भारतीय टीम के सलामी बल्लेबाज रोहित शर्मा को आने वाले आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी के लिए उप कप्तान नियुक्त किया जा सकता है। स्पोर्ट्सकीड़ा के सूत्रों के मुताबिक भारतीय क्रिकेट बोर्ड ने डेक्कन क्रॉनिकल से कहा कि अभी आधिकारिक तौर पर भारतीय टीम के लिए उपकप्तान की नियुक्ति नहीं की गई है लेकिन रोहित शर्मा इस पद के लिए हमारे सबसे पहले विकल्प होंगे। रोहित शर्मा उपकप्तान की भूमिका को बखूबी निभा सकते हैं। बीसीसीआई ने आगे कहा कि चयनकर्ताओं ने उप कप्तान का नाम घोषित नहीं किया है। हमने विराट कोहली को ही कप्तानी के लिए चुना है। अगर उपकप्तान की जरूरत होती है तो हम जल्द से उपकप्तान के नाम की घोषणा भी जरुर कर देंगे।
बीसीसीआई और आईसीसी के बीच काफी गहमा गहमी के बाद भारतीय टीम को चैंपियंस ट्रॉफी के लिए भेजा गया है। अंतिम के दिनों में प्रबंधक समिति के आदेश पर भारतीय टीम का की घोषणा की गई थी। 15 सदस्यों वाली भारतीय टीम की कमान विराट कोहली के हाथ में दी गई, लेकिन उप कप्तानी का पद खाली रखने पर विचार बनाये रखा। चयन के समय यह कयास लगाये जा रहे थे कि अजिंक्य रहाणे और रविचंद्रन आश्विन इस भूमिका के लिए सबसे आगे होंगे और भारत की उपकप्तानी करते नजर आ सकते हैं।
रोहित शर्मा की कप्तानी में मुंबई इंडियंस की टीम ने इंडियन प्रीमियर लीग का तीसरा ख़िताब अपने नाम किया है। रोहित ने टीम के लिए बल्लेबाजी के साथ कप्तानी में भी अहम किरदार निभाया है। आईपीएल में रोहित की कप्तानी को देखते हुए उनको भारतीय टीम के टी20 फॉर्मेट के लिए कप्तानी देने की खबरे सामने आने लगी थी। रोहित ने भी भारतीय टी20 टीम की कप्तानी के बारे में कहा था "अगर उनको यह मौका मिलता है, तो वह इस मौके को बखूबी निभाना चाहेंगे।" भारतीय टीम की कप्तानी की राह अभी रोहित से दूर ही नजर आती है लेकिन वह उप कप्तानी की जिम्मेदारी अच्छे से निभा सकते हैं।
आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी की शुरुआत 1 जून से इंग्लैंड में होनी है। भारत का पहला मैच पाकिस्तान से 4 जून को होगा। प्रमुख चयनकर्ता एमएसके प्रशाद और देवांग गाँधी भारतीय टीम के साथ इंग्लैंड रवाना होंगे जबकि सरनदीप सिंह भारत में ही रहेंगे। भारतीय टीम ने 2013 में चैंपियंस ट्रॉफी का ख़िताब अपने नाम किया था।
Published 24 May 2017, 19:17 IST