एक वर्ल्डकप, एक वर्ल्ड टी20, एक चैंपियंस ट्रॉफ़ी, दो आईपीएल और एक चैंपियंस लीग और साथ ही साथ टेस्ट में भारत को पहली बार नंबर-1 बनाने का श्रेय इस भारतीय कप्तान को जाता है, जिसे लोग महेंद्र सिंह धोनी के नाम से जानते हैं। इससे ज़्यादा क्या और कुछ उम्मीद की जा सकती है ? वर्ल्ड टी20 से ठीक पहले धोनी से जब एक पत्रकार ने उनके संन्यास के बारे में पूछा था वह काफ़ी चिड़चिड़े हो गए थे। धोनी ने जवाब देते हुए कहा था, “कौन सी चीज़ कब होनी और क्यों होनी है ये सवाल करना हमेशा सही नहीं होता। अगर आपको सवाल पूछने का मंच मिला है तो इसका मतलब ये नहीं कि एक ही सवाल आप बार बार पूछते रहें जिसका जवाब देना मुझे पसंद नहीं।“ भारत के किसी भी कप्तान का जीत प्रतिशत धोनी के आस पास नहीं है, भारतीय क्रिकेट इतिहास के निसंदेह धोनी सबसे सफल और बड़े कप्तान हैं। धोनी ने टेस्ट क्रिकेट से संन्यास ले लिया है और अब सीमित ओवर में खेल रहे हैं, लेकिन 35 वर्षीय धोनी कब तक खेलते रहेंगे, ये अपने में एक बड़ा सवाल ज़रूर है। हाल में विकेट के पीछे तो धोनी का प्रदर्शन बिल्कुल वैसा ही जिसके लिए वह जाने जाते हैं, लेकिन विकेट के सामने महेंद्र सिंह धोनी अपने बल्ले से निराश ज़रूर कर रहे हैं। यही वजह है कि अब ऐसा लगने लगा है कि धोनी अपने संन्यास पर कोई बड़ा ऐलान जल्द ही कर सकते हैं।