ये बहुत बड़ा ब्लंडर था...अंबाती रायडू को लेकर अनिल कुंबले ने विराट कोहली और रवि शास्त्री पर साधा निशाना

अंबाती रायडू को लेकर बड़ी प्रतिक्रिया आई सामने
अंबाती रायडू को लेकर बड़ी प्रतिक्रिया आई सामने

चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के दिग्गज खिलाड़ी अंबाती रायडू (Ambati Rayudu) के संन्यास के बाद उनको लेकर पूर्व भारतीय कप्तान अनिल कुंबले (Anil Kumble) ने बड़ी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि अंबाती रायडू को इंडियन टीम में अच्छी तरह से हैंडल नहीं किया गया। उन्हें 2019 के वर्ल्ड कप में खेलने के लिए तैयार किया गया था लेकिन इसके बावजूद उन्हें टीम में जगह नहीं मिली। उन्होंने अप्रत्यक्ष तौर पर विराट कोहली और रवि शास्त्री पर निशाना साधा है।

अंबाती रायडू ने आईपीएल 2023 के फाइनल के बाद अपने संन्यास का ऐलान कर दिया। अंबाती रायडू ने आईपीएल के अपने करियर में मुंबई इंडियंस और चेन्नई सुपर किंग्स का प्रतिनिधित्व किया और उन्होंने इस दौरान 6 बार आईपीएल का खिताब अपने नाम किया है। उन्होंने 3 बार मुंबई के लिए तो 3 ही बार चेन्नई के लिए आईपीएल ट्रॉफी जीती। पिछले कई सीजन से वो चेन्नई सुपर किंग्स टीम का हिस्सा थे।

रायडू को 2019 वर्ल्ड कप से पहले नंबर 4 के लिए तैयार किया जा रहा था और सबको ऐसा लगा था कि इस पोजिशन पर वही खेलेंगे लेकिन ऐसा नहीं हुआ। रायडू की जगह विजय शंकर को टीम में शामिल कर लिया गया और उस वक्त इसको लेकर काफी चर्चा भी हुई थी।

अंबाती रायडू को लेकर अनिल कुंबले की बड़ी प्रतिक्रिया

वहीं अनिल कुंबले ने कहा कि टीम इंडिया से 2019 वर्ल्ड कप के दौरान गलती हुई थी और रायडू को उसमें खेलना चाहिए था। उन्होंने आईपीएल 2023 के फाइनल के बाद जियो सिनेमा पर बातचीत के दौरान कहा,

अंबाती रायडू को 2019 वर्ल्ड कप में खेलना चाहिए था। इसमें कोई शक ही नहीं है कि वो एक बहुत बड़ा ब्लंडर था। आपने इतने लंबे समय तक उन्हें इस रोल के लिए तैयार किया और फिर अचानक उनका नाम टीम से गायब हो गया। ये काफी हैरान करने वाला था।

आपको बता दें कि अंबाती रायडू ने भारतीय टीम के लिए अपने करियर में 55 वनडे और 7 टी20 मुकाबले खेले थे।

Quick Links

App download animated image Get the free App now