ग्रेटर नॉएडा में खेले जा रहे दिलीप ट्रॉफी फाइनल के दूसरे दिन आज इंडिया ब्लू ने मैच पर अपना शिकंजा कस लिया है। चेतेश्वर पुजारा ने बेहतरीन दोहरा शतक लगाया और शेल्डन जैक्सन के साथ मिलकर टीम को एक बड़े स्कोर तक पहुंचा दिया। पांच दिन के इस मैच में अब इंडिया रेड की टीम दबाव में है और सबसे पहले उनके दिमाग में फॉलोऑन का स्कोर होगा। हालाँकि शुरूआती विकेट लेने के बाद अब इंडिया ब्लू कल इंडिया रेड के ऊपर और दबाव बनाना चाह रही होगी। कल के स्कोर 362/3 से आगे खेलते हुए आज इंडिया ब्लू को दिनेश कार्तिक के रूप में पहला झटका पहली ही गेंद पर लग गया। इसके बाद पुजारा ने शेल्डन जैक्सन के साथ मिलकर 243 रनों की जबरदस्त साझेदारी निभाई और इंडिया रेड के गेंदबाजों के पास इतनी शानदार बल्लेबाजी का कोई जवाब नहीं था। शेल्डन जैक्सन 134 रन बनाकर अमित मिश्रा की गेंद पर आउट हुए। चेतेश्वर पुजारा ने अपना एक और दोहरा शतक पूरा किया और फिर छठे विकेट के लिए रविन्द्र जडेजा के साथ तेज़ 88 रन जोड़े। जडेजा के 48 रन पर आउट होते ही गंभीर ने पारी समाप्त घोषित कर दी। इंडिया रेड की तरफ से अमित मिश्रा ने दो, स्टुअर्ट बिन्नी, प्रदीप सांगवान, कुलदीप यादव और अभिनव मुकुंद ने एक-एक विकेट लिया। चेतेश्वर पुजारा ने नाबाद 256 रन बनाये और ये 250 से ऊपर का उनका पांचवां स्कोर है। उन्होंने प्रथम श्रेणी क्रिकेट में तीन तिहरे शतक भी लगाये हैं। इतने बड़े स्कोर के सामने इंडिया रेड की शुरुआत काफी खराब रही और पंकज सिंह ने पहले ही ओवर में अभिनव मुकुंद और सुदीप चटर्जी को लगातर दो गेंदों पर आउट कर दिया। इसके बाद शिखर धवन ने युवराज के साथ मिलकर टीम को आगे कोई झटका नहीं लगने दिया और दिन का खेल खत्म होने तक 9 ओवरों में इंडिया रेड ने 16/2 का स्कोर बना लिया था। शिखर धवन 14 और युवराज सिंह 26 गेंदों में बिना कोई रन बनाये खेल रहे हैं। अब देखना है कि क्या कल इंडिया रेड बढ़िया बल्लेबाजी करके इंडिया ब्लू को चुनौती देगी या फिर इंडिया ब्लू उन्हें फॉलोऑन के लिए मजबूर कर देंगी। स्कोरकार्ड: इंडिया ब्लू: 693/6 (पुजारा 256, शेल्डन जैक्सन 134) इंडिया रेड: 16/2 (धवन 14*, पंकज सिंह 2/12)