Commonwealth Games Qualifier 2022 के पहले दिन बांग्लादेश और श्रीलंका ने जीत के साथ शुरुआत की। कुआलालंपुर में खेले जा रहे 5 टीमों के क्वालीफ़ायर टूर्नामेंट में बांग्लादेश ने मेजबान मलेशिया को 8 विकेट और श्रीलंका ने स्कॉटलैंड को 109 रनों से बुरी तरह हराया। गौरतलब है कि 5 में टॉप पर रहने वाली टीम Commonwealth Games 2022 के लिए क्वालीफाई कर जाएंगी।
पहले मैच में टॉस हारकर पहले खेलते हुए मलेशिया की टीम 20 ओवर में सिर्फ 49/9 का स्कोर ही बना सकी, जिसके जवाब में बांग्लादेश ने 8 ओवर में ही दो विकेट खोकर एकतरफा जीत हासिल कर ली। बांग्लादेश की तरफ से रूमाना अहमद ने 4 ओवर में सिर्फ 4 रन देकर दो विकेट लिए और उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। उनके अलावा सुरैया अज़मीन ने 7 रन देकर दो विकेट लिए। बल्लेबाजी में बांग्लादेश की शमीमा सुल्ताना ने सबसे ज्यादा 28 रन बनाये।
![Commonwealth Games Qualifier 2022](https://statico.sportskeeda.com/editor/2022/01/2f717-16425031535288-1920.jpg?w=190 190w, https://statico.sportskeeda.com/editor/2022/01/2f717-16425031535288-1920.jpg?w=720 720w, https://statico.sportskeeda.com/editor/2022/01/2f717-16425031535288-1920.jpg?w=640 640w, https://statico.sportskeeda.com/editor/2022/01/2f717-16425031535288-1920.jpg?w=1045 1045w, https://statico.sportskeeda.com/editor/2022/01/2f717-16425031535288-1920.jpg?w=1200 1200w, https://statico.sportskeeda.com/editor/2022/01/2f717-16425031535288-1920.jpg?w=1460 1460w, https://statico.sportskeeda.com/editor/2022/01/2f717-16425031535288-1920.jpg?w=1600 1600w, https://statico.sportskeeda.com/editor/2022/01/2f717-16425031535288-1920.jpg 1920w)
दूसरे मैच में टॉस जीतकर पहले खेलते हुए श्रीलंका ने 20 ओवर में 182/4 का बड़ा स्कोर बनाया, जिसके जवाब में स्कॉटलैंड की टीम 12.1 ओवर में सिर्फ 73 रन बनाकर ऑल आउट हो गई। श्रीलंका की कप्तान चमारी अट्टापट्टू ने 45 गेंदों में 86 रनों की धुआंधार पारी खेली और उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। गेंदबाजी में उदेशिका प्रबोधनी, अमा कंचना और सचिनी निसंसाला ने दो-दो विकेट लिए।
19 जनवरी को पहले मैच में बांग्लादेश का सामना केन्या और दूसरे मैच में मेजबान मलेशिया का सामना स्कॉटलैंड के खिलाफ होगा।
Commonwealth Games 2022 में महिला क्रिकेट को शामिल किया गया है और मेजबान इंग्लैंड के अलावा भारत, पाकिस्तान, ऑस्ट्रेलिया, न्यूजीलैंड, दक्षिण अफ्रीका और बारबाडोस की टीमें इसमें हिस्सा लेने वाली हैं। आठवीं टीम का फैसला Commonwealth Games Qualifier टूर्नामेंट से होने वाला है, जिसमें श्रीलंका और बांग्लादेश का पलड़ा सबसे भारी है।