अबू धाबी में हुए पाकिस्तान-वेस्टइंडीज दूसरे टेस्ट और चटगांव में हुए बांग्लादेश-इंग्लैंड पहले टेस्ट के बाद आईसीसी ने गेंदबाजों की हालिया रैंकिंग जारी कर दी है। वेस्टइंडीज के खिलाफ 10 विकेट लेकर मैन ऑफ़ द मैच रहने वाले यासिर शाह एक स्थान के फायदे से टॉप 5 में पहुँच गए हैं। भारत के रविचन्द्रन अश्विन अभी भी पहले स्थान पर हैं और उन्हें अभी कोई भी गेंदबाज चुनौती देता नहीं दिख रहा है। दक्षिण अफ्रीका के डेल स्टेन दूसरे और इंग्लैंड के जेम्स एंडरसन तीसरे स्थान पर हैं। स्टुअर्ट ब्रॉड को एक स्थान का नुकसान हुआ है और वो यासिर शाह के साथ संयुक्त पांचवें स्थान पर हैं। श्रीलंका के रंगना हेराथ चौथे स्थान पर हैं। उसके बाद टॉप 10 रैंकिंग में कोई बदलाव नहीं हुआ है। रविन्द्र जडेजा सातवें स्थान पर बरक़रार हैं। भारत से इसके अलावा कोई गेंदबाज टॉप 20 में भी शामिल नहीं है। श्रीलंका को ज़िम्बाब्वे में दो टेस्ट मैचों की श्रृंखला खेलनी है और हेराथ की निगाहें टॉप 2 में आने की होगी। टॉप 10 से बाहर बांग्लादेश के शकीब अल हसन को दो स्थान का फायदा हुआ और वो अब 15वें स्थान पर हैं। इंग्लैंड के क्रिस वोक्स दो स्थान के नुकसान से 20वें स्थान पर पहुँच गए हैं। टॉप 20 से बाहर इंग्लैंड के बेन स्टोक्स और मोइन अली को 4-4 स्थान का फायदा हुआ और वो क्रमशः 23वें और 27वें स्थान पर हैं। पाकिस्तान के राहत अली भी 4 स्थान के फायदे से 31वें स्थान पर पहुँच गए हैं। वेस्टइंडीज के शैनन गेब्रियल 10 स्थान के फायदे से 38वें स्थान पर पहुँच गए हैं। इंग्लैंड के खिलाफ पहले टेस्ट की पहली पारी में 6 विकेट लेने वाले मेहदी हसन मिराज़ अपने पहले टेस्ट के बाद ही रैंकिंग में सीधे 61वें स्थान पर पहुँच गए हैं। पाकिस्तान से वहाब रियाज़ और सोहैल खान को रैंकिंग में नुकसान हुआ है। ऑलराउंडरों की रैंकिंग में रविचन्द्रन अश्विन पहले स्थान पर अभी भी मौजूद हैं। शकीब अल हसन दूसरे और मोइन अली तीसरे स्थान पर मौजूद हैं। बेन स्टोक्स को रैंकिंग में फायदा हुआ और वो चौथे स्थान पर पहुँच गए हैं और इसी वजह से रविन्द्र जडेजा पांचवें स्थान पर पहुँच गये हैं। पाकिस्तान-इंग्लैंड तीसरे और बांग्लादेश-इंग्लैंड दूसरे टेस्ट के बाद रैंकिंग में बदलाव होने की संभावनाएं हैं। टॉप 10 गेंदबाज:
रैंक | गेंदबाज (देश) | पॉइंट्स |
1 | रविचंद्रन अश्विन (भारत) | 900 |
2 | डेल स्टेन (दक्षिण अफ्रीका) | 878 |
3 | जेम्स एंडरसन (इंग्लैंड) | 870 |
4 | रंगना हेराथ (श्रीलंका) | 831 |
5 | स्टुअर्ट ब्रॉड (इंग्लैंड) | 829 |
6 | यासिर शाह (पाकिस्तान) | 829 |
7 | रविन्द्र जडेजा (भारत) | 805 |
8 | मिचेल स्टार्क (ऑस्ट्रेलिया) | 792 |
9 | नील वैगनर (न्यूजीलैंड) | 731 |
10 | वर्नन फिलैंडर (दक्षिण अफ्रीका) | 723 |