ICC टेस्ट गेंदबाजी रैंकिंग: रविन्द्र जडेजा नंबर 1 गेंदबाज, अश्विन को हुआ जबरदस्त नुकसान

रांची टेस्ट में शानदार गेंदबाजी करने वाले रविन्द्र जडेजा करियर बेस्ट 899 अंक पर पहुँच गए हैं। बैंगलोर टेस्ट के बाद अश्विन के साथ संयुक्त नंबर 1 गेंदबाज बनने वाले जडेजा अब अश्विन को पीछे छोड़कर नंबर 1 पर काबिज़ हैं। रांची टेस्ट में सिर्फ दो विकेट लेने वाले अश्विन को 30 अंकों का नुकसान हुआ है और अब वो 862 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर हैं। भारत-ऑस्ट्रेलिया तीसरे टेस्ट के अलावा न्यूजीलैंड-दक्षिण अफ्रीका और श्रीलंका-बांग्लादेश के बीच हुए दूसरे टेस्ट के बाद आईसीसी ने हालिया गेंदबाजी रैंकिंग जारी कर दी है। टॉप 10 गेंदबाजों में श्रीलंका के मौजूदा कप्तान रंगना हेराथ एक स्थान के फायदे से तीसरे स्थान पर पहुँच गए हैं। जोश हेज़लवुड एक स्थान के नुकसान से चौथे और कगिसो रबाडा तीन स्थान के नुकसान से आठवें स्थान पर हैं। इस वजह से जेम्स एंडरसन और स्टुअर्ट ब्रॉड को 2-2 स्थान का फायदा हुआ है। टॉप 20 में मोर्ने मोर्कल एक स्थान के फायदे से 14वें, दिलरुवान परेरा एक स्थान के नुकसान से 15वें, शाकिब अल हसन एक स्थान के फायदे से 17वें और नाथन लायन दो स्थान के नुकसान से 18वें स्थान पर हैं। भारत के उमेश यादव तीन स्थान के फायदे से 26वें स्थान पर पहुँच गए हैं। इशांत शर्मा 24वें स्थान पर बरकरार हैं। फ़िलहाल चोट के कारण टीम से बाहर चल रहे मोहम्मद शमी 21वें स्थान पर हैं। न्यूजीलैंड के खिलाफ दूसरे टेस्ट में मैन ऑफ़ द मैच रहे केशव महाराज को 15 स्थान का जबरदस्त फायदा हुआ है और वो अब 37वें स्थान पर हैं। बांग्लादेश के 100वें टेस्ट में हुई ऐतिहासिक जीत में अहम योगदान देने वाले मुस्ताफिजुर रहमान को 20 स्थान का फायदा हुआ है और अब वो 47वें स्थान पर हैं। ऑलराउंडरों की रैंकिंग में अश्विन पहले स्थान से हटकर अब दूसरे स्थान पर चले गए हैं। श्रीलंका के खिलाफ मैन ऑफ़ द सीरीज रहे शाकिब अल हसन फिर से पहले स्थान पर पहुँच गये हैं। रविन्द्र जडेजा ने रांची टेस्ट में 9 विकेट लेने के अलावा अर्धशतक भी जड़ा और वो तीसरे स्थान पर बरकरार हैं। मिचेल स्टार्क एक स्थान के नुकसान से पांचवें स्थान पर खिसक गए हैं। वर्नन फिलैंडर सातवें और रंगना हेराथ आठवें स्थान पर बरक़रार हैं। टॉप 10 गेंदबाज:

रैंक गेंदबाज (देश) पॉइंट्स
1 रविन्द्र जडेजा (भारत) 899
2 रविचंद्रन अश्विन (भारत) 862
3 रंगना हेराथ (श्रीलंका) 854
4 जोश हेज़लवुड (ऑस्ट्रेलिया) 842
5 जेम्स एंडरसन (इंग्लैंड) 810
6 डेल स्टेन (दक्षिण अफ्रीका) 803
6 स्टुअर्ट ब्रॉड (इंग्लैंड) 803
8 कगिसो रबाडा (दक्षिण अफ्रीका) 802
9 वर्नन फिलैंडर (दक्षिण अफ्रीका) 767
10 नील वैगनर (न्यूजीलैंड) 762