Gujarat Titans Death Bowling IPL 2025: आईपीएल 2025 से पहले आकाश चोपड़ा अपने यूट्यूब चैनल पर हर टीम का एनालिसिस कर रहे हैं और उनकी चुनौतियों के बारे में भी बता रहे हैं। इसी कड़ी में उन्होंने आगामी सीजन के लिए गुजरात टाइटंस के लिए सबसे बड़ा चैलेंज डेथ ओवरों में गेंदबाजी को बताया है। चोपड़ा को लगता है कि गुजरात के पास आखिरी के ओवरों में गेंदबाजी के लिए अच्छे विकल्प नहीं मौजूद हैं। उन्होंने जीटी के स्क्वाड में शामिल दक्षिण अफ्रीकी गेंदबाज कगिसो रबाडा को भी डेथ में गेंदबाजी के लिए उपयुक्त नहीं माना।
गुजरात टाइटंस ने मेगा ऑक्शन में तेज गेंदबाजी विभाग को मजबूत करने पर ध्यान दिया और कई बड़े नामों को खरीदा। उन्होंने रबाडा को ₹10.75 करोड़ में खरीदा। इसके अलावा मोहम्मद सिराज (₹12.25 करोड़), प्रसिद्ध कृष्णा (₹9.50 करोड़), गेराल्ड कोएत्जी (₹2.40 करोड़), मोहम्मद अरशद खान (₹1.30 करोड़), गुरनूर सिंह बरार (₹1.30 करोड़), इशांत शर्मा (₹75 लाख), और कुलवंत खेजरोलीया (₹30 लाख) को बोलिंग डिपार्टमेंट का हिस्सा बनाया।
गुजरात टाइटंस को डेथ ओवरों में आ सकती है दिक्कत - आकाश चोपड़ा
आकाश चोपड़ा ने अपने यूट्यूब चैनल पर शेयर किए गए वीडियो में, गुजरात टाइटंस को लेकर बात की और उनके गेंदबाजी विभाग में डेथ ओवरों में अच्छे विकल्पों की कमी बताई। उन्होंने कहा,
"क्या उनके पास अच्छे डेथ बॉलर हैं? हम कगिसो रबाडा को एक स्थापित डेथ बॉलर नहीं मानते। वह आखिरी में अक्सर थोड़ा महंगे साबित हो गए हैं। यही कहानी गेराल्ड कोएत्जी की भी है। प्रसिद्ध कृष्णा और मोहम्मद सिराज भी आखिरी में रन लुटाते हैं। तो उनके पास नए गेंद के साथ कई अच्छे विकल्प हैं। नई गेंद मूव भी करेगी और वे विकेट लेंगे, वे बहुत प्रभावशाली होंगे, लेकिन आप उनकी टीम में अंत में एक संभावित कमजोरी पा सकते हैं। वहां कोई विशेषज्ञ डेथ बॉलर नहीं है। यह एक चुनौती हो सकती है।"
आपको बता दें कि गुजरात टाइटंस का प्रदर्शन पिछले सीजन ज्यादा अच्छा नहीं रहा था और टीम को लीग स्टेज से ही बाहर होना पड़ा था। इस बार गुजरात की टीम बेहतर प्रदर्शन करने को देखेगी। उसका पहला मैच 25 मार्च को पंजाब किंग्स से है।