अंबाती रायडू को इस उम्मीद में सेलेक्ट किया गया था कि वो अगले सचिन तेंदुलकर होंगे...दिग्गज बल्लेबाज के संन्यास को लेकर आया बयान

Nitesh
India v Australia Previews
अंबाती रायडू को लेकर आया बड़ा बयान

अंबाती रायडू (Ambati Rayudu) के संन्यास को लेकर पूर्व क्रिकेटर आकाश चोपड़ा ने बड़ी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि रायडू को जब इंडियन टीम में लाया गया था तो उनसे ये उम्मीद थी कि वो अगले सचिन तेंदुलकर होंगे। आकाश चोपड़ा ने रायडू के साथ 2003 में इंडिया ए के टूर पर अपनी पहली मुलाकात को याद किया।

अंबाती रायडू ने आईपीएल 2023 के फाइनल के बाद अपने संन्यास का ऐलान कर दिया। अंबाती रायडू ने आईपीएल के अपने करियर में मुंबई इंडियंस और चेन्नई सुपर किंग्स का प्रतिनिधित्व किया और उन्होंने इस दौरान 6 बार आईपीएल का खिताब अपने नाम किया है। उन्होंने 3 बार मुंबई के लिए तो 3 ही बार चेन्नई के लिए आईपीएल ट्रॉफी जीती। पिछले कई सीजन से वो चेन्नई सुपर किंग्स टीम का हिस्सा थे।

हालांकि रायडू का इंटरनेशनल करियर उतना सफल नहीं रहा। अंबाती रायडू ने भारतीय टीम के लिए अपने करियर में 55 वनडे और 7 टी20 मुकाबले खेले थे। उन्हें कभी नियमित तौर पर टीम इंडिया में जगह नहीं मिली। रायडू को 2019 वर्ल्ड कप से पहले नंबर 4 के लिए तैयार किया जा रहा था और सबको ऐसा लगा था कि इस पोजिशन पर वही खेलेंगे लेकिन ऐसा नहीं हुआ। रायडू की जगह विजय शंकर को टीम में शामिल कर लिया गया था।

अंबाती रायडू को अगला सचिन तेंदुलकर माना जा रहा था - आकाश चोपड़ा

आकाश चोपड़ा ने उनको लेकर बड़ी प्रतिक्रिया दी है। अपने यू-ट्यूब चैनल पर बातचीत के दौरान उन्होंने कहा "अंबाती रायडू के साथ मेरी पहली मुलाकात 2003 में इंडिया ए के वेस्टइंडीज दौरे पर हुई थी। अंबाती रायडू को उस टीम में सेलेक्ट किया गया था। उस समय उनकी उम्र शायद सिर्फ 16 साल की रही होगी। उन्हें इस उम्मीद से सेलेक्ट किया गया था कि वो शायद अगले सचिन तेंदुलकर होंगे। उनके बारे में ये था कि उनके पास काफी टैलेंट है और वो बैटिंग के अलावा गेंदबाजी भी कर सकते हैं।"

आकाश चोपड़ा ने आगे कहा "अशोक मल्होत्रा हमारे कोच थे और सेलेक्टर्स से उन्हें ये खास डायरेक्शन मिला था कि वो रायडू का ख्याल रखें क्योंकि वो टीम इंडिया का फ्यूचर हैं। वीवीएस लक्ष्मण कप्तान थे और वो रायडू से काफी प्रभावित हुए थे।"

Quick Links

Edited by Nitesh
Be the first one to comment