WWE में 2021 में चैंपियन बनने वाले सभी सुपरस्टार्स की लिस्ट

WWE के टॉप चैंपियंस बिग ई और रोमन रेंस
WWE के टॉप चैंपियंस बिग ई और रोमन रेंस

WWE में चैंपियनशिप का काफी महत्व है। हर एक सुपरस्टार चाहता है कि WWE में वो चैंपियन बने और ढेरों टाइटल्स जीतने में सफल रहे। WWE के लिए साल 2021 जबरदस्त साबित हुआ है। इस साल कई शानदार एपिसोड्स और पीपीवी का आयोजन देखने को मिला है। लगभग सभी इवेंट्स अच्छे रहे हैं।

इस दौरान कुछ सुपरस्टार्स ने चैंपियनशिप भी जीती है। WWE में कई सारे टाइटल मौजूद हैं। 2021 में कई सारे सुपरस्टार्स को चैंपियनशिप जीतने या फिर चैंपियन रहने का मौका मिला है। इसलिए इस आर्टिकल में हम 2021 में मिलने वाले सभी नए चैंपियंस और मौजूदा चैंपियंस को लेकर बात करने वाले हैं।

- WWE SmackDown टैग टीम चैंपियनशिप

साल की शुरुआत में स्ट्रीट प्रॉफ़िट्स के पास टाइटल्स मौजूद थे और फिर 8 जनवरी 2021 को डॉल्फ ज़िगलर और रॉबर्ट रूड नए SmackDown टैग टीम चैंपियंस बने। उन्होंने 127 दिनों तक चैंपियनशिप को अपने पास रखा लेकिन WrestleMania Backlash पीपीवी में द मिस्टीरियोस ने उनसे टाइटल छीना। इसके बाद रे मिस्टीरियो और डॉमिनिक ने बतौर चैंपियन जबरदस्त काम किया।

उन्होंने इन टाइटल्स को 62 दिनों तक अपने पास रखा। इसके बाद द उसोज़ के खिलाफ Money in the Bank 2021 में उन्होंने अपने टाइटल्स को डिफेंड किया लेकिन उन्हें इस मैच में हार मिली। द उसोज़ नए SmackDown टैग टीम चैंपियंस बन गए। इस समय वो चैंपियंस के रूप में धमाकेदार प्रदर्शन कर रहे हैं। द उसोज़ साल का अंत बतौर चैंपियन करने वाले हैं।

- WWE Raw टैग टीम चैंपियनशिप

2021 की शुरुआत में द हर्ट बिजनेस के शेल्टन बेंजामिन और सेड्रिक एलेक्जेंडर चैंपियन थे। उन्होंने इस टाइटल को TLC 2020 में जीता था। वो लगभग 85 दिनों तक चैंपियन रहे और उन्होंने बतौर चैंपियन अच्छा काम किया था। उनका कद काफी ज्यादा बढ़ गया था। 15 मार्च 2021 को Raw के एक एपिसोड में न्यू डे ने उन्हें हराकर Raw टैग टीम चैंपियनशिप जीती।

न्यू डे ज्यादा समय तक चैंपियन नहीं रह पाए। उनका टाइटल रन सिर्फ 26 दिनों तक चला। दरअसल, WrestleMania 37 में एजे स्टाइल्स और ओमोस ने उन्हें चैलेंज किया था। इस मैच में स्टाइल्स और ओमोस को जीत मिली थी और इसके साथ ही वो नए चैंपियन बन गए थे। इसके बाद उन्होंने बतौर चैंपियन अच्छा काम किया। हालांकि, SummerSlam 2021 में रैंडी ऑर्टन और रिडल ने उन्हें हराकर Raw टैग टीम टाइटल्स जीत लिये। अब तक बतौर चैंपियंस उन्होंने प्रभावित किया है। वो साल का अंत चैंपियंस के रूप में करेंगे।

- WWE इंटरकॉन्टिनेंटल चैंपियनशिप

बिग ई ने 2020 के अंतिम दिनों में सैमी जेन को हराकर आईसी टाइटल जीता था। इसके बाद उन्होंने 2021 में बतौर चैंपियन कदम रखा। वो 107 दिनों तक चैंपियन रहे थे और इस दौरान उन्होंने कई बार इस टाइटल को सफलतापूर्वक रिटेन किया। हालांकि, WrestleMania 37 में वो इसे हार गए।

अपोलो क्रूज ने WrestleMania 37 में बिग ई को टाइटल के लिए चैलेंज किया था। इस मैच में कमांडर अजीज की इंटरफेरेंस देखने को मिली थी और इसके चलते क्रूज नए चैंपियन बन गए थे। अपोलो के टाइटल रन को काफी समय हो गया था। 13 अगस्त को SmackDown के एपिसोड में किंग नाकामुरा ने उन्हें हराकर आईसी टाइटल पर कब्जा किया। नाकामुरा ने साल का अंत चैंपियन के रूप में किया है।

- WWE यूनाइटेड स्टेट्स चैंपियनशिप

बॉबी लैश्ले ने 2021 की शुरुआत बतौर यूनाइटेड स्टेट्स चैंपियन की थी। इसके बाद भी उन्होंने चैंपियन रहते हुए अच्छा काम किया। वो 175 दिनों तक चैंपियन रहे थे और फिर Elimination Chamber 2021 में रिडल ने उन्हें हराकर यूनाइटेड स्टेट्स चैंपियनशिप जीत ली थी।

उन्होंने यूएस चैंपियनशिप को 49 दिनों तक अपने पास रखा और फिर WrestleMania 37 में शेमस ने उन्हें पराजित करते हुए इस टाइटल पर कब्जा किया। उन्होंने SummerSlam तक टाइटल को अपने पास रखा। इस इवेंट में डेमियन प्रीस्ट ने उन्हें हराकर चैंपियनशिप जीती। प्रीस्ट बतौर चैंपियन कई सुपरस्टार्स के खिलाफ इसे डिफेंड कर चुके हैं। प्रीस्ट 2021 के अंत तक चैंपियन रहे हैं।

- WWE Raw विमेंस चैंपियनशिप

साल की शुरुआत में असुका के पास Raw विमेंस चैंपियनशिप मौजूद थी। उन्होंने इस टाइटल को काफी समय तक अपने पास रखा लेकिन WrestleMania 37 में रिया रिप्ली ने उन्हें हराकर विमेंस टाइटल पर कब्जा कर लिया। इसके बाद रिप्ली 97 दिनों तक चैंपियन रही और उनका पहला टाइटल रन जबरदस्त था।इसके बाद Money in the Bank 2021 पीपीवी में शार्लेट फ्लेयर ने उन्हें हराकर Raw विमेंस चैंपियनशिप जीती थी। हालांकि, शार्लेट की यह खुशी ज्यादा समय तक नहीं रही।

उनका टाइटल रन एक ही दिन का रहा क्योंकि Raw के अगले ही एपिसोड में निकी A.S.H ने Money in the Bank कॉन्ट्रैक्ट को कैश इन करते हुए विमेंस टाइटल पर कब्जा किया। उनका टाइटल रन ज्यादा लंबा नहीं रहा क्योंकि SummerSlam में शार्लेट फ्लेयर ने एक बार फिर चैंपियनशिप जीत ली। Crown Jewel के बाद शार्लेट फ्लेयर से टाइटल एक्सचेंज किया गया और Raw विमेंस टाइटल बैकी लिंच को दे दिया गया। बैकी 2021 का अंत चैंपियन के रूप में करेंगी।

- WWE SmackDown विमेंस चैंपियनशिप

साशा बैंक्स ने 2021 की शुरुआत बतौर SmackDown विमेंस चैंपियन की थी। उनके लिए यह टाइटल रन खास और जबरदस्त साबित हुआ था। उन्होंने चैंपियनशिप को 167 दिनों तक अपने पास रखा और कई सारी विमेंस सुपरस्टार्स के खिलाफ इसे सफलतापूर्वक रिटेन भी किया। इसके बावजूद WrestleMania 37 में उनके टाइटल रन का अंत हुआ। WrestleMania 37 की नाईट 1 के मेन इवेंट में बियांका ब्लेयर ने उन्हें SmackDown विमेंस चैंपियनशिप के लिए चैलेंज किया था।

इस मैच में ब्लेयर का प्रदर्शन धमाकेदार रहा और उन्होंने अंत में SmackDown विमेंस टाइटल पर कब्जा कर लिया था। इस सुपरस्टार ने भी बतौर चैंपियन प्रभावित किया लेकिन SummerSlam में उनकी चौंकाने वाली हार हुई। बैकी लिंच ने वापसी करते हुए ब्लेयर को चैलेंज किया और कुछ ही सेकंड्स में हराकर चैंपियनशिप जीत ली। बैकी लिंच Raw में ड्राफ्ट हो गई थीं और इसी वजह से उन्हें SmackDown टाइटल छोड़ना पड़ा। इस टाइटल को शार्लेट फ्लेयर को दिया गया और इसके बाद से वो चैंपियन बनी हुईं हैं। वो साल का अंत SmackDown विमेंस चैंपियन के रूप में करेंगी।

- WWE विमेंस टैग टीम चैंपियनशिप

साल 2021 की शुरुआत में असुका और शार्लेट फ्लेयर विमेंस टैग टीम चैंपियन बने हुए थे। दोनों ने TLC 2020 में इसे जीता था और वो 42 दिनों तक चैंपियन रहे थे। इसके बाद Royal Rumble 2021 में दोनों इस टाइटल को नाया जैक्स और शायना बैजलर के खिलाफ हार गए। जैक्स और बैजलर ने मिलकर बतौर चैंपियन अच्छा काम किया था।

वो 103 दिनों तक चैंपियन रहे थे और फिर 14 मई 2021 को SmackDown के एक एपिसोड में नटालिया और टमीना ने उन्हें हराकर इस टाइटल पर कब्जा कर लिया। उन्होंने कई बार टाइटल्स को सफलतापूर्वक डिफेंड किया था। हालांकि, 20 सितंबर 2021 को Raw के एपिसोड में रिया रिप्ली और निकी A.S.H ने उन्हें हराकर विमेंस टैग टीम चैंपियनशिप जीत ली।

रिप्ली और निकी की टीम कुल मिलाकर 63 दिनों तक चैंपियन रहीं। वो अपने टाइटल को 22 नवंबर को हुए Raw के एपिसोड में जेलिना वेगा और कार्मेला के खिलाफ हार गए। अब वेगा और कार्मेला विमेंस टैग टीम चैंपियन हैं और वो दोनों 2021 का अंत चैंपियन के रूप में करेंगी।

- WWE यूनिवर्सल चैंपियनशिप

रोमन रेंस ने Payback 2020 में यूनिवर्सल चैंपियनशिप जीती थी। इसके बाद से वो ही चैंपियन बने हुए हैं। उन्होंने 2021 में बतौर यूनिवर्सल चैंपियन कदम रखा था। इसके बाद उन्होंने केविन ओवेंस, डेनियल ब्रायन, सिजेरो, ऐज, जॉन सीना और फिन बैलर जैसे बड़े सुपरस्टार्स को पराजित किया हुआ है। रोमन रेंस को अब तक कोई हरा नहीं पाया है।

रोमन रेंस अपने करियर में दूसरी बार यूनिवर्सल चैंपियन बने हैं और उनका यह टाइटल रन जबरदस्त रहा है। उन्हें यूनिवर्सल चैंपियन बने हुए 486 से ज्यादा दिन हो गए हैं। उन्होंने साल की शुरुआत चैंपियन के रूप में की थी और उन्होंने 2021 का अंत भी चैंपियन के रूप में ही किया है।

- WWE चैंपियनशिप

साल 2021 की शुरुआत में ड्रू मैकइंटायर चैंपियन थे। उन्होंने नवंबर 2020 में चैंपियनशिप जीती थी। वो लगभग 97 दिनों तक चैंपियन रहे थे और कई बड़े स्टार्स के खिलाफ इसे डिफेंड किया था। Elimination Chamber 2021 में द मिज़ ने अपने Money in the Bank कॉन्ट्रैक्ट को कैश इन किया था। इसके साथ ही वो WWE चैंपियन बन गए थे।

वो लगभग 8 दिनों तक चैंपियन रहे और फिर 1 मार्च 2021 को Raw के एपिसोड में बॉबी लैश्ले ने मिज़ को हराते हुए WWE चैंपियनशिप जीत ली। बॉबी लैश्ले का टाइटल रन काफी लंबा रहा लेकिन 13 सितंबर 2021 को बिग ई ने अपना Money in the Bank कॉन्ट्रैक्ट कैश-इन करते हुए WWE टाइटल जीत लिया। अभी उनके पास टॉप चैंपियनशिप है और वो साल का अंत भी WWE चैंपियन के रूप में करने वाले हैं।

Quick Links