ICC एकदिवसीय गेंदबाजी रैंकिंग: ट्रेंट बोल्ट पहले स्थान पर पहुंचे, अक्षर पटेल के पास टॉप 10 में आने का मौका

25 सितम्बर से 12 अक्टूबर के बीच 16 एकदिवसीय अंतर्राष्ट्रीय खेले गए और आईसीसी ने भारत-न्यूजीलैंड सीरीज से पहले गेंदबाजों की हालिया रैंकिंग जारी कर दी है। वेस्टइंडीज के सुनील नारेन को पीछे छोड़कर न्यूजीलैंड के ट्रेंट बोल्ट अब पहले स्थान पर पहुँच गये हैं। इसके अलावा पांचवें स्थान पर न्यूजीलैंड के मैट हेनरी मौजूद हैं और एकदिवसीय सीरीज से पहले भारत के लिए ये अच्छी खबर नहीं है। भारत का कोई भी गेंदबाज टॉप 10 में शामिल नहीं है, हालांकि टॉप 20 में भारत से तीन गेंदबाज मौजूद हैं। टॉप 10 में सुनील नारेन अब एक स्थान के नुकसान से दूसरे और दक्षिण अफ्रीका के इमरान ताहिर दो स्थान के फायदे से तीसरे स्थान पर पहुँच गये हैं। इस वजह से मिचेल स्टार्क चौथे स्थान पर चले गए हैं। शकीब अल हसन अब छठे स्थान पर हैं और मैट हेनरी ने टॉप 5 में उनकी जगह ली। इंग्लैंड के आदिल रशीद तीन स्थान के फायदे से अब सातवें स्थान पर हैं और दक्षिण अफ्रीका के कगिसो रबाडा एक स्थान के नुकसान से आठवें स्थान पर चले गए हैं। बांग्लादेश के कप्तान मशरफे मोर्तज़ा 6 स्थान के और अफ़ग़ानिस्तान के मोहम्मद नबी 12 स्थान के जबरदस्त फायदे से क्रमशः नौवें और दसवें में पहुँच गए हैं। दक्षिण अफ्रीका के डेल स्टेन और मोर्ने मोर्कल अब टॉप 10 से बाहर हो गये हैं। स्टेन 11वें और मोर्कल 12वें स्थान पर हैं। भारत से रविचन्द्रन अश्विन 13वें और अक्षर पटेल 14वें स्थान पर हैं। हालांकि न्यूजीलैंड के खिलाफ अश्विन शुरुआती तीन एकदिवसीय मैचों में नहीं खेलेंगे और इसी वजह से अक्षर पटेल के पास टॉप 10 में आने का बेहतरीन मौका है। भुवनेश्वर कुमार दो स्थान के फायदे से 18वें स्थान पर पहुँच गए हैं। टॉप 50 में भारत की तरफ से 26वें स्थान पर रविन्द्र जडेजा, 37वें स्थान पर अमित मिश्रा, 42वें स्थान पर उमेश यादव और 49वें स्थान पर मोहित शर्मा मौजूद हैं। अफ़ग़ानिस्तान के मीरवाईस अशरफ 4 और ऑस्ट्रेलिया के जॉन हेस्टिंग्स 6 स्थान के फायदे से टॉप 20 में पहुँच गए हैं। पाकिस्तान के मोहम्मद इरफ़ान को 4 और इंग्लैंड के मोइन अली एवं क्रिस वोक्स को दो-दो स्थान का नुकसान हुआ है। टॉप 20 से बाहर दक्षिण अफ्रीका के काइल एबोट 16 स्थान के फायदे से 22वें, पाकिस्तान के वहाब रियाज़ 12 स्थान के फायदे से 39वें, अफ़ग़ानिस्तान के राशिद खान 33 स्थान के फायदे से 43वें, दक्षिण अफ्रीका के आरोन फन्गिसो 5 स्थान के फायदे से 52वें, इंग्लैंड के बेन स्टोक्स 3 स्थान के फायदे से 56वें, ऑस्ट्रेलिया के एडम ज़म्पा 6 स्थान के फायदे से 58वें और पाकिस्तान के इमाद वसीम 6 स्थान के फायदे से 70वें स्थान पर पहुँच चुके हैं। ऑलराउंडरों की रैंकिंग में शकीब अल हसन अभी भी टॉप पर हैं। टॉप 10 में भारत से सिर्फ रविन्द्र जडेजा छठे स्थान पर मौजूद हैं। एंजेलो मैथ्यूज दूसरे और मोहम्मद नबी तीसरे स्थान पर हैं। ऑस्ट्रेलिया के जेम्स फॉकनर चौथे और मिचेल मार्श पांचवें स्थान पर हैं। इंग्लैंड के मोइन अली सातवें और बेन स्टोक्स 10वें स्थान पर हैं। न्यूजीलैंड के कोरी एंडरसन आठवें और ऑस्ट्रेलिया की टीम से बाहर चल रहे ग्लेन मैक्सवेल नौवें स्थान पर हैं। टॉप 10 गेंदबाज:

रैंक प्लेयर पॉइंट्स
1 ट्रेंट बोल्ट 731
2 सुनील नारेन 725
3 इमरान ताहिर 712
4 मिचेल स्टार्क 690
5 मैट हेनरी 675
6 शकीब अल हसन 660
7 आदिल रशीद 655
8 कगिसो रबाडा 628
9 मशरफे मोर्तज़ा 623
10 मोहम्मद नबी 619