आईपीएल इतिहास में दिल्ली डेयरडेविल्स की टीम बेहद शानदार रही हैं, लेकिन इस बात पर भी यकीन कर पाना मुश्किल है कि यह टीम अब तक आईपीएल ख़िताब अपने नाम नहीं कर सकी है। दिल्ली की टीम ख़िताब के सबसे करीब आईपीएल 2009 में गई थी, जहां उसे सेमीफाइनल में डेक्कन चार्जर्स के खिलाफ शिकस्त झेलना पड़ी थी। पहले सत्र से वीरेंदर सहवाग की कप्तानी के साथ-साथ कई महान खिलाड़ियो से सजी इस टीम ने आईपीएल में अपने आपको काफी शानदार तरीके से दिखाया है। दिल्ली में स्टार खिलाड़ियों की फ़ौज रही है और अगर उस आधार पर हम टीम बनाकर देखे तो दिल्ली की यह टीम निश्चित ही आईपीएल का ख़िताब जीतने में कामयाब हो सकती है। आईए नजर डालते हैं दिल्ली डेयरडेविल्स की महानतम एकादश पर :
सलामी बल्लेबाज
जब भी आधुनिक क्रिकेट की बात हो और क्रिकेट में जहां सिर्फ मनोरंजन की बात हो तो हम वीरेंदर सहवाग का नाम सबसे ऊपर रखना चाहेंगे। सहवाग जैसा तूफानी बल्लेबाज टी20 में मनोरंजन का पैकज माना जाता हैं। सभी क्रिकेट के प्रारूपो में सहवाग ने अपनी बल्लेबाजी का जौहर दिखाया हैं। उनकी आक्रामक बल्लेबाजी पर किसी भी प्रकार का संदेह करना उनकी काबिलियत के खिलाफ माना जाता हैं।
| मैच | रन | औसत | स्ट्राइक-रेट | 
| 86 | 2382 | 29.77 | 158.37 | 
आईपीएल में धुंआधार बल्लेबाजी के लिए विख्यात सहवाग ने दिल्ली की तरफ से 86 मैचों में ताबड़तोड़ 158 के स्ट्राइक रेट से 2382 रन बनाये हैं। दिल्ली डेयरडेविल्स की ऑल टाइम इलेवन में सहवाग का नाम सबसे ऊपर होगा और सलामी बल्लेबाज की जगह सहवाग के लिए सबसे बेहतरीन जगह में से एक होगी।
डेविड वॉर्नर
ऑस्ट्रेलियाई बाएं हाथ के इस बल्लेबाज को भला कैसे कम आंका जा सकता है। सहवाग के साथ तो इनकी जोड़ी दिल्ली डेयरडेविल्स में खूब जमी है। दोनों के खेलने का तरीका एक जैसा हैं। पारी की शुरुआत से ही गेंदबाजों की लय बिगाड़ना सहवाग और वॉर्नर की बल्लेबाजी की छवि को दर्शाता हैं।
| मैच | रन | औसत | स्ट्राइक-रेट | 
| 57 | 1456 | 28.54 | 132.84 | 
वॉर्नर ने दिल्ली के लिए 57 मैचों में 133 के स्ट्राइक रेट से 1456 रन बनाये है। पूर्व ऑस्ट्रलियाई बल्लेबाज एडम गिलक्रिस्ट की तरह खेलने वाले वॉर्नर वर्तमान समय के सबसे ताबड़तोड़ ओपनरों में से एक माने जाते हैं। इसीलिए दिल्ली की ऑल टाइम एकादश में वॉर्नर को सलामी बल्लेबाज के रूप में देखा जा सकता हैं। मिडिल ऑर्डर गौतम गंभीर
भारतीय टीम के लिए 2007 टी20 विश्व कप के फ़ाइनल में खेली गौतम गंभीर की 75 की पारी को भला कौन भूल सकता है। दिल्ली के लिए खेले गंभीर को वहां के फैंस कैसे भूल सकते हैं? गंभीर घरेलू स्तर पर भी दिल्ली के लिए खेलते हैं। बहरहाल, आईपीएल में दिल्ली डेयरडेविल्स के लिए उन्होंने 44 मैचों में शिरकत करते हुए 123 के स्ट्राइक रेट से 1115 रन बनाये हैं। गंभीर भारत और दिल्ली डेयरडेविल्स के शानदार बल्लेबाजों में से एक रहे हैं। वह फ़िलहाल अभी कोलकाता नाइटराइडर्स का नेतृत्व कर चुके हैं और अपनी कप्तानी में 2 बार उसे आईपीएल का चैंपियन बना चुकें हैं।
| मैच | रन | औसत | स्ट्राइक-रेट | 
| 44 | 1115 | 28.58 | 122.52 | 
दिल्ली के इस बल्लेबाज को सहवाग और वार्नर के ओपनिंग के बाद नम्बर 3 पर ऑल टाइम इलेवन में बल्लेबाजी करता हुआ हर कोई देखना पसंद करेगा।
केविन पीटरसन
इंग्लैंड के शानदार बल्लेबाजों में से एक केविन पीटरसन को हम दिल्ली के लिए नम्बर 4 पर रखते हैं। पीटरसन ने दिल्ली के लिए आईपीएल सत्र 2012 से 2014 तक खेला हैं। इसी दौरान पीटरसन ने दिल्ली के लिए महज 23 मैच खेले और 38 की शानदार औसत से 672 रन बनाये हैं।
| मैच | रन | औसत | स्ट्राइक-रेट | 
| 23 | 672 | 37.33 | 131.50 | 
हम सभी जानते हैं कि पीटरसन इंग्लैंड की तरफ से वन-डे और टेस्ट मैचों में शानदार खेल दिखा चुके हैं। दुनिया भर में आयोजित हर टी 20 लीग में पीटरसन खेलते नजर आते हैं। पीटरसन ने दिल्ली की तरफ से शानदार शतक भी लगाया हुआ हैं। दिल्ली की ऑल टाइम इलेवन में पीटरसन को मिडिल आर्डर में रखना टीम की शोभा को बढ़ाएगा।
विकेट कीपर बल्लेबाज दिनेश कार्तिक
दिल्ली डेयरडेविल्स के लिए 4 साल आईपीएल क्रिकेट खेलने वाले दिनेश कार्तिक को विकेटकीपर बल्लेबाज के रूप में शामिल किया जा सकता हैं। तमिलनाडु के इस ख़िलाड़ी ने भारत के लिए भी काफी क्रिकेट खेला है, लेकिन धोनी की उपस्थिती में वो अंतरराष्ट्रीय स्तर पर वह मुकाम हासिल नहीं कर सके, जिसके लिए वह जाने जाते थे। कार्तिक को हमेशा धोनी के बैकअप के रूप में टीम में शामिल किया गया, लेकिनं घरेलू स्तर पर उन्होंने हमेशा अपने आपको एक बेहतरीन ख़िलाड़ी के रूप दर्शाया हैं। दिल्ली के लिए कार्तिक ने बल्लेबाजी में अपनी प्रतिभा के साथ खेल को खेला हैं, लेकिन उनके शानदार विकेटकीपर होने की वजह से भी दिल्ली की ऑल टाइम इलेवन में वह जगह पाने के हकदार हैं। कार्तिक ने दिल्ली की तरफ से 60 मैच खेले और केवल सहवाग व वॉर्नर से कम ही 1126 रन बनाये हैं।
| मैच | रन | औसत | स्ट्राइक-रेट | 
| 60 | 1128 | 25.06 | 126.03 | 
जे पी डुमिनी
बाएं हाथ के दक्षिण अफ़्रीकी बल्लेबाज जेपी डुमिनी ने दिल्ली डेयरडेविल्स की तरफ से 38 मैच खेल चुके हैं। दिल्ली के लिए वह मिडिल ऑर्डर के बेहतरीन बल्लेबाज हैं। हालांकि डुमिनी का अंतर्राष्ट्रीय करियर उस मुकाम पर नहीं पहुंच पाया, उनको टेस्ट मैच में संघर्ष करना पड़ा, लेकिन वन-डे और टी20 मैच में जब भी डुमिनी का बल्ला चलता हैं तो वह गेंदबाजों की लय बिगाड़ देते हैं।
| मैच | रन | औसत | स्ट्राइक-रेट | 
| 38 | 1015 | 44.13 | 130.79 | 
44 की औसत से डुमिनी ने दिल्ली डेयरडेविल्स के लिए 1015 रन बनाये हैं, जिसमे 130 का शानदार स्ट्राइक रेट शामिल हैं। इससे डुमिनी की काबिलियत का पता चलता हैं कि वो लम्बे और बड़े शॉट्स खेलने के लिए माहिर हैं। बल्लेबाजी के साथ डुमिनी पार्ट टाइम गेंदबाजी भी करते हैं। डुमिनी आईपीएल 10 में अपने निजी कारणों से नहीं खेल रहे हैं। लेकिन दिल्ली की ऑल टाइम इलेवन में मिडिल ऑर्डर के लिए वह उपयुक्त खिलाड़ी हैं। अमित मिश्रा
भारतीय टीम के सबसे अनुभवी लेग स्पिनर्स में से एक अमित मिश्रा ने दिल्ली डेयरडेविल्स के लिए अपनी जगह एक दिग्गज ख़िलाड़ी के रूप स्थापित की है। जब कभी भी उन्हें दिल्ली डेयरडेविल्स या फिर भारत के लिए खेलना का मौका मिलता हैं, वह उस मौके पर शानदार प्रदर्शन करते हैं। अमित मिश्रा ने मलिंगा के बाद आईपीएल इतिहास में सर्वाधिक विकेट अपने खाते में दर्ज किये हुए हैं।आईपीएल इतिहास में सबसे ज्यादा हेट्रिक (तीन बार) भी मिश्रा के नाम दर्ज हैं। मिश्रा दिल्ली डेयरडेविल्स के लिए अभी तक 63 मैच खेल चुके हैं और उन्होंने 22 की औसत से 71 विकेट लिए हैं।
| मैच | विकेट | औसत | इकॉनमी-रेट | 
| 63 | 71 | 22.78 | 7.28 | 
अमित मिश्रा को दिल्ली की ऑल टाइम इलेवन में एक स्पिनर के तौर पर जरुर शामिल किया जाना चाहिए।
ज़हीर खान
दिल्ली डेयरडेविल्स के मौजूदा कप्तान ज़हीर खान भी दिल्ली की ऑल टाइम इलेवन सूची में शामिल होने के हकदार हैं। भारतीय टीम में ज़हीर का रुतबा दिग्गज गेंदबाजों में से एक है। उनकी गेंदबाजी की काबिलियत यह है कि वह गेंद को दोनों तरफ स्विंग करा सकते हैं। पुरानी गेंद से रिवर्स स्विंग कराने में ज़हीर को महारत हासिल है। पिछले सत्र में ज़हीर की कप्तानी ने दिल्ली डेयरडेविल्स ने युवा खिलाड़ियो के साथ बेहतरीन प्रदर्शन किया था। ज़हीर ने दिल्ली के लिए 21 मैच खेले हैं, जिसमें 24 की औसत और 7 के बेहतरीन इकॉनमी रेट से 22 विकेट अपने नाम किये हैं।
| मैच | विकेट | औसत | इकॉनमी-रेट | 
| 21 | 22 | 24.72 | 7.26 | 
उमेश यादव
मौजूदा भारतीय क्रिकेट टीम के बेहतरीन गेंदबाज उमेश यादव भी आईपीएल में दिल्ली डेयरडेविल्स का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। उमेश की लाइन लेंथ और बाउंसर ही उनकी गेंदबाजी की ताकत हैं। जब वह अपने पेस के साथ गेंदबाजी पर नियंत्रण रखते हैं तो किसी भी बल्लेबाज का मैदान पर टिक पाना मुश्किल होता है। उमेश यादव पिछले कुछ सत्र से कोलकाता की तरफ से खेल रहे, लेकिन उन्हें दिल्ली डेयरडेविल्स की ऑल टाइम इलेवन में उनका शामिल होना अनिवार्य होगा।
| मैच | विकेट | औसत | इकॉनमी-रेट | 
| 51 | 47 | 29.17 | 7.93 | 
उमेश ने डेयरडेविल्स की तरफ से 51 मैच खेलते हुए 47 विकेट अपने नाम किये हैं। 140 कि.मी की रफ़्तार से गेंदबाजी करना उमेश की ताकत और उनकी गेंदबाजी की काबिलियत को दर्शाता हैं।
आशीष नेहरा
भारतीय टीम के मौजूदा सबसे अनुभवी तेज गेंदबाज आशीष नेहरा दिल्ली डेयरडेविल्स के स्टार खिलाड़ियो में से एक हैं। शुरुआती दिनों में ही नेहरा ने अपने आप को भारत का सबसे बेहतरीन तेज गेंदबाज साबित किया था। मगर लगातार चोट के कारण टीम में न खेल पाना नेहरा के लिए काफी दुखद रहा। चोट के बाद मैदान में वापसी करना ही नेहरा की सबसे बड़ी ताकत साबित हुई। वह अब भारत के लिए केवल टी20 फोर्मेट में खेलते हैं। हालांकि, हाल ही में उन्होंने वन-डे खेलने की मंशा भी जाहिर की थी और चैंपियंस ट्रॉफी के लिए अपने आप को उपलब्ध भी बताया था। दिल्ली के लिए नेहरा ने 30 मैच खेले हैं और 22 की औसत से 36 विकेट चटकाए हैं। नेहरा दिल्ली डेयरडेविल्स के टॉप 5 गेंदबाजो में शामिल हैं।
| Matches | Wickets | Avg | Economy rate | 
| 30 | 36 | 22.88 | 7.41 | 
|  | 
मोर्ने मोर्कल
दक्षिण अफ्रीका के तेज गेंदबाज मोर्ने मोर्कल को दिल्ली की ऑल टाइम इलेवन में शामिल किया जाना गलत नहीं होगा। मोर्कल दक्षिण अफ्रीका के बेहद घातक गेंदबाजों में से एक हैं। किसी भी बल्लेबाज के लिए उनकी गेंदों का सामना कर पाना चुनौतीपूर्ण होता हैं। लम्बे कद के मोर्कल ने बाउंसर और यॉर्कर को अपनी गेंदबाजी की ताकत बनाया हैं। मोर्कल ने दिल्ली की तरफ से अभी तक तेज गेंदबाजो में सबसे ज्यादा विकेट लिए हैं। उन्होंने 41 मैचों में 51 विकेट लिए है वो भी 23 की शानदार औसत के साथ, मोर्कल को दिल्ली की ऑल टाइम इलेवन में शामिल करना टीम की गेंदबाजी और टीम को मजबूती प्रदान करेगा।
| मैच | विकेट | औसत | इकॉनमी-रेट | 
| 41 | 51 | 23.31 | 7.52 | 
