ICC Champions Trophy 2017: शिखर धवन ने शतक के साथ-साथ लगाई कीर्तिमानों की झड़ी

भारतीय क्रिकेट टीम के दाएं हाथ के सलामी बल्लेबाज़ शिखर धवन ने आज एकदिवसीय अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट में कई नए कीर्तिमान हासिल किए हैं, जहां उन्होंने आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी में श्रीलंका के खिलाफ 125 रनों की शतकीय पारी खेली, वहीँ उन्होंने अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट में भारतीय टीम की तरफ से इतिहास रच दिया। आपको बता दें कि आईसीसी के किसी भी 50-50 ओवरों के बड़े टूर्नामेंट में शिखर धवन ने आज पांचवां शतक जमाया, वहीँ आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी में शिखर धवन का यह तीसरा शतक है। इतना ही नहीं शिखर धवन एकदिवसीय अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट इतिहास में सबसे कम (77 पारियों) में 10 शतक जमाने वाले तीसरे बल्लेबाज़ भी बन गए हैं। उनसे आगे दक्षिण अफ्रीका के हाशिम अमला (57 पारी) और डी कॉक (55 पारी) हैं। आज शिखर धवन ने रोहित शर्मा के साथ मिलकर किसी भी आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी में चौथी बार शतकीय साझेदारी निभाई है। आपको बता दें कि शिखर धवन आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी में सबसे तेज़ 500 रन पूरे करने वाले बल्लेबाज़ भी बन गए हैं। इस कारनामे को पूरा करने के लिए उन्होंने 7 पारियों का सहारा लिया है। भारत की तरफ से इंग्लैंड में सबसे ज़्यादा शतक जमाने वाले महान बल्लेबाज़ सचिन तेंदुलकर हैं। उन्होंने इंग्लैंड में 3 शतक जमाए हैं, वहीँ शिखर धवन अब सचिन तेंदुलकर की भी बराबरी कर चुके हैं। आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी में सबसे ज़्यादा शतक लगाने वाले दक्षिण अफ्रीका के पूर्व धाकड़ बल्लेबाज़ हर्षल गिब्स (3) और वेस्टइंडीज के विस्फोटक बल्लेबाज़ क्रिस गेल (3) की भी शिखर धवन ने बराबरी करली है। क्रिकेट जगत में टीम इंडिया के "गब्बर" नाम से लोकप्रिय शिखर धवन ने आज श्रीलंका के गेंदबाजों की जमकर पिटाई लगाते हुए 128 गेंदों में 125 रनों की बेहतरीन पारी खेली, जिसमें उन्होंने 15 चौके और एक गगनचुम्बी छक्का जमाया। शिखर धवन के इस शानदार शतक की बदौलत टीम इंडिया ने श्रीलंका के सामने 322 रनों का विशाल लक्ष्य रखा। उन्होंने रोहित शर्मा (78) के साथ मिलकर पहले विकेट के लिए 138 रन जोड़े। इससे पहले भी इन दोनों ने पाकिस्तान के खिलाफ आखिरी मुकाबले में पहले विकेट के लिए 136 रनों की साझेदारी निभाई थी।