महेंद्र सिंह धोनी ने जड़ा विजय हजारे ट्रॉफी में शानदार शतक

भारतीय टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने विजय हजारे ट्रॉफी में आज छत्तीसगढ़ के खिलाफ 129 रनों की शानदार पारी खेली है। झारखंड की कप्तानी कर रहे धोनी ने ईडन गार्डन्स में खेले जा रहे मुकाबले में अपनी 107 गेंदों की पारी के दौरान 10 चौके और 6 छक्के लगाये। धोनी की पारी की बदौलत झारखंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 243/9 का स्कोर बनाया। छत्तीसगढ़ ने टॉस जीतकर झारखंड को पहले बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किया और उनका ये फैसला शुरू में ही सही साबित होने लगा। 20वें में झारखंड का स्कोर 57/6 हो गया था और धोनी के अलावा टीम के सभी प्रमुख बल्लेबाज आउट हो चुके थे। इशान किशन, विराट सिंह, इशांक जग्गी और सौरभ तिवारी बुरी तरह फ्लॉप रहे। यहाँ पर धोनी का साथ देने शाहबाज़ नदीम ए और दोनों ने मिलकर टीम को 200 के पार पहुंचाया। नदीम ने भी अपना अर्धशतक पूरा किया और 53 रनों की पारी खेली। सातवें विकेट के लिए धोनी ने नदीम के साथ 151 रनों की अहम साझेदारी निभाई और इसी दौरान अपना शतक भी पूरा किया। लिस्ट ए करियर में धोनी का ये 16वां शतक है। पिछले महीने भारतीय टीम की कप्तानी से इस्तीफा देने वाले धोनी ने इंग्लैंड के खिलाफ भी एक शानदार शतकीय पारी खेली थी। इसके अलावा उन्होंने बैंगलोर टी20 में अपना पहला टी20 अंतर्राष्ट्रीय अर्धशतक लगाया था। आईपीएल 2017 की नीलामी से पहले धोनी ने राइजिंग पुणे सुपरजायंट्स की कप्तानी भी छोड़ दी थी। झारखंड के 7 बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा भी नहीं पार कर सके और धोनी एवं नदीम के अलावा सिर्फ सलामी बल्लेबाज आनंद सिंह ही कुछ देर टिके और 32 रनों की बढ़िया पारी खेली। छत्तीसगढ़ की टीम अपना पहला विजय हजारे ट्रॉफी मैच खेल रही है और उनकी तरफ से कान्त सिंह ने 4 और पंकज राव ने 3 विकेट लिए। अब देखना है कि क्या छत्तीसगढ़ की टीम 244 के लक्ष्य को हासिल कर पाती है या नहीं?

Edited by Staff Editor