नीरज चोपड़ा ने डायमंड लीग में रचा इतिहास, हरभजन सिंह ने दी बधाई 

Ankit
Athletissima - Lausanne: 2022 Diamond League
Athletissima - Lausanne: 2022 Diamond League

भारत के स्टार जेवलिन थ्रोअर नीरज चोपड़ा (Neeraj Chopra) ने एक और बड़ा कारनामा कर दिया है। उन्होंने बीते शुक्रवार को लुसाने में आयोजित हुई डायमंड लीग में पहला स्थान हासिल किया है। टोक्यो ओलंपिक में स्वर्ण जीतने वाले नीरज ने 89.08 मीटर के अपने सर्वश्रेष्ठ थ्रो के साथ शीर्ष स्थान हासिल किया। इसके साथ ही शुभकामनाओं का दौर जारी है। इस बीच पूर्व भारतीय स्पिनर हरभजन सिंह (Harbhajan Singh) ने नीरज की जमकर तारीफ की है।

हरभजन ने अपने ट्विटर अकॉउंट पर लिखा, 'नीरज द्वारा इतिहास बनाया गया है। वह लुसाने लेग जीतकर डायमंड लीग मीटिंग में जीतने वाले पहले भारतीय बन गए हैं। हार्दिक बधाई और आप भविष्य में ऐसी और उपलब्धियां हासिल करो।'

ओलंपिक चैंपियन नीरज डायमंड लीग की किसी भी मीट में पहला स्थान हासिल करने वाले भारत के पहले एथलीट बने हैं। उनसे पहले डिस्कस थ्रोअर विकास गौड़ा डायमंड लीग की मीट में टॉप-3 में रहने वाले एकमात्र भारतीय थे। गौड़ा 2012 में न्यूयॉर्क में और 2014 में दोहा में दूसरे स्थान पर रहे थे। इसके अलावा गौड़ा 2015 में शंघाई और यूजीन दो मौकों पर तीसरे स्थान पर रहे थे।

ओलंपिक गोल्ड जीत चुके हैं नीरज

नीरज ओलंपिक में एथलेटिक्स वर्ग में स्वर्ण जीतने वाले इकलौते भारतीय हैं। इसके अलावा वह जैवलिन थ्रो में नेशनल रिकॉर्ड होल्डर भी हैं। उन्होंने 89.94 मीटर के थ्रो के साथ अपने ही नेशनल रिकॉर्ड को बेहतर किया था। नीरज हाल ही में आयोजित हुए राष्ट्रमंडल खेलों में हिस्सा नहीं ले सके थे। उन्होंने चोट के कारण अपना नाम वापस ले लिया था। गौरतलब हो की नीरज ने पिछले महीने वर्ल्ड एथलेटिक्स चैंपियनशिप में रजत पदक जीता था। उस प्रतियोगिता के दौरान ही वह चोटिल हो गए थे और बर्मिंघम खेलों से पीछे हट गए थे। हालांकि, उन्होंने चोट से रिकवरी करने के बाद अब दमदार वापसी की है।

Quick Links