क्रिकेट के सबसे लंबे और सबसे पुराने फॉर्मेट में बल्लेबाजों का टेस्ट होता है। यहां बल्लेबाज कितनी देर तक क्रीज पर टिक इसका रियल टेस्ट होता है। साफ़ तौर पर उसके धैर्य और तकनीक की परीक्षा होती है। टेस्ट क्रिकेट में बल्लेबाज बड़े शॉट्स खेलने से बचने की कोशिश करते हैं और ज्यादातर ग्राउंड शॉट्स ही खेलने में भरोसा करते हैं। लेकिन टेस्ट क्रिकेट में कभी-कभी बल्लेबाजों के अनुकूल पिच या कंडीशन मिलने पर काफी बड़े मात्रा में बड़े हिट भी देखने को मिले हैं। टेस्ट क्रिकेट में ऐसे कई मैच देखे गए हैं, जहां बल्लेबाजों ने जमकर छक्के लगाए गए हैं।
एक टेस्ट मैच की बात करें जिसमें दोनों ही टीमों की तरफ से सबसे ज्यादा छक्के जड़े गए हैं तो इसमें भारत-दक्षिण अफ्रीका के बीच 2019 में विशाखापत्तनम में खेले गए मैच में 37 छक्कों का विश्व रिकॉर्ड बना था। हालांकि हम आज अपने आर्टिकल में उन 3 मौकों का जिक्र करने जा रहे हैं, जब भारतीय टीम ने एक टेस्ट में सबसे ज्यादा छक्के लगाए।
3 मौके जब भारतीय टीम ने एक टेस्ट मैच में सर्वाधिक छक्के लगाए
#3 15 छक्के बनाम श्रीलंका, मुंबई (2009)
साल 2009 में श्रीलंका के खिलाफ खेला गया टेस्ट मैच इस लिस्ट में तीसरे स्थान पर है। मुंबई में खेले गए टेस्ट मैच में भारतीय टीम ने श्रीलंका के खिलाफ कुल 15 छक्के लगाए थे। सबसे खास बात तो ये रही कि इस मैच में भारत ने मैच को पारी से अंतर से जीता था, जिसका मतलब भारत ने ये 15 छक्के एक ही पारी में जड़े थे। इस दौरान सर्वाधिक 7 छक्के वीरेंदर सहवाग ने लगाए थे और 293 रन की पारी खेली थी। एमएस धोनी ने भी शानदार शतक जड़ा था और 6 छक्के उनके बल्ले से भी आये थे। वहीं एक-एक छक्का मुरली विजय और राहुल द्रविड़ के बल्ले से आया था।
#2 18 छक्के बनाम न्यूजीलैंड, मुंबई (2021)
भारत ने टेस्ट क्रिकेट में छक्कों के रिकॉर्ड में कई बार अपना नाम दर्ज कराया है। जिसमें एक टेस्ट में 15 छक्कों का रिकॉर्ड न्यूजीलैंड के खिलाफ खेले गए मुंबई टेस्ट मैच में टूट गया। भारत और न्यूजीलैंड के बीच वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए मैच में भारतीय टीम की तरफ से दोनों पारियों को मिलाकर कुल 18 छक्के लगे। इसमें भारत ने पहली पारी में 7 छक्के लगाए तो वहीं दूसरी पारी में 11 छक्के जड़े। इस दौरान मयंक अग्रवाल और अक्षर पटेल ने 5-5 छक्के लगाए।
#1 27 छक्के बनाम दक्षिण अफ्रीका, विशाखापट्नम (2019)
भारतीय टीम ने किसी एक टेस्ट मैच में सबसे ज्यादा छक्के लगाने का रिकॉर्ड साल 2019 में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ बनाया था। इस रिकॉर्ड का टूटना काफी मुश्किल है। क्योंकि इस मैच की दोनों ही पारियों में मिलाकर भारत ने कुल 27 छक्के जड़े थे। विशाखापट्नम में खेले गए इस टेस्ट मैच में भारतीय टीम ने जबरदस्त बल्लेबाजी करते हुए दक्षिण अफ्रीका के गेंदबाजों के खिलाफ पहली पारी में 13 छक्के लगाए तो दूसरी पारी में भी 14 छक्के जड़े। रोहित शर्मा के बल्ले से कुल 13 छक्के निकले तो मयंक अग्रवाल ने भी 6 छक्के मारे थे। इतना ही नहीं इसी मैच में दोनों टीमों ने मिलाकर कुल 37 छक्के लगाए थे। जो आज तक किसी एक टेस्ट मैच में सबसे ज्यादा छक्कों का रिकॉर्ड है।