Dubai Capitals Won International League T20 Title : दिल्ली कैपिटल्स की फ्रेंचाइजी दुबई कैपिटल्स ने इंटरनेशनल लीग टी20 का खिताब अपने नाम कर लिया है। रविवार को खेले गए फाइनल मैच में दुबई कैपिटल्स ने डेजर्ट वाइपर्स की टीम को 4 विकेट से हराया। पहले बल्लेबाजी करते हुए डेजर्ट वाइपर्स ने निर्धारित 20 ओवर्स में 5 विकेट के नुकसान पर 189 रनों का विशाल स्कोर बनाया। इसके जवाब में दुबई कैपिटल्स ने इस टारगेट को 19.2 ओवर में 6 विकेट खोकर हासिल कर लिया। सिकंदर रजा ने आखिर के दो ओवरों में धुआंधार बल्लेबाजी करते हुए अपनी टीम को चैंपियन बना दिया।
पहले बल्लेबाजी करने उतरी डेजर्ट वाइपर्स की शुरुआत उतनी अच्छी रही नहीं। टीम के दोनों ही सलामी बल्लेबाज रहमानुल्लाह गुरबाज और एलेक्स हेल्स सिर्फ 5-5 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। डेन लॉरेंस भी कुछ खास नहीं कर पाए और केवल 10 ही रन बना सके। इसके बाद मैक्स होल्डेन और कप्तान सैम करन ने पारी को संभाला। इन दोनों खिलाड़ियों ने काफी धुआंधार बल्लेबाजी की। मैक्स होल्डन ने मात्र 51 गेंद पर 12 चौके की मदद से 76 रनों की धुआंधार पारी खेली। जबकि कप्तान सैम करन ने 33 गेंद पर 5 चौके और 3 छक्के की मदद से नाबाद 62 रन बनाए। विकेटकीपर बल्लेबाज आजम खान ने भी 13 गेंद पर 27 रनों की पारी खेली।
रोवमैन पॉवेल और सिकंदर रजा ने दुबई कैपिटल्स को बनाया चैंपियन
टारगेट का पीछा करने उतरी दुबई कैपिटल्स के लिए सलामी बल्लेबाज शाई होप ने 39 गेंद पर 43 रन बनाए। हालांकि टीम का मिडिल ऑर्डर फ्लॉप रहा। डेविड वॉर्नर 4, गुलबदीन नईब 5 और कप्तान सैम बिलिंग्स सिर्फ 6 रन ही बना सके। इसके बाद रोवमैन पॉवेल ने पारी को संभाला। उन्होंने काफी धुआंधार बल्लेबाजी की और अकेले दम पर मैच को आखिर तक लेकर गए। पॉवेल ने 38 गेंद पर 7 चौके और 3 छक्के की मदद से 63 रनों की धुआंधार पारी खेली। उनके आउट होने के बाद ऐसा लगा कि मैच दुबई कैपिटल्स के हाथ से फिसल सकता है लेकिन सिकंदर रजा ने तूफानी पारी खेल टीम को चैंपियन बना दिया। उन्होंने 12 गेंद पर 5 चौके और 1 छक्के की मदद से नाबाद 34 रन बनाए। मोहम्मद आमिर के खिलाफ 19वें ओवर में उन्होंने काफी ताबड़तोड़ बैटिंग की।