रोहित शर्मा अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में उस खिलाड़ी का नाम है जो आज किसी परिचय का मोहताज नहीं है। रोहित शर्मा ने घरेलू क्रिकेट से लेकर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट और आईपीएल तक सभी जगह अपना परचम लहराया है। हालांकि शुरुआती के कुछ समय तक रोहित शर्मा का प्रदर्शन ज्यादा अच्छा नहीं रहा इसलिए 2011 के वर्ल्ड कप में उन्हें भारतीय टीम में जगह नहीं मिली थी। हालांकि बाद में गलतियों में सुधार करते हुए रोहित शर्मा दिनों-दिन आगे बढ़ते रहे और एक नया मुकाम वर्ल्ड क्रिकेट में हासिल किया।
वनडे क्रिकेट के अलावा टेस्ट क्रिकेट में भी बतौर ओपनर खेलना शुरू करने के बाद रोहित शर्मा ने सफलता अर्जित की और रातों-रात इस प्रारूप के भी हीरो बनकर निकले। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में उनका नाम शिद्दत से लिया जाता है। भारतीय टीम की सफलता में भी चार चाँद लगने के पीछे रोहित शर्मा का बहुत बड़ा योगदान है। क्रीज पर टिकने के बाद रोहित शर्मा ने कई बार धाकड़ खेल दिखाया है और लम्बी पारियां खेलना उनकी पहचान है। दुनिया भर के गेंदबाजों के सामने रोहित शर्मा ने रन बनाए हैं और बेहतरीन तकनीक और बड़े शॉट का संतुलन भी बनाकर रखा है। यही वजह है कि उन्होंने कई ऐसे रिकॉर्ड बनाए हैं जिन्हें तोड़ना काफी मुश्किल है।
यह भी पढ़ें: IPL 2020: सभी 8 टीमों के खिलाड़ियों की पूरी लिस्ट और जानकारी
रोहित शर्मा के बड़े रिकॉर्ड
आईपीएल में 4 खिताब का कीर्तिमान
रोहित शर्मा ने आईपीएल में मुंबई इंडियंस के लिए बतौर कप्तान बेहतरीन कार्य किया है। उन्होंने अपनी कप्तानी में मुंबई इंडियंस को 4 खिताब दिलाए हैं। अब तक ऐसा कोई भी आईपीएल कप्तान नहीं कर पाया है। महेंद्र सिंह धोनी ने तीन बार ऐसा किया है। रोहित शर्मा का यह रिकॉर्ड तोड़ना आसान नहीं कहा जा सकता है। मुंबई ने रोहित शर्मा की कप्तानी में 2013, 2015, 2017, 2019 में आईपीएल की ट्रॉफी उठाई।
वनडे में तीन दोहरे शतक
रोहित शर्मा अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में एकमात्र खिलाड़ी हैं जिन्होंने तीन दोहरे शतक वनडे क्रिकेट में जड़े हैं। अन्य खिलाड़ियों के लिए ऐसा एक बार करना भी मुश्किल है वहीँ रोहित शर्मा ने तीन बार इस स्कोर को पाने में सफलता हासिल की है। वनडे में उच्चतम स्कोर बनाने का रिकॉर्ड भी उनके नाम है। उन्होंने 264 रन श्रीलंका के खिलाफ बनाए थे।