साथी खिलाड़ी ने एमएस धोनी को बताया फिनिशिंग का मास्टर, खुद के प्रदर्शन को लेकर भी दी प्रतिक्रिया 

एमएस धोनी और ड्वेन प्रिटोरियस ने अंतिम दो ओवरों में मैच चेन्नई के पक्ष में कर दिया
एमएस धोनी और ड्वेन प्रिटोरियस ने अंतिम दो ओवरों में मैच चेन्नई के पक्ष में कर दिया

आईपीएल 20202 (IPL 2022) में गुरुवार को हुए मुकाबले में चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) ने मुंबई इंडियंस (MI) को तीन विकेट से शिकस्त दी। इस रोमांचक जीत में अंतिम ओवर में जहाँ एमएस धोनी का जलवा रहा, वहीं उससे पहले जसप्रीत बुमराह के ओवर में ऑलराउंडर ड्वेन प्रिटोरियस (Dwayne Pretorious) ने दो चौके लगाते हुए अहम योगदान दिया था। धोनी के साथ अपनी साझेदारी को लेकर दक्षिण अफ्रीकी ऑलराउंडर ने खुशी जताई।

चेन्नई सुपर किंग्स ने डीवाई पाटिल स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में मुंबई इंडियंस को 3 विकेट से हरा दिया। पहले बल्लेबाजी करते हुए मुंबई इंडियंस ने तिलक वर्मा की नाबाद 51 रनों की पारी की बदौलत 20 ओवर में 155/7 का स्कोर खड़ा किया। जवाब में चेन्नई सुपर किंग्स ने सात विकेट खोकर 156 रन बनाते हुए आखिरी गेंद पर जीत दर्ज की। अंतिम चार गेंदों में सीएसके को 16 रनों की दरकार थी। यहां से धोनी ने जयदेव उनादकट के ओवर की तीसरी गेंद पर छक्का लगाया और अगली गेंद पर चौका जड़ा। पांचवीं गेंद पर धोनी ने दो रन लिए तथा अंतिम गेंद पर चौका लगाकर टीम को जीत दिला दी। उन्होंने 13 गेंदों में 28 रन की नाबाद पारी खेली।

टीम की जीत में योगदान देकर ख़ुशी हो रही है - ड्वेन प्रिटोरियस

मैच के बाद प्रेजेंटेशन में प्रिटोरियस ने कहा,

वह (धोनी) फिनिशिंग में मास्टर हैं। आज रात फिर से किया। पहले ओवर में उस स्कूप शॉट के लिए जाना चाहता था। उन्होंने मुझे इंतजार करने के लिए कहा। मैंने उनसे फिर से पूछा और उन्होंने कहा कि इसके लिए जाओ। गेंदबाजी पर काम कर रहा हूं। अपनी टीम की जीत में योगदान देकर खुशी हो रही है।

आपको बता दें कि 106 के स्कोर पर रविंद्र जडेजा के रूप में छठवां विकेट गिरने के बाद प्रिटोरियस क्रीज़ पर आये और उन्होंने अंतिम ओवर में आउट होने से पहले धोनी के साथ 21 गेंदों में 33 रन की साझेदारी की। उन्होंने 14 गेंदों में 22 रन बनाये, जिसमें दो चौके और एक छक्का शामिल था।

Quick Links

Edited by Prashant Kumar