अजिंक्य रहाणे ने दोहरा शतक जड़ टीम का स्कोर 600 के करीब पहुंचाया, पृथ्वी शॉ ने भी शतक बनाया

Australia v India: 2nd Test - Day 2
अजिंक्य रहाणे ने धाकड़ बैटिंग की (सांकेतिक फोटो)

दिलीप ट्रॉफी (Duleep Trophy) के दूसरे दिन बल्लेबाजों ने बेहतरीन काम किया। भारतीय टीम (Indian Team) के खिलाड़ी अजिंक्य रहाणे (Ajinkya Rahane) ने धमाकेदार खेल का प्रदर्शन करते हुए दोहरा शतक जमाया। वह 207 रन बनाकर नाबाद हैं। उनके अलावा यशस्वी जायसवाल ने भी दोहरा शतक जड़ा। पृथ्वी शॉ ने शतक जड़ा।

पहला क्वार्टर फाइनल, वेस्ट जोन vs नॉर्थ-ईस्ट जोन

वेस्ट जोन ने दूसरे दिन के खेल में बेहतरीन बल्लेबाजी का प्रदर्शन किया। पृथ्वी शॉ और यशस्वी जायसवाल पहले विकेट की साझेदारी को 206 रनों के कुल स्कोर तक लेकर गए। शॉ अपना शतक पूरा करने के बाद 113 रनों के निजी स्कोर पर आउट हो गए। उनके बाद अजिंक्य रहाणे बल्लेबाजी के लिए आए। उनके साथ जायसवाल टिके और शतक के बाद भी खेलते रहे। रहाणे और जायसवाल ने नॉर्थ-ईस्ट जोन के खिलाड़ियों को थकाने का काम किया और गेंदबाजों को विकेट के लिए तरसाया। रहाणे ने शतक पूरा कर लिया। उधर जायसवाल अपना दोहरा शतक जड़ने में सफल रहे। दोनों स्कोर को 500 के पार लेकर गए। यशस्वी जायसवाल 228 रन बनाकर आउट हुए। अजिंक्य रहाणे भी टिके रहे और दोहरा शतक जड़ने में सफल रहे। वह स्टंप्स तक 207 रन बनाकर नाबाद थे। राहुल त्रिपाठी उनके साथ 25 रन बनाकर नाबाद थे। इस तरह स्टंप्स तक वेस्ट जोन ने 2 विकेट पर 590 रन बनाए।

दूसरा क्वार्टर फाइनल, नॉर्थ जोन vs ईस्ट जोन

ईस्ट जोन की टीम में दूसरे दिन के खेल में एक मजबूत स्कोर हासिल कर लिया। पहले बैटिंग करते हुए पहली पारी में ईस्ट जोन ने 397 रनों का स्कोर हासिल किया। विराट सिंह ने बेहतरीन शतक जमाया और वह 117 रन बनाकर आउट हो गए। उनके अलावा शाहबाज अहमद ने भी 62 रनों की पारी खेली। नॉर्थ जोन के लिए नवदीप सैनी और निशांत सिंधू ने 3-3 विकेट झटके। जवाब में खेलते हुए स्टंप्स तक नॉर्थ जोन ने बिना कोई विकेट गंवाए 65 रन बनाए। यश धुल 35 और मनन वोहरा 20 रन बनाकर नाबाद लौटे।

Quick Links