ब्रॉक लैसनर के लिए साल 2019 कैसा गुजरा ? 

ब्रॉक लैसनर
ब्रॉक लैसनर

ब्रॉक लैसनर ने अपना डब्लू डब्लू ई (WWE) मेन रोस्टर डेब्यू साल 2002 में किया था, यानी WWE में उन्हें कदम रखे करीब 2 दशक पूरे होने वाले हैं। हालांकि इस दौरान वो कई सालों तक प्रोफेशनल रेसलिंग से दूर भी रहे लेकिन आज भी उन्हें रेसलिंग यूनिवर्स के सबसे बेहतरीन एथलीट्स में से एक माना जाता है।

साल 2012 में उन्होंने WWE में वापसी की थी लेकिन एक पार्ट टाइम सुपरस्टार के रूप में। साल 2019 की बात करें तो इस साल वो 1 बार यूनिवर्सल चैंपियन और 1 बार WWE चैंपियन बने हैं। कंपनी के दोनों सबसे बड़े टाइटल उनके पास रहे हैं और इससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि यह साल भी द बीस्ट के लिए अच्छा ही साबित हुआ है।

अब लैसनर की इस साल WWE रिंग में नजर आने की उम्मीद बेहद कम है। इसलिए इस आर्टिकल में हम उनके साल 2019 के सफर पर एक नजर डालने जा रहे हैं।

यह भी पढ़ें: 3 WWE सुपरस्टार्स जिन्हें ब्रॉक लैसनर कभी नहीं हरा पाए

# रेसलमेनिया में प्रवेश तो चैंपियन के रूप में किया लेकिन टाइटल डिफेंड नहीं कर पाए

ब्रॉक लैसनर
ब्रॉक लैसनर

आपको याद दिला दें कि साल 2019 की शुरुआत में लैसनर यूनिवर्सल चैंपियन थे जो उन्होंने नवंबर 2018 में आयोजित हुए क्राउन ज्वेल पीपीवी में जीता था। इसके बाद रॉयल रंबल 2019 में उन्होंने फिन बैलर के खिलाफ अपना टाइटल सफलतापूर्वक डिफेंड किया।

इसी पीपीवी में सैथ रॉलिंस रॉयल रंबल मैच के विजेता बने थे जिससे उन्हें रेसलमेनिया के लिए सीधे तौर पर टाइटल शॉट मिल चुका था। सबसे चौंकाने वाली बात तो यह रही कि ब्रॉक ने रॉयल रंबल से लेकर रेसलमेनिया के बीच WWE रिंग में एक बार भी कदम नहीं रखा था।

खैर साल के सबसे बड़े इवेंट में रॉलिंस और लैसनर के बीच यूनिवर्सल चैंपियनशिप मैच लड़ा गया जहां द आर्किटेक्ट अपने करियर में पहली बार यूनिवर्सल चैंपियन बने।

# मनी इन द बैंक ब्रीफकेस विजेता

ब्रॉक लैसनर का कॉमेडी अंदाज
ब्रॉक लैसनर का कॉमेडी अंदाज

रेसलमेनिया 35 में सैथ रॉलिंस के खिलाफ यूनिवर्सल टाइटल गंवाने के बाद वो सीधा मनी इन द बैंक पीपीवी में नजर आए। किसी ने उम्मीद नहीं की थी कि लैसनर मनी इन द बैंक लैडर मैच में हिस्सा लेंगे, उन्होंने ना केवल हिस्सा लिया बल्कि ब्रीफकेस भी अपने नाम किया।

इसके बाद सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि लैसनर के किरदार में कुछ कॉमेडी एलिमेंट जोड़ा गया था जो जाहिर तौर पर दुनिया भर के रेसलिंग फैंस को पसंद आ रहा था। द बीस्ट ने सुपर शोडाउन में सैथ रॉलिंस पर कैश-इन करने का प्रयास किया था लेकिन उस समय के यूनिवर्सल चैंपियन ने ऐसा होने नहीं दिया।

आखिरकार एक्सट्रीम रूल्स पीपीवी में लैसनर ने रॉलिंस पर ब्रीफकेस कैश-इन किया और सफल भी साबित हुए। इसके बाद समरस्लैम में इनके बीच रीमैच हुआ और एक बार फिर द आर्किटेक्ट ने लैसनर को हराते हुए यूनिवर्सल टाइटल अपने नाम किया था।

यह भी पढ़ें: 5 WWE सुपरस्टार्स जो साल 2020 में रिटायरमेंट ले सकते हैं

# रॉ से स्मैकडाउन में गए और फिर वापस रॉ में आए

ब्रॉक लैसनर
ब्रॉक लैसनर

समरस्लैम में सैथ रॉलिंस के खिलाफ मिली हार के बाद उनका अगला मुकाबला FOX पर स्मैकडाउन डेब्यू एपिसोड में कोफी किंग्सटन के साथ हुआ। यहां उन्होंने चंद सेकेंड के अंदर कोफी को हराते हुए WWE चैंपियनशिप अपने नाम की थी।

इस बीच पूर्व UFC हैवीवेट वर्ल्ड चैंपियन केन वैलासकेज़ का WWE डेब्यू हुआ और इस दुश्मनी को अंजाम क्राउन ज्वेल पीपीवी में मिला जब लैसनर ने वैलासकेज़ के खिलाफ सफलतापूर्वक WWE चैंपियनशिप डिफेंड की थी।

इसके बाद उन्होंने स्मैकडाउन छोड़ रेड ब्रांड में वापस जाने का फैसला लिया और रे मिस्टीरियो के साथ उनकी दुश्मनी जारी रही। इसी कारण सर्वाइवर सीरीज में मिस्टीरियो के खिलाफ उन्हें WWE चैंपियनशिप डिफेंड करनी थी, जहां डोमिनिक के दखल के बाद भी द बीस्ट को ही जीत मिली थी। अब उम्मीद ना के बराबर हैं कि ब्रॉक 2019 में कोई मैच लड़ेंगे इसलिए उनका पूरा फोकस अब अगले साल पर है।

यह भी पढ़ें: WWE के 5 बड़े रिकॉर्ड जो साल 2020 में जरूर टूटने चाहिए

Quick Links