दक्षिण अफ्रीका की टीम ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ आगामी पांच एकदिवसीय मैचों की सीरीज में जीत हासिल करके आईसीसी एकदिवसीय रैंकिंग में दूसरे स्थान पर पहुँच सकती है। ऑस्ट्रेलिया की टीम फिलहाल टॉप पर मौजूद हैं और उनके स्थान को अभी कोई खतरा नहीं है। आगामी 25 सितम्बर से 12 अक्टूबर के बीच में कुल मिलाकर 16 एकदिवसीय अंतर्राष्ट्रीय खेले जाएंगे और इससे रैंकिंग में काफी असर पड़ने की संभावनाएं हैं। बांग्लादेश और अफ़ग़ानिस्तान के बीच 25 सितम्बर से तीन मैचों की एकदिवसीय सीरीज खेली जाएगी। इसके अलावा आयरलैंड की टीम दक्षिण अफ्रीका और ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 1-1 एकदिवसीय मैच खेलेगी। इसके बाद दक्षिण अफ्रीका पांच एकदिवसीय मैचों के लिए ऑस्ट्रेलिया की मेजबानी करेगा। इंग्लैंड की टीम बांग्लादेश में तीन एकदिवसीय और वेस्टइंडीज की टीम यूएई में पाकिस्तान के विरुद्ध तीन एकदिवसीय मैचों की सीरीज खेलेगी। अभी ऑस्ट्रेलिया की टीम 124 अंकों के साथ पहले स्थान पर है। उसके बाद 113 अंकों के साथ न्यूजीलैंड मौजूद है। भारत और दक्षिण अफ्रीका के 110 अंक हैं लेकिन दसम्लव की गणना के बाद भारत तीसरे स्थान पर मौजूद है। अगर दक्षिण अफ्रीका की टीम ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 3-2 से सीरीज जीत लेती है तो वो 112 अंकों के साथ तीसरे और अगर 4-1 से सीरीज जीत लेती है तो वो 114 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर पहुँच जाएगी। ऑस्ट्रेलिया की टीम अगर सीरीज के सभी मैच भी हार जाए तो भी वो पहले स्थान पर ही रहेंगे। बांग्लादेश की टीम अगर अपने घर में अफ़ग़ानिस्तान का वाइटवॉश करती है और उसके बाद इंग्लैंड को भी सीरीज में हराती है तो वो श्रीलंका से आगे छठे स्थान पर पहुँच जाएंगे। इंग्लैंड की टीम सीरीज जीतने या हारने, दोनों स्थिति में पांचवें स्थान पर ही रहेगी। वहीँ पाकिस्तान अगर तीन मैचों की सीरीज में वेस्टइंडीज का वाइटवॉश कर दे तो वो कैरिबियाई टीम से ऊपर आठवें स्थान पर पहुँच जाएंगे।
टीम रैंकिंग:
रैंक | टीम | पॉइंट्स |
1 | ऑस्ट्रेलिया | 124 |
2 | न्यूजीलैंड | 113 |
3 | भारत | 110 |
4 | दक्षिण अफ्रीका | 110 |
5 | इंग्लैंड | 107 |
6 | श्रीलंका | 101 |
7 | बांग्लादेश | 98 |
8 | वेस्टइंडीज | 94 |
9 | पाकिस्तान | 86 |
10 | अफ़ग़ानिस्तान | 49 |
11 | ज़िम्बाब्वे | 46 |
12 | आयरलैंड | 43 |