 2021 के SmackDown एपिसोड में ब्रायन ने WWE यूनिवर्सल चैंपियनशिप के लिए रोमन रेंस को चैलेंज किया था, जिसमें शर्त रखी गई थी कि अगर ब्रायन की हार हुई तो उन्हें SmackDown छोड़कर जाना होगा। किसी ने नहीं सोचा था कि वो केवल SmackDown ही नहीं बल्कि WWE को छोड़कर जाने वाले हैं।

डेनियल ब्रायन 5 बार के WWE चैंपियन रहे हैं और हाल ही में हुए All Out 2021 पीपीवी में उन्होंने अपना AEW डेब्यू कर पूरे प्रो रेसलिंग यूनिवर्स को चौंका दिया है। ब्रायन All Out पीपीवी के मेन इवेंट में क्रिश्चियन केज के बचाव में रिंग में आए थे।

बिग शो

बिग शो ने WWE में करीब 2 दशकों तक काम किया और उन्हें विंस मैकमैहन के प्रोमोशन के प्रति सबसे निष्ठावान व्यक्तियों में से एक माना जाता था। इसलिए जब इसी साल मार्च के एक AEW Dynamite एपिसोड में वो पहली बार AEW टीवी पर नजर आए, तो पूरा प्रो रेसलिंग यूनिवर्स चौंक उठा था।

वो अपने WWE करियर में 4 बार वर्ल्ड चैंपियन बने, इसके अलावा भी वो अन्य प्रोमोशंस के टॉप टाइटल्स को जीत चुके हैं। बिग शो AEW के एक कमेंटेटर की भूमिका निभाते हैं और नए प्रोमोशन में उन्होंने अपना पहला मैच All Out 2021 पीपीवी में क्यूटी मार्शल के खिलाफ लड़ा, जिसमें उन्हें जीत मिली।

क्रिश्चियन केज

क्रिश्चियन ने साल 2014 में चोट के कारण रिटायरमेंट ली थी और उन्हें अपना इन रिंग रिटर्न करने के लिए 7 साल का इंतज़ार करना पड़ा था। Royal Rumble 2021 में उनकी सरप्राइज़ एंट्री के बाद ऐसा प्रतीत होने लगा था कि क्रिश्चियन अब WWE के साथ डील साइन करने वाले हैं।

लेकिन उसके कुछ महीने बाद ही उन्होंने अपना AEW डेब्यू कर पूरे WWE यूनिवर्स को चौंका दिया था। आपको याद दिला दें कि अपने WWE डेब्यू मैच में वो लाइट हैवीवेट चैंपियन बन गए थे, वहीं 2011 में उन्होंने पहली बार वर्ल्ड हैवीवेट टाइटल अपने नाम किया था।

मार्क हेनरी

मार्क हेनरी ने WWE में 20 साल से भी ज्यादा समय तक काम किया था। इस दौरान वो ना केवल एक इन रिंग परफॉरमर की भूमिका निभाते रहे बल्कि कंपनी को नए-नए प्रतिभाशाली रेसलर्स ढूंढ कर भी देते रहते थे। हेनरी पूर्व WWE वर्ल्ड हैवीवेट चैंपियन रहे हैं, एक ऐसा टाइटल जो उन्होंने साल 2011 में जीता था। हेनरी इसी साल मई में AEW के नए वीकली शो Rampage की कमेंट्री टीम से जुड़े और साथ ही वो एक कोच की भूमिका में भी कार्यरत हैं।

सीएम पंक

सीएम पंक साल 2014 में WWE छोड़ने के साथ ही अपने प्रो रेसलिंग करियर को भी अलविदा कह चुके थे। वो प्रो रेसलिंग में ऐसा रुतबा कायम कर चुके थे कि अगले कई सालों तक समय-समय पर WWE के शोज़ में सीएम पंक! सीएम पंक! चैंट सुनने को मिलते रहते थे। आखिरकार 20 अगस्त, 2021 के AEW Rampage एपिसोड में उन्होंने अपना प्रो रेसलिंग रिटर्न किया था। वो 5 बार के WWE चैंपियन रहे और All Out पीपीवी में उन्हें डार्बी एलिन पर पिन के जरिए जीत मिली है।