ICC टेस्ट बल्लेबाजी रैंकिंग: चेतेश्वर पुजारा और अजिंक्य रहाणे को हुआ फायदा, टॉप 10 में तीन भारतीय बल्लेबाज

श्रीलंका-भारत कोलंबो टेस्ट और इंग्लैंड-दक्षिण अफ्रीका ओल्ड ट्रेफर्ड टेस्ट के बाद आईसीसी ने बल्लेबाजों की हालिया रैंकिंग जारी कर दी है। भारत की तरफ से श्रीलंका के खिलाफ दूसरे टेस्ट में शतक लगाने वाले चेतेश्वर पुजारा और अजिंक्य रहाणे को रैंकिंग में फायदा हुआ है और अब टॉप 10 में भारत की तरफ से तीन बल्लेबाज (पुजारा, कोहली और रहाणे) शामिल हैं। ऑस्ट्रेलिया के कप्तान स्टीव स्मिथ अभी भी पहले स्थान पर मौजूद हैं। चेतेश्वर पुजारा एक स्थान के फायदे से तीसरे और अजिंक्य रहाणे पांच स्थान के फायदे से छठे स्थान पर पहुंच गए हैं। इंग्लैंड के जॉनी बैर्स्टो दो स्थान के फायदे से सातवें और दक्षिण अफ्रीका के हाशिम अमला एक स्थान के फायदे से नौवें स्थान पर हैं। केन विलियमसन एक स्थान के नुकसान ने चौथे, अजहर अली दो स्थान के नुकसान से आठवें और डेविड वॉर्नर तीन स्थान के नुकसान से 10वें स्थान पर पहुंच गए हैं। विराट कोहली पांचवें स्थान पर बरकरार हैं। ओल्ड ट्रेफर्ड टेस्ट में फ्लॉप रहे दक्षिण अफ्रीका के क्विंटन डी कॉक टॉप 10 से बाहर होकर फ़िलहाल चार स्थान के नुकसान से 12वें स्थान पर हैं। टॉप 10 के बाहर भारत से केएल राहुल दो स्थान के फायदे से 11वें, शिखर धवन एक स्थान के फायदे से 38वें, ऋद्धिमान साहा चार स्थान के फायदे से 44वें, रविचंद्रन अश्विन पांच स्थान के फायदे से 48वें और रविन्द्र जडेजा नौ स्थान के फायदे से 51वें स्थान पर हैं। श्रीलंका के कुसल मेंडिस 10 स्थान के फायदे से 19वें, दिमुथ करुनारत्ने 13 स्थान के फायदे से 24वें और निरोशण डिकवेला 21 स्थान के जबरदस्त फायदे से 68वें स्थान पर हैं। इंग्लैंड के मोइन अली ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 75 रनों की बढ़िया पारी खेली थी और वो तीन स्थान के फायदे से अब 21वें स्थान पर हैं। टॉप 10 बल्लेबाज:

रैंक बल्लेबाज देश रेटिंग
1 स्टीव स्मिथ ऑस्ट्रेलिया 941
2 जो रूट इंग्लैंड 891
3 चेतेश्वर पुजारा भारत 888
4 केन विलियमसन न्यूजीलैंड 880
5 विराट कोहली भारत 813
6 अजिंक्य रहाणे भारत 776
7 जॉनी बैर्स्टो इंग्लैंड 772
8 अजहर अली पाकिस्तान 769
9 हाशिम अमला दक्षिण अफ्रीका 764
10 डेविड वॉर्नर ऑस्ट्रेलिया 759