WWE SummerSlam: 5 कारण क्यों ब्रॉक लैसनर की चौंकाने वाली वापसी हुई

WWE SummerSlam में ब्रॉक लैसनर ने धमाकेदार वापसी की
WWE SummerSlam में ब्रॉक लैसनर ने धमाकेदार वापसी की

WWE समरस्लैम (SummerSlam) के मेन इवेंट में एक बड़ा सरप्राइज देखने को मिला। रोमन रेंस (Roman Reigns) और जॉन सीना (John Cena) के बीच यूनिवर्सल चैंपियनशिप के लिए मैच हुआ था। इस मैच में दोनों सुपरस्टार्स ने शानदार काम किया लेकिन अंत में रेंस को जीत मिली। उन्होंने अपनी इस बड़ी जीत को शानदार तरीके से सेलिब्रेट किया। हालांकि, मैच के बाद रोमन रेंस और सभी प्रशंसकों को एक बड़ा सरप्राइज मिला।

ब्रॉक लैसनर की चौंकाने वाली वापसी हुई। उन्होंने आकर रोमन रेंस को कंफ्रंट किया और यह देखकर पॉल हेमन भी काफी चौंक गए थे। रोमन रेंस और ब्रॉक लैसनर आमने-सामने आए लेकिन फिर यूनिवर्सल चैंपियन चले गए। ब्रॉक लैसनर को देखकर जरूर ही हर कोई सरप्राइज रह गया था।

हर एक फैन के मन में सवाल होगा कि ब्रॉक लैसनर ने किन कारणों से SummerSlam 2021 में वापसी की और रोमन रेंस के सामने आने का निर्णय लिया। इसलिए इस आर्टिकल में हम 5 बड़े कारणों के बारे में बात करेंगे जिनकी वजह से ब्रॉक लैसनर ने SummerSlam पीपीवी में चौंकाने वाली वापसी की।

5- WWE SummerSlam 2021 को यादगार बनाने के लिए

कुछ महीनों पहले खबरें सामने आई थी कि WWE ने SummerSlam 2021 को WrestleMania की तरह बड़ा बनाने का निर्णय लिया है। हालांकि, मैच कार्ड को देखकर लग रहा था कि यह एक शानदार इवेंट रहेगा लेकिन शायद ही SummerSlam पीपीवी WrestleMania का सामना कर पाएगा। इसके बावजूद WWE ने इसे सही मायने में यादगार बना दिया। पीपीवी में बड़े सुपरस्टार्स मौजूद थे। इसके साथ ही बैकी लिंच की वापसी देखने को मिली।

यह इवेंट पहले ही शानदार बन गया था। इसके बावजूद ब्रॉक लैसनर की मेन इवेंट में वापसी ने सभी को मुख्य रूप से चौंकाया। उनकी वापसी ने ही SummerSlam को यादगार बनाया। देखा जाए तो WWE ने SummerSlam को यादगार बनाने के लिए ब्रॉक लैसनर की वापसी तय की। WWE ने सही मायने में प्रशंसकों की उम्मीद खराब नहीं की और आने वाले एपिसोड्स के लिए सभी को हाइप कर दिया है।

4- ब्रॉक लैसनर काफी समय से नजर नहीं आए थे

ब्रॉक लैसनर ने लंबे समय बाद WWE में वापसी की। अंतिम बार यह दिग्गज सुपरस्टार WrestleMania 36 में दिखाई दिया था। इसके बाद से ही हर कोई उन्हें एक बार फिर WWE में लड़ते हुए देखना चाहता था। ब्रॉक लैसनर को सभी प्रशंसकों द्वारा काफी मिस किया जा रहा था।

उन्हें WWE में नजर आए काफी समय हो गया था। इसी वजह से WWE ने SummerSlam 2021 में उनकी वापसी बुक की। देखा जाए तो ब्रॉक लैसनर के आने से प्रशंसक खुश थे क्योंकि वो सालों से WWE का हिस्सा थे और फिर अचानक से इतने लंबे समय के लिए एक्शन से दूर होना थोड़ी निराशाजनक चीज़ थी।

3- रोमन रेंस से बदला पूरा करने के लिए

रोमन रेंस और ब्रॉक लैसनर के बीच अंतिम बार SummerSlam 2018 में मैच हुआ था। इसके बाद से वो दोनों कभी आमने-सामने नहीं आए थे। इस मैच में रोमन रेंस ने ब्रॉन स्ट्रोमैन की इंटरफेरेंस का फायदा उठाकर ब्रॉक लैसनर को पराजित किया था। इसके बाद Crown Jewel में वो ट्रिपल थ्रेट मैच में आमने-सामने आने वाले थे।

इसके बावजूद रोमन रेंस बीमारी के कारण WWE से बाहर हो गए थे। ब्रॉक लैसनर को कभी भी अपनी बड़ी हार का बदला लेने का मौका नहीं मिला था। इसी वजह से लैसनर ने रोमन रेंस के मैच के बाद वापसी की। उन्होंने यहां से बड़ा मैच टीज़ कर दिया है और वो भविष्य में ट्राइबल चीफ से बदला लेने की कोशिश करेंगे।

2- पॉल हेमन और ब्रॉक लैसनर को आमने-सामने दिखाने के लिए

पॉल हेमन पहले ब्रॉक लैसनर के साथ काम करते थे। हालांकि, जब लैसनर ने WWE से ब्रेक ले लिया था, तो पॉल हेमन ने रेंस के साथ काम काम करना शुरू किया। रोमन रेंस को पॉल हेमन की वजह से काफी सफलता मिली है और अब तक उन्हें साथ देखकर कोई भी प्रशंसक निराश नहीं हुआ है।

पॉल हेमन जरूर रोमन रेंस का साथ देंगे। ऐसे में वो अपने पुराने साथी की बेइज्जती कर सकते हैं। साथ ही ब्रॉक लैसनर भी हेमन द्वारा मिले धोखे का बदला लेना चाहेंगे। ऐसे में उन्हें आमने-सामने देखना काफी रोचक रहेगा। रोमन रेंस और ब्रॉक लैसनर की स्टोरीलाइन में सभी का ध्यान पॉल हेमन पर ही रहेगा। इसी वजह से लैसनर ने रोमन रेंस की बड़ी जीत के बाद वापसी की।

1- Crown Jewel के लिए रोमन रेंस vs ब्रॉक लैसनर बुक करने के लिए

WWE की जल्द ही सऊदी अरब में वापसी होगी। WWE ने हाल ही में Crown Jewel पीपीवी के आयोजन का ऐलान किया है। अक्टूबर के महीने में यह पीपीवी देखने को मिलेगा। ऐसे में शायद रोमन रेंस और ब्रॉक लैसनर के बीच WWE ने मैच बुक करने का निर्णय लिया है। इसी कारण से ब्रॉक लैसनर की वापसी हुई।

सऊदी अरब के इवेंट्स से WWE को जबरदस्त फायदा होता है। इस वजह से उन्होंने ब्रॉक लैसनर को बुलाया। SummerSlam से यूनिवर्सल चैंपियनशिप की स्टोरीलाइन को शुरू करने के लिए ब्रॉक लैसनर की वापसी हुई। रोमन रेंस और ब्रॉक लैसनर को आमने-सामने देखना काफी ज्यादा रोचक रहने वाला है।