महेंद्र सिंह धोनी बने विस्डन की भारतीय ऑल टाइम टेस्ट टीम के कप्तान

भारत के पूर्व टेस्ट कप्तान और मौजूदा एकदिवसीय और टी20 कप्तान महेंद्र सिंह धोनी को विस्डन ने भारत की ऑल टाइम टेस्ट XI का कप्तान नियुक्त किया है। विस्डन इंडिया ने भारत के 500वें टेस्ट के मौके पर पर इस टीम की घोषणा की है जिसकी कमान भारत के सबसे सफल टेस्ट कप्तान धोनी को दी गई है। टीम में ओपनर के तौर पर महान सुनील गावस्कर के साथ वीरेंदर सहवाग को चुना गया है। लिटिल मास्टर के नाम से पहचाने जाने वाले सुनील गावस्कर ने टेस्ट क्रिकेट में 34 शतक की मदद से 10122 रन बनाये हैं। सहवाग को अपने धुआंधार खेल के लिए जाना जाता था और उन्होंने 103 टेस्ट खेलकर भारत के लिए 8503 रन बनाये हैं। तीसरे नंबर पर विश्व के सबसे शानदार बल्लेबाजों में से एक राहुल द्रविड़ को जगह मिली है। कई सालों तक द्रविड़ ने भारत के लिए बेहतरीन प्रदर्शन किया और 163 टेस्ट खेलकर 36 शतक की मदद से 13265 रन बनाये। चौथे नंबर पर निश्चित तौर पर महान सचिन तेंदुलकर को जगह मिली है जिन्होंने दो दशक से भी ज्यादा समय तक भारतीय बल्लेबाजी का ज़िम्मा अपने कंधों पर उठाया। सचिन ने 200 टेस्ट खेलकर 15921 रन बनाये और इसमें उन्होंने 51 शतक भी जड़े। पांचवें नंबर पर वेरी वेरी स्पेशल लक्ष्मण को जगह मिली है, जिन्होंने टेस्ट क्रिकेट में भारत के लिए बेहतरीन प्रदर्शन किया है। उन्होंने 134 टेस्ट खेलकर 8781 रन बनाये हैं। छठे स्थान पर भारत के महानतम ऑलराउंडर कपिल देव को जगह दी गई है जिन्होंने 131 टेस्ट खेले और 434 विकेट लेने के साथ 5248 रन भी बनाये। विकेटकीपर के तौर पर टीम में महेंद्र सिंह धोनी को जगह दी गई है और उन्हें ही इस टीम का कप्तान भी नियुक्त किया गया है। धोनी ने भारत के लिए 90 टेस्ट खेले और इसमें से 60 मैचों में भारत की कप्तानी की है। उन्होंने भारत के लिए रिकॉर्ड 27 टेस्ट जीते। गेंदबाजों में टीम में महान लेग स्पिनर अनिल कुंबले के अलावा बिशन सिंह बेदी, जवागल श्रीनाथ और ज़हीर खान को टीम में जगह मिली है। कुंबले ने भारत के लिए रिकॉर्ड 619 विकेट लिए हैं। ज़हीर ने 311 और श्रीनाथ ने 236 विकेट लिए हैं। बिशन सिंह बेदी ने टेस्ट क्रिकेट में 266 विकेट लिए हैं। यहाँ भारत के सफलतम ऑफ़ स्पिनर हरभजन सिंह टीम में जगह बनाने से चुक गए। हरभजन ने भारत के लिए 417 विकेट लिए हैं। टीम में 12वें खिलाड़ी के तौर पर मोहम्मद अजहरुद्दीन को जगह दी गई है और सौरव गांगुली टीम में जगह नहीं बना पाए। इसके अलावा क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने भी अपनी ऑल टाइम भारतीय टेस्ट XI निकाली है जिसमें धोनी को ही कप्तान नियुक्त किया गया है। उनकी टीम में विस्डन की टीम से बिशन सिंह बेदी और जवागल श्रीनाथ मौजूद नहीं हैं और उनकी जगह सौरव गांगुली और हरभजन सिंह को टीम में शामिल किया गया है।