हरभजन सिंह ने अपने शहर में 5 हजार गरीब परिवार वालों को राशन देने का किया ऐलान

Image: Twitter
Image: Twitter

भारतीय टीम के स्पिन गेंदबाज हरभजन सिंह जो बीते कुछ दिनों से लगातार अपने फैंस के निशाने पर थे। उन्होंने अपने शहर जालंधर में 5 हजार जरूरतमंद लोगों को राशन देने का वादा किया है। भारत में कोरोना वायरस के बढ़ते असर को कम करने के लिए 14 अप्रैल तक का लॉक डाउन है। ऐसे में वो लोग जो दिहाड़ी मजदूर हैं वो इस लॉक डाउन से काफी परेशान हैं। इतना ही नहीं इन लोगों के खाने के भी लाले पड़े हुए हैं। ऐसे में लगातार लोग सामने आ रहे हैं और वो इस दौरान जरूरतमंद लोगों की मदद कर रहे हैं।

हरभजन सिंह ने बताया है कि वो और उनकी पत्नी जालंधर में रहने वाले 5000 गरीब परिवारों को राशन देंगे, जो इस समय लॉकडाउन की वजह से खाने-पीने की चीजों तक के लिए संघर्ष कर रहे हैं। हरभजन सिंह ने कहा कि इस मुश्किल वक्त में अपने शहर के लोगों की मदद करने की कोशिश कर रहे हैं।

ये भी पढ़ें : 15 साल बाद भी आशीष नेहरा को है मैच के दौरान महेंद्र सिंह धोनी को गाली देने पर मलाल

बता दें, हरभजन सिंह अभी मुंबई में हैं। ऐसे में जब उनसे सवाल पूछा गया कि वो कैसे इसे मैनेज कर पाएंगे तो उन्होंने बताया कि उन्होंने अपने करीबी दोस्तों और जालंधर के डीसी से बात की हैं और मेरे मित्र उनके कहने के मुताबिक इस काम को अंजाम देंगे। वहीं उन्होंने कहा कि वो स्थिति सामान्य होने तक जरूरतमंद लोगों को राशन देते रहेंगे। वहीं हरभजन सिंह के अलावा भी कई बड़े चेहरों ने अपने-अपने हिसाब से जरूरतमंद लोगों की मदद की है और साथ ही पीएम राहत कोष में भी पैसे दान किए हैं।

हरभजन सिंह को भारतीय फैंस ने जमकर ट्रोल किया था। जब उन्होंने शाहिद अफरीदी के एनजीओ की मदद के लिए एक वीडियो संदेश जारी किया था। भज्जी ने अपनी इस वीडियो में लोगों से अपील की थी वो अफरीदी के एनजीओ की मदद करें, जो पाकिस्तान में जरूरतंद लोगों की सहायता कर रहे हैं।

Quick Links

Edited by Naveen Sharma