5 बल्लेबाज जिन्होंने एकदिवसीय क्रिकेट में सबसे तेज़ 10,000 रन बनाए

वनडे में 10 हज़ार रन बनाना किसी भी क्रिकेटर के लिए आसान नहीं होता है। इसके लिए निरंतरता, फ़िटनेस, एकाग्रता, हुनर, क़ाबिलियत और सालों की मेहनत शामिल होती है। कुछ ही क्रिकेटर ऐसे हैं जिन्होंने इस ऊंचाइयों को छुआ है। अब तक सचिन तेंदुलकर, रिकी पोंटिंग, कुमार संगाकारा, सनथ जयसूर्या, महेला जयवर्धने, इंज़माम-उल-हक़, जैक्स कैलिस, सौरव गांगुली, ब्रायन लारा, तिलकरत्ने दिलशान और राहुल द्रविड़ ने वनडे में 10 हज़ार रन के आंकड़े को पार किया है। हाल में ही टीम इंडिया के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी 12वें ऐसे खिलाड़ी बने हैं जिन्होंने वनडे में 10 हज़ार रन पूरे किए हैं। विराट कोहली जल्द ही इस आंकड़े तक पहुंच जाएंगे और इसके साथ वो सबसे तेज़ 10 हज़ार रन बनाने वाले खिलाड़ी भी बन जाएंगे। हम यहां उन 5 खिलाड़ियों को लेकर चर्चा कर रहे हैं जिन्होंने वनडे में सबसे तेज़ 10 हज़ार रन बनाए हैं।

#5 एमएस धोनी, 273 पारी

एमएस धोनी 10 हज़ार रन पूरा करने वाले सबसे नए खिलाड़ी हैं। उन्होंने 320 वनडे की 273 पारियों में इस मुकाम को हासिल किया है। माही दुनिया के दूसरे ऐसे विकेटकीपर हैं जिन्होंने वनडे में इस आंकड़े को छुआ है। 37 साल के धोनी एकलौते ऐसे खिलाड़ी बन गए हैं जिन्होंने 50 से ज़्यादा की औसत से 10 हज़ार रन बनाए हैं। उनका औसत 51.30 का था। धोनी ने अपनी कप्तानी में टीम इंडिया को आईसीसी टी-20 और आईसीसी वर्ल्ड कप का ख़िताब दिलाया था। धोनी ने वनडे में 88.27 की स्ट्राइक रेट से 10 शतक और 67 अर्धशतक लगाए हैं।

#4 जैक्स कैलिस, 272 पारी

जैक्स कैलिस को दक्षिण अफ़्रीकी टीम के महानतम ऑलराउंडर्स में गिना जाता है। उन्होंने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के तीनों फ़ॉर्मेट में अपना जलवा बिखेरा है। वनडे और टेस्ट दोनों में उन्होंने 10 हज़ार रन बनाए हैं। उनकी बल्लेबाज़ी की तकनीक कमाल की थी। वो तीसरे ग़ैर एशियाई क्रिकेटर हैं जिन्होंने वनडे में 10 हज़ार या उससे ज़्यादा रन बनाए हैं। 328 वनडे की 272 पारियों में उन्होंने 44.36 की औसत से 11579 रन बनाए हैं। 50 ओवर के फ़ॉर्मेट में उन्होंने 17 शतक और 86 अर्धशतक लगाए हैं। उनके करियर में उनका स्ट्राइक रेट 72.89 का रहा था। इसके अलावा गेंदबाज़ी में उनका जलवा कम नहीं था, वनडे में उन्होंने 273 विकेट हासिल किए हैं।

#3 रिकी पोंटिंग, 266 पारी

ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान रिकी पोंटिंग को वनडे के महानतम खिलाड़ी के तौर पर जाना जाता है। उन्होंने अपनी कप्तानी में कंगारू टीम को 2003 और 2007 का वर्ल्ड कप दिलाया है। रिकी ने ऑस्ट्रेलियाई टीम के लिए 375 वनडे मैच खेले हैं और इस दौरान उन्होंने 42.03 की औसत से 13704 रन बनाए हैं। अपने वनडे करियर में उन्होंने 30 शतक और 82 अर्धशतक लगाए हैं। वो ऑस्ट्रेलिया की तरफ़ से वनडे में सबसे ज़्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी हैं। उन्होंने अपने वनडे करियर के 262 मैच में जीत हासिल की है। रिकी पोंटिंग ने 266वीं पारी में अपने 10 हज़ार रन पूरे किए थे। उन्होंने इस आंकड़े को 2007 के वर्ल्ड कप के दौरान छुआ था। 2003 के वर्ल्ड कप फ़ाइनल में उन्होंने जो शतक लगाया था वो हमेशा याद किया जाएगा।

#2 सौरव गांगुली, 263 पारी

सौरव गांगुली टीम इंडिया के बेहतरीन कप्तानों में से एक हैं। उन्होंने भारतीय क्रिकेट में क्रांति ला दी थी, क्योंकि उनके नेतृत्व से टीम इंडिया के प्रदर्शन में काफी बदलाव आया। सौरव गांगुली ने साल 1992 में अपने वनडे करियर की शुरुआत की थी। उन्होंने 311 वनडे की 263 पारी में 41.02 की औसत से अपने 10 हज़ार रन पूरे किए थे। उन्होंने इस मुकाम को 2005 में श्रीलंका के ख़िलाफ़ दांबुला में हासिल किया था। गांगुली ने अपने वनडे करियर में 22 शतक और 72 अर्धशतक लगाए थे। गांगुली ने अपने देश के बाहर कई शानदार पारियां खेली हैं। वो सचिन तेंदुलकर से साथ ओपनिंग करते थे। ऑफ़ साइड में वो जिस तरह के शॉट लगाते थे उससे उन्हें ‘गॉड ऑफ़ द ऑफ़ साइड’ कहा जाने लगा।

#1 सचिन तेंदुलकर, 259 पारी

बल्लेबाज़ी का शायद ही कोई रिकॉर्ड है जिसे सचिन तेंदुलकर ने अपने नाम न किया हों। वो दुनिया के सबसे महानतम खिलाड़ियों में से एक हैं। उन्होंने 463 वनडे मैच खेले हैं जो एक विश्व रिकॉर्ड है। उन्होंने वनडे में 18426 रन बनाए हैं जो कि एक कीर्तिमान है। वनडे में उन्होंने 49 और टेस्ट में 51 शतक लगाए हैं। इसके अलावा वो क्रिकेट इतिहास के पहले ऐसे बल्लेबाज़ हैं जिन्होंने वनडे की एक पारी में 200 रन के आंकड़े को छुआ था। उन्होंने साल 2001 में ऑस्ट्रेलिया के ख़िलाफ़ इंदौर में हुए एकदिवसीय मुकाबले में 10,000 रन पूरे किए थे। उन्होंने इस आंकड़े को छूने के लिए 259 पारियों का इस्तेमाल किया था। सचिन ने टेस्ट मैच में 15921 रन बनाए थे, इससे उनकी महानता साबित होती है।

लेखक- सुजिथ मोहन

अनुवादक- शारिक़ुल होदा