ICC रैंकिंग के टॉप 10 में यशस्वी जायसवाल और अक्षर पटेल की हुई एंट्री, शिवम दुबे ने भी लगाई जबरदस्त छलांग

(Photo Courtesy: BCCI)
(Photo Courtesy: BCCI)

आईसीसी ने हालिया रैंकिंग (ICC Ranking) अपडेट कर दी है। पिछले हफ्ते श्रीलंका-ज़िम्बाब्वे तीसरा वनडे और इनके बीच दो टी20 मैच भी खेले गए। इसके अलावा भारत-अफगानिस्तान और न्यूजीलैंड-पाकिस्तान के बीच दो-दो टी20 मुकाबले हुए। अपडेट में टी20 रैंकिंग में ही ज्यादातर बदलाव हुए हैं।

टी20 बल्लेबाजी रैंकिंग में भारत के सूर्यकुमार यादव पहले स्थान पर बने हुए हैं, जबकि यशस्वी जायसवाल ने सात स्थान के फायदे से टॉप 10 में एंट्री कर ली है और वह करियर के सर्वश्रेष्ठ छठे स्थान पर पहुँच गए हैं। वहीं, पाकिस्तान के बाबर आज़म भी एक स्थान के फायदे से चौथे स्थान पर हैं, जबकि दक्षिण अफ्रीका के एडेन मार्करम एक स्थान के नुकसान से पांचवें स्थान पर खिसक गए हैं। इसके अलावा राइली रूसो, इंग्लैंड के जोस बटलर, ऋतुराज गायकवाड़ और रीजा हेंड्रिक्स को एक-एक स्थान का नुकसान हुआ है, ये सभी क्रमशः सातवें, आठवें, नौवें और दसवें स्थान पर हैं।

टॉप 10 के बाहर भारत के शुभमन गिल सात स्थान के फायदे से 60वें, तिलक वर्मा तीन स्थान के फायदे से संयुक्त 61वें और शिवम दुबे 207 स्थान के जबरदस्त फायदे से 58वें स्थान पर पहुंच गए हैं। अफगानिस्तान के नजीबुल्लाह जादरान एक स्थान के फायदे से 46वें और मोहम्मद नबी दो स्थान के फायदे से 54वें स्थान पर हैं। न्यूजीलैंड के फिन एलन 11 स्थान के फायदे से 16वें, डैरिल मिचेल नौ स्थान के फायदे से 37वें और केन विलियमसन 13 स्थान के फायदे से 59वें और पाकिस्तान के फखर ज़मान 14 स्थान के फायदे से 81वें स्थान पर पहुँच गए हैं।

Axar Patel
Axar Patel

गेंदबाजी रैंकिंग में इंग्लैंड के आदिल रशीद अभी भी पहले स्थान पर हैं। वेस्टइंडीज के अकील हुसैन एक स्थान के फायदे से दूसरे, श्रीलंका के कप्तान वानिन्दु हसरंगा एक स्थान के फायदे से तीसरे और महीश तीक्षणा दो स्थान के फायदे से संयुक्त रूप से हसरंगा के साथ ही मौजूद हैं। भारत के अक्षर पटेल 12 स्थान के फायदे से अपने करियर के सर्वश्रेष्ठ पांचवें स्थान और ऑलराउंडर रैंकिंग में दो स्थान के फायदे से 16वें स्थान पर पहुँच गए हैं।

टॉप 10 के बाहर न्यूजीलैंड के टिम साउदी आठ स्थान के फायदे से 18वें, एडम मिल्ने 19 स्थान के फायदे से यूएई के अयान खान के साथ संयुक्त 47वें पर स्थान पर हैं, वहीं बेन सियर्स 47 स्थान के फायदे से टॉप 100 में पहुँच गए हैं। पाकिस्तान के हारिस रउफ दो स्थान के फायदे से दक्षिण अफ्रीका के एनरिक नॉर्खिया के साथ संयुक्त 14वें स्थान पर हैं।

Wanindu Hasaranga
Wanindu Hasaranga

वनडे गेंदबाजी रैंकिंग में दक्षिण अफ्रीका के केशव महाराज पहले स्थान पर हैं। वहीं, महीश तीक्षणा तीन स्थान के फायदे से टॉप 10 में आ गए हैं और मोहम्मद नबी के संयुक्त आठवें स्थान पर हैं। वानिन्दु हसरंगा 28 स्थान के फायदे से 40वें और ऑलराउंडर रैंकिंग में 15 स्थान के फायदे से 17वें स्थान पर पहुँच गए हैं।

Quick Links

App download animated image Get the free App now