रॉबिन उथप्पा अब इस विदेशी लीग में चौके-छक्के लगाते आएंगे नजर, प्रमुख टीम में हुए शामिल

रॉबिन उथप्पा अब इस टी20 लीग का हिस्सा होंगे
रॉबिन उथप्पा अब इस टी20 लीग का हिस्सा होंगे

विस्फोटक बल्लेबाज रॉबिन उथप्पा (Robin Uthappa) अब दुबई की इंटरनेशनल लीग टी20 में खेलते हुए नजर आएंगे। दुबई कैपिटल्स (Dubai Capitals) की टीम ने उनके साथ करार किया है। दुबई, शारजाह और अबुधाबी में होने वाली नई लीग का हिस्सा बनने वाले वो पहले भारतीय खिलाड़ी बन गए हैं।

दुबई कैपिटल्स की अगर बात करें तो आईपीएल में दिल्ली कैपिटल्स फ्रेंचाइजी का ही ये एक हिस्सा है। लीग के नियमों में कुछ बदलाव किया गया और उसके बाद दुबई कैपिटल्स ने रॉबिन उथप्पा को साइन किया। इससे पहले 18 खिलाड़ियों के स्क्वाड में 12 विदेशी खिलाड़ियों, दो एसोसिएट प्लेयर्स और चार स्थानीय यूएई क्रिकेटर्स को साइन करने का नियम था। हालांकि अब नए नियमों के मुताबिक 25 खिलाड़ियों तक को साइन किया जा सकता है।

दुबई कैपिटल्स की टीम में कई दिग्गज प्लेयर शामिल हैं

रॉबिन उथप्पा अब दुबई कैपिटल्स के 19वें प्लेयर बन गए हैं। टीम में इससे पहले श्रीलंका के कप्तान दासुन शनाका, वेस्टइंडीज के रोवमैन पॉवेल, अफगानिस्तान के मुजीब उर रहमान और जिम्बाब्वे के स्टार प्लेयर सिकंदर रजा शामिल हैं। सैलरी कैप की अगर बात करें तो ये $ 2.5 मिलियन था और सभी छह फ्रेंचाइजी के पास नए प्लेयर्स को साइन करने के लिए पैसे बचे हुए थे। इसी वजह से दुबई कैपिटल्स ने रॉबिन उथप्पा को खरीदने में देरी नहीं दिखाई। नए नियमों के बाद यूसुफ पठान और सुरेश रैना जैसे खिलाड़ियों के लिए भी दरवाजे खुल गए हैं। अभी तक इन दोनों प्लेयर्स को साइन नहीं किया गया है लेकिन क्रिकबज्ज की रिपोर्ट के मुताबिक दोनों प्लेयर्स को एप्रोच जरूर किया गया है।

आपको बता दें कि बीसीसीआई किसी भी एक्टिव इंडियन प्लेयर को विदेशी लीग में खेलने की इजाजत नहीं देती है। हालांकि रॉबिन उथप्पा, सुरेश रैना और यूसुफ पठान जैसे खिलाड़ी आईपीएल समेत घरेलू क्रिकेट से भी संन्यास ले चुके हैं। इसी वजह से ये प्लेयर विदेशी लीग में खेल सकते हैं।

Quick Links

Edited by सावन गुप्ता
Be the first one to comment