WWE Raw: 5 चौंकाने वाली चीज़ें जो रॉ के एपिसोड में हो सकती हैं

WWE Raw में कुछ बड़े सरप्राइज देखने को मिल सकते है
WWE Raw में कुछ बड़े सरप्राइज देखने को मिल सकते है

WWE रॉ (Raw) के अगले एपिसोड पर सभी की निगाहें हैं। क्राउन ज्वेल (Crown Jewel) पीपीवी काफी बढ़िया साबित हुआ था और इसके बाद स्मैकडाउन (SmackDown) के एपिसोड ने भी प्रभावित किया। इसी वजह से Raw से फैंस की उम्मीद बढ़ गई है। Raw के लिए WWE ने एक धमाकेदार मैच का ऐलान किया है। WWE के लिए यह एपिसोड अहम रहने वाला है।

पिछले हफ्ते WWE को व्यूअरशिप के मामले में नुकसान हुआ था। अब वो एक अच्छा एपिसोड देकर फैंस को खुश करना चाहेंगे और अपनी व्यूअरशिप आगे बढ़ाना चाहेंगे। इस एपिसोड द्वारा Survivor Series की स्टोरीलाइंस शुरू हो सकती हैं और एलिमिनेशन मैचों के लिए नामों का ऐलान हो सकता है।

WWE को अगर यह एपिसोड अच्छा बनाना है तो उन्हें कुछ शॉक्स और सरप्राइज प्लान करने होंगे। इससे एपिसोड खास और रोचक बनेगा। साथ ही WWE को फायदा मिल सकता है। इसलिए इस आर्टिकल में हम 5 चौंकाने वाली चीज़ों के बारे में बात करने वाले हैं जो Raw के एपिसोड में देखने को मिल सकती हैं।

5- WWE Raw में एजे स्टाइल्स को ओमोस से धोखा मिलें

Raw के एपिसोड में रैंडी ऑर्टन और रिडल का एजे स्टाइल्स और ओमोस के खिलाफ टैग टीम चैंपियनशिप मैच देखने को मिलेगा। उनके बीच Crown Jewel 2021 में भी मैच हुआ था और इस मैच में आरकेब्रो अपने टाइटल को रिटेन करने में सफल रहे थे। अब उन्हें एक बार फिर अपनी चैंपियनशिप का बचाव स्टाइल्स और ओमोस के खिलाफ करना होगा।

स्टाइल्स और ओमोस काफी समय से साथ नजर आ रहे हैं। उन्हें पहले भी टैग टीम टाइटल्स जीतने में सफलता नहीं मिली है। हमेशा ही एजे स्टाइल्स की वजह से उन्हें हार मिली है और इसी कारण अब ओमोस गुस्से में आकर दिग्गज की बुरी हालत कर सकते हैं। इस मैच में ऑर्टन और रिडल जीत दर्ज कर सकते हैं। मैच के बाद ओमोस अचानक से स्टाइल्स पर हमला करते हुए सभी को चौंका सकते हैं।

4- द उसोज़ Raw में आकर बिग ई पर हमला करें

Survivor Series के लिए स्टोरीलाइन शुरू की जा सकती है। रोमन रेंस और ब्रॉक लैसनर की स्टोरीलाइन चल रही थी लेकिन अभी द बीस्ट को सस्पेंड कर दिया गया है। इसी वजह रोमन रेंस और बिग ई की दुश्मनी शुरू हो सकती है। दोनों ही अपने-अपने ब्रांड्स के टॉप चैंपियंस हैं।

इसी वजह से Raw में WWE अपने फैंस को चौंका सकता है। बिग ई पर द उसोज़ द्वारा हमला हो सकता है। SmackDown टैग टीम चैंपियंस Raw में बिग ई को चेतावनी दे सकते हैं। WWE इसके बाद यूनिवर्सल चैंपियन रोमन रेंस और WWE चैंपियन बिग ई का मैच अगले इवेंट के लिए ऑफिशियल कर सकता है।

3- शायना बैजलर Raw में डूड्रॉप की बुरी हालत करें

शायना बैजलर Queen's Crown प्रतियोगिता जीतने के लिए प्रबल दावेदार थीं। हालांकि, डूड्रॉप ने उन्हें हराकर सभी को चौंका दिया था। बैजलर उस समय काफी ज्यादा गुस्सा दिखाई दी थीं। अब Raw के एपिसोड में शायना बैजलर पूर्व NXT UK सुपरस्टार से बदला ले सकती हैं और उनपर हमला कर सकती हैं।

Raw में किसी बैकस्टेज सैगमेंट के दौरान वो डूड्रॉप को निशाना बना सकती हैं और उनपर हमला करते हुए बदला ले सकती हैं। इसके बाद दोनों सुपरस्टार्स के बीच दुश्मनी शुरू हो सकती है। बैजलर और डूड्रॉप दोनों अपनी जबरदस्त ताकत के लिए जानी जाती हैं और इसी वजह से उन्हें आमने-सामने देखना रोचक रहेगा।

2- फिन बैलर का हील टर्न हो

फिन बैलर Raw में सभी को चौंका सकते हैं। पूर्व यूनिवर्सल चैंपियन अपने मेन रोस्टर करियर में ज्यादातर समय बेबीफेस के रूप में नजर आए हैं। हालांकि, पिछले कुछ समय में उन्हें दो बड़ी हार मिली है। रोमन रेंस ने उन्हें 'डीमन' गिमिक में पराजित किया और फिर जेवियर वुड्स से उन्हें King of the Ring के फाइनल्स में बड़ी हार मिली।

अब फिन बैलर Raw में नई शुरुआत करना चाहेंगे। वो इस दौरान हील बनकर सभी को चौंका सकते हैं। फिन बैलर Raw में प्रोमो कट करते हुए फैंस की बेइज्जती कर सकते हैं या फिर वो किसी टॉप बेबीफेस सुपरस्टार पर हमला कर सकते हैं। WWE के पास कई अलग-अलग तरीके हैं।

1- बैकी लिंच पर बियांका ब्लेयर द्वारा हमला हो

बैकी लिंच ने Crown Jewel में अपनी SmackDown विमेंस चैंपियनशिप को बियांका ब्लेयर और साशा बैंक्स के खिलाफ सफलतापूर्वक रिटेन कर लिया था। SmackDown में साशा बैंक्स और शार्लेट फ्लेयर के बीच दुश्मनी देखने को मिल रही है। अब Raw में बियांका और बैकी की स्टोरीलाइन शुरू हो सकती है।

बैकी लिंच Raw में प्रोमो कट कर सकती हैं और उनके सैगमेंट में बियांका ब्लेयर इंटरफेयर करते हुए चैंपियनशिप मैच की मांग कर सकती हैं। बैकी Raw में ब्लेयर के चैलेंज को अस्वीकार करते हुए उनकी बेइज्जती कर सकती हैं। इसके जवाब में अगर ब्लेयर बदला लेते हुए लिंच पर हमला करती हैं तो यह बड़ा सरप्राइज होगा।

Quick Links