चैपल-हैडली सीरीज के पहले मैच में स्टीवन स्मिथ और मार्टिन गप्टिल ने बनाए कई खास रिकॉर्ड

ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड के बीच रविवार को खेले गए चैपल-हैडली के पहले वन-डे में सारी सुर्खियां स्टीवन स्मिथ ने बंटोर ली। पहले तो उन्होंने अपने वन-डे करियर की सर्वश्रेष्ठ पारी खेली और फिर पॉइंट पर बीजे वॉटलिंग का बाएं हाथ से शानदार कैच लपककर ऑस्ट्रेलिया को तीन मैचों की सीरीज में 1-0 की बढ़त दिलाई। स्मिथ को उनके शानदार प्रदर्शन के लिए मैन ऑफ़ द मैच चुना गया। ऑस्ट्रेलिया ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया और स्मिथ (164 रन) की पारी की बदौलत न्यूजीलैंड के सामने 325 रन का लक्ष्य रखा। न्यूजीलैंड की तरफ से ओपनर मार्टिन गप्टिल (114 रन) ने शानदार शतक जड़ा, लेकिन पूरी टीम 256 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। हालांकि, पहले वन-डे में कई दिलचस्प रिकॉर्ड बने, चलिए एक नजर डालते हैं # मार्टिन गप्टिल वन-डे में सबसे तेज 5,000 रन बनाने वाले न्यूजीलैंड के पहले बल्लेबाज बन गए हैं। उन्होंने यह उपलब्धि 135वें वन-डे मैच में हासिल की। गप्टिल ने रॉस टेलर (144 पारी) के रिकॉर्ड को तोड़ा। विश्वस्तर पर गप्टिल सबसे तेज 5,000 रन बनाने वालों की सूची में 10वें स्थान पर हैं। # सिर्फ डेविड वॉर्नर ही एकमात्र बल्लेबाज हैं, जिन्होंने 2016 में स्टीव स्मिथ से अधिक रन बनाए हैं। स्मिथ ने 2016 में अब तक 51।52 की औसत से 1,082 रन बनाए हैं। # एक वर्ष में एक हजार रन बनाने वाले दूसरे ऑस्ट्रेलियाई कप्तान बने स्टीवन स्मिथ। इससे पहले रिकी पोंटिंग चार मर्तबा यह कारनामा कर चुके हैं। # रिकी पोंटिंग (164), स्टीव स्मिथ (164) और जॉर्ज बैली (156) ऑस्ट्रेलिया के तीन कप्तान हैं, जिन्होंने वन-डे में 150 से अधिक रन की पारी खेली। # स्टीव स्मिथ ने 164 रन की पारी में चार छक्के जमाए। यह वन-डे की एक पारी में उनके द्वारा लगाए सर्वाधिक छक्के हैं। इससे पहले भारत के खिलाफ उन्होंने एक पारी में तीन छक्के जमाए थे। # मार्टिन गप्टिल 5,000 एकदिवसीय रन बनाने वाले पांचवें कीवी बल्लेबाज बने। विश्व स्तर पर यह उपलब्धि हासिल करने वाले वह 79वें बल्लेबाज हैं। # ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वन-डे में गप्टिल द्वारा बनाए 114 रन कीवी बल्लेबाजों में छठा सर्वश्रेष्ठ स्कोर है। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ शतक लगाने वाले वह तीसरे कीवी ओपनर बने। # मार्टिन गप्टिल ने 2016 में अब तक 26 छक्के जमाए है। क्विंटन डी कॉक के साथ वह संयुक्त रूप से 2016 में सर्वाधिक छक्के लगाने की सूची में शीर्ष स्थान पर काबिज हैं। # 2016 में एडम ज़म्पा ने अब तक 30 विकेट लिए हैं, जो किसी भी गेंदबाज से ज्यादा हैं। जॉन हेस्टिंग्स और आदिल रशीद के नाम पिछला रिकॉर्ड दर्ज था, जिन्होंने 29 विकेट लिए थे। # लोकी फर्ग्युसन ने 73 रन देकर एक विकेट लिया, जो कीवी खिलाड़ी द्वारा डेब्यू में किया सबसे महंगा स्पेल रहा। उन्होंने डैनी मॉरिसन (0/69) के भारत के खिलाफ शर्मनाक रिकॉर्ड को पीछे छोड़ा। # सिडनी क्रिकेट ग्राउंड पर पिछला सर्वश्रेष्ठ व्यक्तिगत वन-डे रिकॉर्ड दक्षिण अफ्रीका के कप्तान एबी डीविलियर्स के नाम दर्ज था, जिन्होंने वेस्टइंडीज के खिलाफ 2015 विश्व कप में 162 रन की पारी खेली थी। अब यह रिकॉर्ड स्टीव स्मिथ के नाम दर्ज हो गया है। # स्मिथ ने 164 रन की पारी खेली, जो ऑस्ट्रेलियाई कप्तान के रूप में संयुक्त रूप से सर्वाधिक है। रिकी पोंटिंग ने 2006 में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ वांडरर्स के मैदान पर 164 रन की पारी खेली थी। # 1999 में हैदराबाद में सचिन तेंदुलकर द्वारा बनाए 186* रन की पारी का रिकॉर्ड आज भी बरक़रार है। न्यूजीलैंड के खिलाफ वन-डे में किसी भी टीम के कप्तान द्वारा बनाया गया यह सर्वश्रेष्ठ स्कोर है। स्मिथ अब इस सूची में दूसरे स्थान पर पहुंच गए हैं। # आरोन फिंच आज शून्य पर आउट हुए। इससे पहले वन-डे में सिडनी क्रिकेट ग्राउंड पर 2007 में एडम गिलक्रिस्ट शून्य पर आउट होने वाले बल्लेबाज थे।

Edited by Staff Editor
Sportskeeda logo
Close menu
Cricket
Cricket
WWE
WWE
Free Fire
Free Fire
Kabaddi
Kabaddi
Other Sports
Other Sports
bell-icon Manage notifications