भारत और न्यूजीलैंड के बीच 5 एकदिवसीय मैचों की सीरीज के बाद आईसीसी ने हालिया एकदिवसीय टीम रैंकिंग जारी कर दी है। भारत ने इस सीरीज में न्यूजीलैंड को 3-2 से हराया और एक बार फिर कीवी टीम भारत में सीरीज नहीं जीत पाई। हालांकि भारत को इस सीरीज जीत से सिर्फ 1 अंक का फायदा हुआ और टीम अभी भी रैंकिंग में चौथे स्थान पर है। न्यूजीलैंड की टीम अभी भी तीसरे ही स्थान पर है लेकिन उन्हें सीरीज हारने से एक अंक का नुकसान हुआ। भारत अगर इस सीरीज को 4-1 या 5-0 से जीतती, तो फिर वो कीवी टीम को पीछे छोड़कर तीसरे स्थान पर पहुँच जाती। सीरीज से पहले भारत के 110 अंक थे और अब उनके 111 अंक हैं। न्यूजीलैंड की टीम के सीरीज से पहले 113 अंक थे जो अब 112 हो गए हैं। ऑस्ट्रेलिया अभी भी 118 अंकों के साथ पहले स्थान पर बरक़रार है और उनके बाद 116 अंकों के साथ दक्षिण अफ्रीका मौजूद है। इंग्लैंड पांचवें, श्रीलंका छठे, बांग्लादेश सातवें, पाकिस्तान आठवें और वेस्टइंडीज नौवें स्थान पर बरकरार है। अफ़ग़ानिस्तान 10वें, ज़िम्बाब्वे 11वें और आयरलैंड 12वें स्थान पर है। आने वाले समय में श्रीलंका, ज़िम्बाब्वे और वेस्टइंडीज के बीच त्रिकोणीय श्रृंखला खेली जानी है लेकिन उस सीरीज के मैचों से रैंकिंग पर कोई ख़ास प्रभाव नहीं पड़ेगा। दिसम्बर के पहले हफ्ते में ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड के बीच तीन मैचों की चैपल-हैडली सीरीज खेली जाएगी और अगर न्यूजीलैंड की टीम उस सीरीज के तीनों मैच जीत जाएगी तो ऑस्ट्रेलिया पहले स्थान से हटकर दूसरे स्थान पर पहुँच जाएगी। न्यूजीलैंड की टीम ऐसी स्थिति में ऑस्ट्रेलिया के बराबर अंकों पर पहुँच जाएगी। भारतीय टीम को अगली एकदिवसीय सीरीज जनवरी में इंग्लैंड के खिलाफ खेलना है और तब तक भारतीय टीम को रैंकिंग में तभी फायदा होगा जब ऑस्ट्रेलिया चैपल हैडली सीरीज जीत ले। एकदिवसीय टीम रैंकिंग:
रैंक | टीम | पॉइंट्स |
1 | ऑस्ट्रेलिया | 118 |
2 | दक्षिण अफ्रीका | 116 |
3 | न्यूजीलैंड | 112 |
4 | भारत | 111 |
5 | इंग्लैंड | 107 |
6 | श्रीलंका | 101 |
7 | बांग्लादेश | 95 |
8 | पाकिस्तान | 89 |
9 | वेस्टइंडीज | 88 |
10 | अफ़ग़ानिस्तान | 52 |
11 | ज़िम्बाब्वे | 46 |
12 | आयरलैंड | 42 |